आज संंतान सप्तमी पर लोलार्क कुंड में स्नान करेंगे निसंतान दंपत्ति, कहां से इस कुंड में आता है पानी?
Santan Saptami kab hai: आज संतान सप्तमी पर संतान की कामना के लिए दंपत्ति लोलार्क कुंड में स्नान करते हैं। साल में एक ही बार होता है स्नान

भदैनी के लोलार्क कुंड पर नि: संतान दंपतियों का स्नान बुधवार मध्यरात्रि से ही शुरू हो गया। कुंड में स्नान सूर्योदय बाद ही करने का विधान है लेकिन भीड़ का दबाव कम करने के लिए प्रशासन पिछले कुछ वर्ष से मध्यरात्रि के बाद से ही स्नान शुरू करवा दे रहा है। स्नान का क्रम 17 सितंबर की मध्यरात्रि तक चलेगा। स्नानार्थियों की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं।
एक सब्जी का करना होता है त्याग
लोलार्क कुंड में स्नान के लिए बुधवार पूर्वाह्न 11 बजे ही स्नानार्थियों की कतार भदैनी से सोनारपुरा तक पहुंच गई थी। इनमें स्थानीय से अधिक दूसरे जिलों के दंपतियों की संख्या दिखी। सोनारपुरा चौराहा से अस्सी के बीच रात तक भारी भीड़ जम गई थी। वहीं, दिन की शुरुआत धूप से हुई। गंगा स्नान करके कतार में लगे लोगों ने धूप का लाभ उठाया। बैरिकेडिंग पर अपने कपड़े सुखवाए। दोपहर में मौसम ने करवट ली। अचानक तेज वर्षा ने उनकी परीक्षा लेनी शुरू कर दी। जो तैयारी से आए थे, उन्होंने बैरिकेडिंग के भीतर ही अपने बरसाती निकाल लिए। बहुत से लोगों को धूप में सूखे कपड़ों से ही बचाव करना पड़ा। कुछ ऐसे भी थे, जो बरसाती को सड़क पर बिछाकर कतार में बैठे थे, उसी का इस्तेमाल बारिश से बचने के लिए किया। लोलार्क कुंड में स्नान के बाद दंपति आस्था और परंपरा के अनुसार किसी एक सब्जी का आजीवन परित्याग करते हैं। वहीं, कामना पूरी होने के बाद कुंड स्थित लोलार्क सूर्य एवं लोलार्केश्वर महादेव के प्रति कृतज्ञता जताने भी सैकड़ों दंपति पहुंचे हैं।
उल्का पिंड गिरने से बन गया था कुंड
पं. विष्णुपति त्रिपाठी के अनुसार भाद्रपद शुक्ल षष्ठी को लोलार्केश्वर महादेव के दर्शन मात्र से निःसंतान दंपतियों को संतान प्राप्ति होने की मान्यता है। इस बात का भी उल्लेख मिलता है कि सदियों पहले यहां एक बड़ा उल्कापिंड गिरा था। उससे कुंड बना। कालांतर में महारानी अहिल्याबाई होल्कर ने कुंड का सुंदरीकरण कराया।
जलस्रोत का नहीं पता
इस कुंड के जल स्रोत का पता नहीं है। जल की स्रोत न गंगा मइया हैं, न बारिश का पानी, इसलिए इस कुंड को स्थानीय लोग ‘पाताल लोक’ भी कहते हैं। स्कंद पुराण के ‘काशी खंड’ में लोलार्क कुंड की स्तुति की गई है। इसका उल्लेख शिवरहस्य, सूर्य पुराण और काशी दर्शन में भी है।
सीपी ने लोलार्क कुंड पर जांची व्यवस्थाएं
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार को लोलार्क कुंड का निरीक्षण किया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था पर दिशा-निर्देश दिए। सीपी ने श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास मार्गों, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था परखी। महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती, सहायता केंद्र बनाने, कुंड एवं आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने को कहा।

