रक्षा बंधन से पहले जान लें कौन है भद्रा? क्यों इस समय नहीं बांधी जाती है राखी
Why don't tie rakhi in bhadra: इस साल रक्षा बंधन पर भद्रा सूर्योदय से पहले ही समाप्त हो जाएगी। इसलिए राखी के त्योहार में किसी तरह की कोई अड़चन नहीं आएगी। लेकिन क्या आप जानते हैं कि भद्रा के समय राखी क्यों नहीं बांधी जाती है।

Bhadra me rakhi kyu nahi bandhte: हर साल सावन पूर्णिमा पर रक्षा बंधन का त्योहार मनाया जाता है। इस साल 28 अगस्त 2026 को रक्षा बंधन मनाया जाएगा। राखी का पर्व भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक माना जाता है। इस दिन बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी या रक्षा सूत्र बांधती हैं और उनकी लंबी आयु के साथ सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। बदले में भाई अपनी बहन को उम्र भर रक्षा का वचन और सामर्थ्यनुसार उपहार देते हैं। ज्योतिषाचार्यों का मत है कि राखी हमेशा शुभ मुहूर्त में ही बांधनी चाहिए। भद्रा काल में राखी बांधने से बचना चाहिए। क्या आप जानते हैं भद्रा क्या है और इस समय राखी क्यों नहीं बांधी जाती है।
भद्रा क्या है:
हिंदू पंचांग के अनुसार, भद्रा काल (करण) की एक खास स्थिति है, जिसे अशुभ माना जाता है। इस दौरान शुभ और मांगलिक कार्य जैसे विवाह, मुंडन, गृह प्रवेश आदि नहीं किए जाते हैं। पूर्णिमा तिथि के प्रारंभ होने से पहले भद्रा का विचार किया जाता है, ताकि रक्षा बंधन का त्योहार शुभ मुहूर्त में मनाया जा सके। पौराणिक कथाओं के अनुसार, भद्रा को सूर्य देव और उनकी पत्नी छाया की पुत्री और शनिदेव की बहन माना जाता है। भद्रा का स्वभाव क्रोधी बताया गया है। कहा जाता है कि भद्रा यज्ञ, हवन, पूजा-पाठ और धार्मिक कार्यों में बाधा डालती है और अड़चन पैदा करती है। कहा जाता है कि सूर्य भगवान भद्रा के स्वभाव से चिंतित होकर स्वयं ब्रह्मा जी के पास समाधान पूछने गए थे।
पंचांग का हिस्सा कैसे बनी भद्रा:
पौराणिक कथाओं के अनुसार, ब्रह्मा जी ने भद्रा के लिए कुछ खास काल यानी समय तय किए थे। इस दौरान ही भद्रा का प्रभाव रह सकता है। हर समय भद्रा के शुभ कार्यों में बाधा डालने की अनुमति नहीं थी। कहा जाता है कि भद्रा का जन्म यज्ञ और शुभ कार्यों में बाधा डालने वाले राक्षसों को रोकने के लिए हुआ था। लेकिन बाद में वह स्वयं कार्यों में अड़चन डालने लगीं। तब ब्रह्मा जी ने भद्रा को पंचांग के 'विष्टि करण' में स्थान दिया था। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, भद्रा अलग-अलग समय पर पृथ्वी, स्वर्ग और पाताल लोक में निवास करती है। मान्यता है कि जिस समय भद्रा का निवास पृथ्वी पर हो उस समय शुभ कार्यों से विशेष रूप से बचना चाहिए।
भद्रा काल में क्यों नहीं बांधी जाती है राखी:
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भद्रा को अशुभ और उग्र समय माना जाता है। भद्राकाल में किए गए कार्यों का बुरा परिणाम मिलता है या बाधाएं आती हैं। पौराणिक कथाओं के अनुसार, लंकापति रावण की बहन शूर्पणखा ने अपने भाई को भद्रा में राखी बांधी थी। जिसके कुछ समय बाद ही रावण का सर्वनाश हो गया था।
इस बार भद्रा का साया नहीं:
इस बार रक्षा बंधन पर भद्रा का साया नहीं रहेगा। भद्रा रक्षा बंधन के दिन सूर्योदय से पूर्व ही समाप्त हो जाएगी। इसलिए भद्रा की अड़चन के बिना पूरे दिन राखी का त्योहार मनाया जा सकेगा।

