
राहु-केतु किस हालात में चमकाते हैं भाग्य, कब बढ़ा देते हैं बेचैनी?
राहु-केतु को लेकर फैले डर की सच्चाई क्या है? जानिए कुंडली में इनके सही भाव और दशा से कैसे मिलती है अचानक सफलता, शोहरत और उन्नति।
राहु-केतु का नाम आते ही आमतौर पर लोगों के मन में डर, आशंका और नकारात्मकता भर जाती है। ज्यादातर लोग मान लेते हैं कि कुंडली में राहु या केतु की मौजूदगी जीवन में अचानक संकट, मानसिक तनाव और अस्थिरता लेकर ही आती है। लेकिन ज्योतिषशास्त्र की गहराई में जाकर देखें, तो यह धारणा अधूरी और कई बार पूरी तरह गलत भी साबित होती है। सच यह है कि राहु-केतु ऐसे ग्रह हैं जो इंसान को गिराते भी हैं और उसी गति से ऊपर उठाने की क्षमता भी रखते हैं।
राहु अतृप्त इच्छाओं और महत्वाकांक्षा का ग्रह
राहु को छाया ग्रह कहा जाता है, लेकिन इसकी शक्ति किसी भी दृश्य ग्रह से कम नहीं मानी जाती। राहु जिस भी भाव में बैठता है, उस भाव से जुड़े विषयों में इंसान को तीव्र इच्छा, लालसा और असंतोष देता है। व्यक्ति जितना भी हासिल कर ले, मन और ज्यादा पाने को बेचैन रहता है।
यही बेचैनी कई बार इंसान को मेहनत, जोखिम और नए रास्ते अपनाने के लिए प्रेरित करती है। ज्योतिष के अनुसार राहु भ्रम, दिखावे और मायाजाल का ग्रह है, जो व्यक्ति को बाहरी चमक-दमक की ओर खींचता है। गलत दशा में यह छल, गलत फैसले और मानसिक भ्रम का कारण बन सकता है, लेकिन अनुकूल दशा में यही राहु अचानक सफलता, ऊंचा पद, विदेशी संपर्क, तकनीक, मीडिया, राजनीति और ग्लैमर की दुनिया में बड़ा नाम दिला सकता है। कई सफल कारोबारी, नेता और सेलेब्रिटी की कुंडली में मजबूत राहु का प्रभाव साफ देखा जाता है।
केतु अलगाव, वैराग्य और आत्मबोध का मार्ग
जहां राहु भौतिक इच्छाओं को बढ़ाता है, वहीं केतु उनसे विरक्ति पैदा करता है। केतु जिस भाव में बैठता है, वहां व्यक्ति को किसी न किसी रूप में अलगाव, दूरी या अधूरापन महसूस हो सकता है। उदाहरण के तौर पर, सप्तम भाव में केतु वैवाहिक जीवन में भावनात्मक दूरी, गलतफहमियां या संबंधों में ठंडापन ला सकता है। लेकिन केतु को सिर्फ नकारात्मक ग्रह मानना भी बड़ी भूल है। यह आध्यात्मिक उन्नति, गहरी अंतर्दृष्टि, शोध, तंत्र, ज्योतिष और पूर्वजन्म के कर्मों के फल को उजागर करने वाला ग्रह है। अनुकूल स्थिति में केतु व्यक्ति को भौतिक मोह से ऊपर उठाकर आत्मज्ञान, ध्यान और मोक्ष की ओर ले जाता है।
सूर्य-चंद्र से संबंध क्यों है अहम
राहु-केतु को सूर्य और चंद्र के नोड्स माना जाता है, इसलिए इनका संबंध मन, अहंकार और भावनाओं पर गहरा असर डालता है। सूर्य के साथ राहु-केतु की युति व्यक्ति की पहचान, प्रतिष्ठा और आत्मविश्वास को प्रभावित करती है, जबकि चंद्र के साथ इनका संबंध मानसिक स्थिति, डर, भ्रम और इमोशनल उतार-चढ़ाव को बढ़ा सकता है।
किन भावों में बनता है सफलता योग
ज्योतिषशास्त्र के अनुसार 3, 6 और 11 भाव संघर्ष और उपलब्धियों से जुड़े होते हैं। इन भावों में क्रूर ग्रह भी कई बार शुभ फल देते हैं। ऐसे में राहु-केतु इन भावों में बैठकर शत्रुओं पर विजय, मुकदमों में सफलता, साहस, पराक्रम और बड़े लाभ के योग बना सकते हैं। कई बार यही स्थिति अचानक जीवन बदलने वाली सफलता का कारण बन जाती है।





