Quote of the Day: बार-बार मिल रही असफलता से हो गए हैं परेशान? ना भूलें स्वामी विवेकानंद की ये 4 बातें
करियर और बिजनेस में सफलता पाने के लिए आप स्वामी विवेकानंद की इन 4 बातों को जरूर अपनाएं। जानें ऐसी मोटिवेशनल बातें जो आपकी जिंदगी से नेगेटिविटी को खत्म करके आपको लक्ष्य की ओर लेकर जाएंगी। पढ़ें 13 अगस्त के लिए आज का सुविचार।

क्या आपको ऐसा बार-बार महसूस हो रहा है कि नौकरी में दिक्कत आ रही है? पहले जैसा कुछ भी नहीं रहा? मेहनत करने के बाद भी आपको वो नतीजा नहीं मिल पा रहा है जिसके आप हकदार हैं? अगर काम से बार-बार आपका मन भटक रहा है तो आपको स्वामी विवेकानंद की 4 बातें तो जेहन में डाल लेनी चाहिए। उनकी बताई गई ये 4 बातें आपको करियर में ही नहीं बल्कि जिंदगी में भी सही रास्ता दिखाने के लिए काफी है। स्वामी विवेकानंद ने अपनी पूरी जिंदगी मेहनत की और खुद पर भरोसा रखते हुए अपनी सोच को हमेशा सही और पॉजिटिव रखा। अगर उनकी बताई गई बातों पर अमल किया जाए जो जिंदगी में आगे बढ़ने से आपको कोई भी नहीं रोक सकता है।
1. ना करें नतीजों की चिंता
सबसे पहले तो आप अपने मन में ये बात गांठ बांध लें कि बार-बार रिजल्ट को नहीं सोचना है। आमतौर पर लोग किसी भी काम को शुरू करने से पहले उसके रिजल्ट के बारे में बार-बार सोचने लगते हैं। बार-बार मन में ये बात आना कि नौकरी मिलेगी या नहीं? नौकरी मिल गई तो बचेगी या नहीं? बच गई तो प्रमोशन होगा या नहीं? बिजनेस आगे बढ़ेगा या नहीं? ऐसी बातें अक्सर मन में आती हैं जो तनाव को बढ़ाने का भी काम करती हैं। ऐसे में धीरे-धीरे मन काम से उठने लगता है और पूरा फोकस बिगड़ता है। ऐसे में अपना काम ईमानदारी से करते रहें। मेहनत करें। हर वक्त रिजल्ट के बारे में ना सोचें।
2. एक समय में एक ही चीज पर फोकस
कई बार ज्यादा से ज्यादा पाने की चाह में हम एक साथ कई चीजें शुरू कर देते हैं जोकि सही तरीका नहीं है। एक समय में बस एक ही चीज पर फोकस करें। अगर आप एक साथ कई चीजें करने लगेंगे तो किसी एक काम पर पूरी तरह से अपना ध्यान नहीं लगा पाएंगे। स्वामी विवेकानंद ने हमेशा यही सीख दी है कि अपने लक्ष्य पर पूरी तरह से फोकस करें। पहले से ये प्लान करते हुए चलें कि आपको क्या चीज चाहिए और इसके बाद उसी चीज पर फोकस करते हुए मेहनत करें। रोज थोड़ा-थोड़ा उस चीज पर काम करते रहें।
3. खुद पर हमेशा रखें भरोसा
आप जिंदगी में कुछ भी करें आपको खुद पर भरोसा होना चाहिए कि आप हर चीज कर पाएंगे। अपने ऊपर विश्वास रखना आपकी आधी लड़ाई को पार कर ले जाएगा। अगर आप कुछ भी करने से पहले बार-बार सोचेंगे कि मुझसे शायद नहीं हो पाएगा या मुश्किल है तो आपके लिए किसी भी चीज की शुरुआत करना भी मुश्किल हो जाएगा। दूसरों की जर्नी से किसी भी तरह की तुलना ना करें। आपकी शुरुआत भले ही धीमे तरीके से हो लेकिन अगर आप खुद पर भरोसा रखते हुए रोज आगे बढ़ते जाएंगे तो आप लक्ष्य तक जरूर पहुंचेंगे।
4. पॉजिटिव रखें अपनी सोच
आपको ये समझना होगा कि हमारी सोच का असर काफी हद तक हमारे काम पर पड़ता है। अगर दिमाग में हर वक्त डर, चिंता और फालतू की नेगेटिव बातें आएंगी तो काम करना मुश्किल ही हो जाएगा। फालतू की बातों को सोचने की बजाय आप सिर्फ और सिर्फ अपने लक्ष्य पर ध्यान दें। हो सके तो शांत बैठें, मेडिटेशन करें। इससे आपका मन पॉजिटिव और हल्का होगा।


