पितृ दोष से हैं परेशान? शनिवार को पीपल के पास जरूर करें ये खास उपाय
शनिवार को पीपल के पेड़ के पास करें ये 4 आसान और अचूक उपाय, पितृ दोष से मिलेगी मुक्ति। सरसों के तेल का दीपक, हनुमान चालीसा पाठ और परिक्रमा से जाग उठेगा सोहा हुआ भाग्य।

पितृ दोष को लेकर ज्योतिष में कई तरह की मान्यताएं बताई गई हैं। कहा जाता है कि इससे जीवन में काम रुकने, आर्थिक परेशानी और मानसिक तनाव जैसी स्थितियां बनी रह सकती हैं। शनिवार का दिन पितरों और शनिदेव से जुड़े उपायों के लिए खास माना जाता है। इस दिन पीपल के पेड़ के पास कुछ आसान उपाय करने की परंपरा है। मान्यता है कि नियमित रूप से कम से कम 7 शनिवार तक इन उपायों को करने से पितरों का आशीर्वाद मिलता है और जीवन की परेशानियां कम होती हैं।
चौमुखी दीपक जलाएं
शनिवार की शाम सूर्यास्त के बाद पीपल के पेड़ के नीचे सरसों के तेल का चौमुखी दीपक जलाएं। दीपक जलाने के बाद अपने पितरों का स्मरण करें और उनसे सुख-शांति की प्रार्थना करें। इसके बाद 'ॐ सर्व पितृ प्रशनो भवः ओम' मंत्र का 108 बार जाप करने की मान्यता है। ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, इस उपाय से पितरों का आशीर्वाद मिलता है और आर्थिक स्थिति में सुधार के रास्ते खुलते हैं। दीपक जलाते समय मन में श्रद्धा और शांत भाव रखना जरूरी माना जाता है।
पीपल के नीचे करें हनुमान चालीसा का पाठ
शनिवार की शाम पीपल के पेड़ की जड़ में सरसों के तेल का दीपक जलाकर हनुमान चालीसा का पाठ करें। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन सात बार हनुमान चालीसा का पाठ करना शुभ माना जाता है। ऐसा करने से हनुमान जी और शनिदेव की कृपा मिलने के साथ पितरों का आशीर्वाद भी प्राप्त होता है। नियमित रूप से यह उपाय करने से मन को शांति मिलती है। साथ ही नकारात्मक विचारों से राहत मिलने और रुके कामों में गति आने की मान्यता है।
पीपल की सात बार करें परिक्रमा
शनिवार के दिन पीपल के पेड़ की सात बार परिक्रमा करना भी पितृ दोष से राहत दिलाता है। परिक्रमा करते समय पीपल के तने पर सूत या सफेद धागा लपेटना चाहिए। ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, पीपल की पूजा से शनि के साथ राहु और केतु से जुड़े दोषों को शांत करने में मदद मिलती है। इन्हीं ग्रहों को पितृ दोष से जोड़कर भी देखा जाता है। इसलिए श्रद्धा के साथ परिक्रमा करने से पितृ कृपा प्राप्त होती है।
काले तिल मिले जल से करें पूजा
शनिवार की सुबह स्नान और पूजा के बाद एक लोटे में साफ जल लें। इसमें थोड़े काले तिल मिलाकर पीपल के पेड़ की जड़ में अर्पित करें। जल चढ़ाते समय अपने पितरों का ध्यान करें और उनकी शांति के लिए प्रार्थना करें। धार्मिक मान्यता के अनुसार, काले तिल पितृ कर्म में विशेष महत्व रखते हैं। पीपल को जल अर्पित करने और पितरों का स्मरण करने से उनकी कृपा मिलने की मान्यता है। इसे आर्थिक परेशानी और जीवन की रुकावट दूर करने वाला उपाय भी माना जाता है।
सात शनिवार तक करें उपाय
पितृ दोष से जुड़े इन उपायों में नियमितता को विशेष महत्व दिया जाता है। आप अपनी सुविधा और श्रद्धा के अनुसार, इनमें से किसी एक उपाय को चुनकर लगातार सात शनिवार तक कर सकते हैं। पूजा के दौरान पीपल के पेड़ की स्वच्छता और आसपास के वातावरण का भी ध्यान रखें। किसी भी उपाय को करते समय मन में श्रद्धा बनाए रखें। ये सभी उपाय ज्योतिष और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित हैं, इसलिए इन्हें आस्था के अनुसार ही अपनाएं।


