23 सितंबर को परिवर्तिनी एकादशी व्रत पारण का ये है सबसे उत्तम मुहूर्त, जान लें कैसे खोलें व्रत
Parivartini ekadashi vrat parana time: हिंदू धर्म में एकादशी व्रत अत्यंत कल्याणकारी माना गया है। जिस तरह से व्रत का विधिपूर्वक संकल्प लिया जाता है, उसी तरह से विधि-विधान के साथ व्रत का पारण भी अनिवार्य होता है। जानें परिवर्तिनी एकादशी व्रत पारण का समय।

Parivartini ekadashi vrat paran muhurat 2026: आज 22 सितंबर 2026, मंगलवार को परिवर्तिनी एकादशी व्रत है। हर साल भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को परिवर्तिनी एकादशी व्रत किया जाता है। इसे पद्मा या पार्श्व एकादशी भी कहा जाता है। यह व्रत भगवान विष्णु की कृपा पाने के लिए अति उत्तम माना गया है। कहा जाता है कि एकादशी व्रत में लक्ष्मी-नारायण की विधिपूर्वक पूजा करने से मनवांछित फल की प्राप्ति होती है और पापों से मुक्ति मिलती है। एकादशी व्रत में जिस तरह से विधिपूर्वक पूजा-पाठ अत्यंत शुभ और लाभकारी माना गया है, उसी तरह से व्रत का पारण भी विधिवत करना कल्याणकारी माना जाता है। परिवर्तिनी एकादशी व्रत का पारण 23 सितंबर 2026, बुधवार को किया जाएगा। जानें किस समय किया जाएगा व्रत का पारण और क्या है विधि।
परिवर्तिनी एकादशी व्रत पारण का समय:
एकादशी व्रत का पारण द्वादशी तिथि के दिन सूर्योदय और हरिवासर समाप्त होने के बाद किया जाता है। सामान्य तौर पर एकादशी व्रत सूर्योदय से लेकर सुबह 09 बजे के बीच पारण करना सबसे उत्तम माना जाता है। हालांकि ध्यान रखें कि पारण हमेशा द्वादशी के दौरान हरिवासर यानी द्वादशी तिथि का शुरुआती समय समाप्त होने के बाद ही करना चाहिए। एकादशी व्रत का पारण करने के लिए व्रती को हरिवासर समाप्त होने का इंतजार करना चाहिए।
अगर सुबह के समय नहीं कर पाएं पारण:
अगर सुबह के समय एकादशी व्रत का पारण नहीं कर पाते हैं और शुभ मुहूर्त निकल जाता है तो दोपहर यानी मध्याह्न काल ( लगभग 11:00 बजे से 1:00 बजे के बीच) के समय व्रत खोलने से बचना चाहिए। मध्याह्न काल समाप्त होने के बाद ही व्रत का पारण उत्तम माना जाता है। मान्यता है कि हरिवासर और मध्याह्न काल में व्रत का पारण करने से व्रत का पूर्ण फल प्राप्त नहीं होता है और पुण्य नष्ट हो सकता है।
परिवर्तिनी एकादशी व्रत पारण का शुभ मुहूर्त:
परिवर्तिनी एकादशी व्रत का पारण 23 सितंबर को सुबह 07:38 बजे से सुबह 10:04 बजे तक करना अत्यंत शुभ रहेगा। पारण तिथि के दिन द्वादशी समाप्त होने का समय शाम 07:20 बजे है।
एकादशी व्रत पारण विधि:
एकादशी व्रत पारण के लिए द्वादशी तिथि के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें। इसके बाद पूजा स्थल पर भगवान विष्णु की विधि-विधान से पूजा करें। व्रत पारण से पहले किसी गरीब या जरूरतमंद व्यक्ति को अपनी समार्थ्यनुसार अन्न, वस्त्र और दक्षिणा का दान अवश्य करें। अब भगवान विष्णु को चावल या सात्विक चीजों का भोग लगाएं। श्री हरि को तुलसी दल या पंचामृत का भी भोग लगाया जाता है।
व्रत खोलने का तरीका:
भगवान विष्णु को अर्पित किया गया तुलसी दल और पंचामृत का प्रसाद ग्रहण करके व्रत का पारण किया जाता है।

