शारदीय नवरात्रि के पहले दिन जौ बोते समय भूलकर भी ना करें ये 3 गलतियां
Shardiya Navratri 2026: शारदीय नवरात्रि की शुरुआत कल से हो रही है। अगर आप पहली बार जौ उगाने की सोच रहे हैं तो जान लें कि इस दौरान किन गलतियों से बचना चाहिए?

11 अक्टूबर को शारदीय नवरात्रि का पहला दिन है। नवरात्रि शुरू होने से पहले ही लोग घरों में मां दुर्गा की पूजा की तैयारी शुरू कर देते हैं। नवरात्रि के पहले दिन ही घटस्थापना की जाती है जिसमें कलश को स्थापित करने के साथ-साथ जौ बोने की परंपरा निभाई जाती है। धार्मिक मान्यता है कि अगर नवरात्रि के नौ दिन घर में जौ उगाया जाए तो इससे सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है। हालांकि इस दौरान कई विशेष बातों का ध्यान रखना भी जरूरी है। कई बार जाने-अनजाने में कुछ गलतियों के चलते जौ ठीक से नहीं उगते हैं। अगर आप पहली बार इस नियम को करने वाले हैं जो जानें किन गलतियों को करने से बचना जरूरी है साथ ही जानेंगे नवरात्रि में जौ उगाने का महत्व क्या है?
नवरात्रि में जौ उगाने से जुड़ी ये गलतियां ना करें:
1. जौ बोने के लिए अगर आप गलत मिट्टी का इस्तेमाल करेंगे तो सारा खेल यही बिगड़ जाएगा। मिट्टी का ध्यान रखें कि इसमें किसी भी तरह का पत्थर ना हो। सही मिट्टी ना होने पर जौ को उगने में दिक्कत होगी। इसके लिए हमेशा साफ और सही मिट्टी ही चुनें जिसमें पानी आसानी से निकल पाए। मिट्टी के साथ हल्की सी रेत मिला लेंगे तो इसमें पानी आसानी से निकल जाएगा। ऊपर से मिट्टी को पानी से हल्का भीगा दें और इसमें जौ के बीज डाल दें। ध्यान रखें कि जौ उगाने के लिए मिट्टी का बर्तन भी साफ सुथरा हो।
2. अगर आप जौ के बीज को सही तरीके से नहीं बोएंगे तो इसे उगने में दिक्कत होगी। कई बार लोग मिट्टी में जौ डालने के बाद उसके ऊपर काफी मिट्टी भर देते हैं जोकि सही तरीका नहीं है। इस तरह से बीज सही से अंकुरित नहीं हो पाएंगे। इसके अलावा बहुत ज्यादा पुराने या खराब जौ का इस्तेमाल ना करें।
3. इसके अलावा जौ को बोने के बाद सबसे ज्यादा जरूरी है उसकी देखभाल करना। अगर आप जौ बोने के बाद उसमें बार-बार पानी डालेंगे तो ये सही तरीका नहीं है। मिट्टी में ज्यादा पानी आने से बीजों के खराब होने की संभावना बढ़ जाएगी। वहीं कम पानी डालने पर बीज सही तरह से अंकुरित होकर नहीं बढ़ेंगे। ऐसे में पानी डालने का बैलेंस सही होना चाहिए। जौ को ऐसी जगह रखें जहां पर हवा आती रहे लेकिन इसे तेज धूप में रखने की गलती ना करें।
नवरात्रि में जौ उगाने का क्या है महत्व?
माना जाता है कि अगर हम नवरात्रि में 9 दिन तक जौ उगाएं तो ये घर के लिए बहुत ही शुभ होता है। इसे लोग नई शुरुआत के रूप में देखते हैं। माना जाता है कि इससे घर में अच्छी एनर्जी के साथ-साथ सुख-संपत्ति आती है। जौ जितनी अच्छी तरह से उगेगा उसके उतने ही शुभ होने का संकेत मिलता है।

