नवरात्रि नौ दिन की, फिर दो दिन सप्तमी और एक दिन अष्टमी-नवमी क्यों? जानें तारीखें
शारदीय नवरात्रि में इस बार सप्तमी तिथि दो सूर्योदय तक रहने और अष्टमी-नवमी एक ही दिन पड़ने से तारीखों को लेकर असमंजस है। 17 अक्टूबर को मां कालरात्रि की पूजा होगी, जबकि 19 अक्टूबर को महाअष्टमी और महानवमी दोनों मनाई जा सकती हैं। जानें कन्या पूजन, नवरात्रि की प्रमुख तिथियां और दशहरा 2026 की सही तारीख।

Navratri 2026 Dates: शारदीय नवरात्रि में इस बार तिथियों को लेकर लोगों के मन में सवाल है। नवरात्रि 11 अक्टूबर से शुरू हुई है और 19 अक्टूबर तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा होगी। लेकिन इस बार सप्तमी तिथि दो सूर्योदय तक रहने और अष्टमी व नवमी की पूजा एक ही दिन पड़ने से तारीखों में बदलाव देखने को मिल रहा है। इसकी वजह हिंदू पंचांग में तिथियों की गणना है। तिथि और अंग्रेजी कैलेंडर का दिन एक जैसा नहीं होता। इसी कारण कभी एक तिथि दो दिन तक रहती है, तो कभी दो तिथियां एक ही दिन पड़ जाती हैं।
सप्तमी दो दिन क्यों रहेगी?
इस साल सप्तमी तिथि 17 अक्टूबर को सुबह शुरू हुई और 18 अक्टूबर को सुबह 8 बजकर 28 मिनट तक रहेगी। दोनों दिन सूर्योदय के समय सप्तमी तिथि मौजूद होने के कारण इसे दो दिन तक माना जा रहा है। 17 अक्टूबर को मां कालरात्रि की पूजा होगी। 18 अक्टूबर को सुबह 8 बजकर 28 मिनट तक सप्तमी रहेगी, इसके बाद अष्टमी तिथि शुरू हो जाएगी। यही वजह है कि नवरात्रि के दिनों की गिनती और तिथियों की तारीख में अंतर नजर आ रहा है।
अष्टमी और नवमी एक ही दिन क्यों?
अष्टमी तिथि 18 अक्टूबर को सुबह 8 बजकर 28 मिनट के बाद शुरू होगी और 19 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजकर 52 मिनट तक रहेगी। इसके बाद नवमी तिथि शुरू हो जाएगी। ऐसे में 19 अक्टूबर को सुबह अष्टमी तिथि रहेगी और फिर नवमी लग जाएगी। इसी वजह से 19 अक्टूबर को महाअष्टमी और महानवमी मनाई जाएगी।
कब है कन्या पूजन और दशहरा?
इस साल नवरात्रि की प्रमुख तारीखें इस प्रकार हैं:
- 11 अक्टूबर, रविवार: घटस्थापना और नवरात्रि की शुरुआत
- 17 अक्टूबर, शनिवार: सप्तमी और मां कालरात्रि की पूजा
- 18 अक्टूबर, रविवार: सप्तमी तिथि सुबह 8:28 बजे तक, इसके बाद अष्टमी
- 19 अक्टूबर, सोमवार: अष्टमी और नवमी दोनों तिथियां
- 20 अक्टूबर, मंगलवार: नवमी तिथि दोपहर करीब 12:50 बजे तक, इसके बाद दशमी; इसी दिन दशहरा मनाया जाएगा।
अष्टमी और नवमी पर कन्या पूजन किया जाता है। इस साल 19 अक्टूबर, 2026 को कन्या पूजन किया जाएगा।
नवरात्रि के नौ दिन पूरे होंगे या नहीं?
नवरात्रि में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा का विधान है। तिथि का दो सूर्योदय तक रहना या दो तिथियों का एक दिन पड़ना पूजा के कैलेंडर को प्रभावित करता है, लेकिन इससे नवरात्रि का धार्मिक महत्व कम नहीं होता। तिथि सूर्योदय के समय कौन-सी है, इसके आधार पर पंचांग में पूजा का दिन तय किया जाता है।


