मूंगा किन लोगों को नहीं पहनना चाहिए? किन राशि वालों के लिए होता है उत्तम, जानें धारण करने के नियम
Moonga stone benefits: कहा जाता है कि मंगल का रत्न मूंगा जिन लोगों को सूट करता है उन्हें अत्यंत शुभ परिणाम प्रदान करता है और जिन लोगों को सूट नहीं करता है उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। जानें मूंगा रत्न से जुड़ी जरूरी बातें।

Moonga ratan benefits in hindi: वैदिक ज्योतिष शास्त्र में मंगल को ऊर्जा, भूमि, साहस और रक्त का कारक माना जाता है। कहा जाता है कि जितना प्रभावशाली या ताकतवर मंगल ग्रह है उतना ही उससे संबंधित मूंगा रत्न भी पॉवरफुल माना जाता है। कहते हैं कि मूंगा धारण करने से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। अगर मूंगा अनुकूल नहीं होता है तो जीवन में मुश्किलें बढ़ जाती हैं। जानें मंगल का मुख्य रत्न मूंगा धारण करने के लाभ-नुकसान और किन राशियों के लिए अच्छा होता है और किन राशि वालों को पहनने से बचना चाहिए।
मंगल के रत्न मूंगा का प्रभाव:
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, मंगल ग्रह पूर्ण रूप से अग्नि का ग्रह नहीं है। इसमें कुछ भाग जल का भी पाया जाता है। अग्नि का पूर्ण रूप से ग्रह सूर्य को माना जाता है। मूंगा रत्न की बात करें तो यह जल से मिलने वाला रत्न है और इसमें अग्नि और जल दोनों ही विद्यमान होते हैं। मंगल का मूंगा मुख्य रूप से लाल और सिंदूरी दो प्रकार का होता है। लाल मूंगा उग्र स्वभाव का माना जाता है और यह कमजोर मंगल को ताकत देता है। जबकि सिंदूरी या नारंगी मूंगा सौम्य होता है। यह मंगल की नकारात्मकता को कम करता है।
मूंगा रत्न धारण करने के लाभ:
रत्न शास्त्र के अनुसार, मूंगा रत्न को मंगल ग्रह की अलग-अलग परिस्थितियों में धारण किया जाता है। अगर आपने मूंगा रत्न धारण किया है तो जानें किस-किस तरह के लाभ मूंगा पहनने से मिलते हैं।
1. अगर मूंगा रत्न धारण करें और वह सूट करता है, तो साहस और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है।
2. कहा जाता है कि रक्त और त्वचा संबंधी परेशानियों से छुटकारा मिलता है।
3. रत्न शास्त्र के अनुसार, टेक्नोलॉजी या तकनीकी क्षेत्र की नौकरियों में मूंगा रत्न धारण करने से लाभ मिलता है।
4. कहा जाता है कि अगर मूंगा रत्न सही तरह से धारण किया जाए तो मंगल ग्रह से जुड़ी परेशानियों का निवारण होता है।
मूंगा धारण करने के नुकसान:
कई बार लोग बिना ज्योतिषीय सलाह के या फिर शौक में मूंगा रत्न धारण कर लेते हैं। कहते हैं कि जिन लोगों को मूंगा सूट नहीं करता है उन्हें जीवन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। जानें मूंगा रत्न के नुकसान:
1. रत्न शास्त्र के अनुसार, अगर मूंगा सूट नहीं करता है तो व्यक्ति के साथ दुर्घटना घट सकती है और उसे किसी सर्जरी से गुजरना पड़ सकता है।
2. वाद-विवाद का सामना करना पड़ सकता है और रिश्तों में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
3. अगर मूंगा रत्न सही तरह से धारण नहीं किया जाता है, तो स्वभाव उग्र हो सकता है और गुस्सा बढ़ सकता है।
1.मूंगा रत्न धारण करने के नियम:
मूंगे को तांबे अथवा सोने की अंगूठी में अनामिका उंगली में मंगलवार को सुबह या दोपहर के समय धारण करना शुभ माना जाता है। धारण करने से पहले अंगूठी को गंगाजल से धोकर शुद्ध कर लेना चाहिए। इसके बाद हनुमान जी को अर्पित करके मूंगा धारण करना चाहिए।
2. मूंगे के साथ हीरा, पन्ना और नीलम रत्न धारण नहीं करना चाहिए। कहते हैं कि इससे जीवन में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
किन लोगों को मूंगा नहीं पहनना चाहिए:
रत्न शास्त्र के अनुसार, मूंगा उन लोगों को धारण करने से बचना चाहिए जो बहुत ज्यादा क्रोधी स्वभाव के हैं। जो लोग बहुत आलसी स्वभाव या छोटी-छोटी बातों पर डरते हों, ऐसे लोगों को मूंगा जरूर धारण करना चाहिए।
किन राशियों के लिए मूंगा होता है लाभकारी:
रत्न शास्त्र के अनुसार, जिन लोगों की कुंडली में मंगल ग्रह कारक हो यानी अनुकूल हो उनके लिए मूंगा धारण करना शुभ होता है। मेष, कर्क, सिंह, वृश्चिक, धनु और मीन राशि वालों के लिए मूंगा अत्यंत शुभ माना जाता है।
इन राशियों के लोग भूलकर भी न पहनें मूंगा:
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, वृषभ, मिथुन, कन्या और तुला राशि वालों के लिए मूंगा रत्न धारण करना अच्छा नहीं माना जाता है। कहते हैं कि इससे नुकसान होने की आशंका रहती है।
ये राशि वाले विशेष दशाओं में कर सकते हैं धारण:
कहा जाता है कि मकर और कुंभ राशि वाले मूंगा रत्न विशेष दशाओं या स्थितियों में धारण कर सकते हैं।


