Hindi Newsधर्म न्यूज़Mokshada Ekadashi Vrat Kahani Story of Mokshada Ekadashi katha

Mokshada Ekadashi Katha: मोक्षदा एकादशी के दिन पढ़ी जाती है ये कहानी, यहां पढ़ें मोक्षदा एकादशी की कथा

  • Mokshada Ekadashi 2024 katha : मोक्षदा एकादशी का व्रत इस साल मार्गशीर्ष मास की शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि पर रखा जाएगा। एकादशी का व्रत रखा हो या न रखा हो इस दिन जरूर करें मोक्षदा एकादशी की व्रत कथा का पाठ-

Shrishti Chaubey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीWed, 11 Dec 2024 01:08 AM
share Share
Follow Us on

Mokshada Ekadashi Katha : हर साल में 1 बार मोक्षदा एकादशी का व्रत रखा जाता है। यह व्रत प्रभु विष्णु जी को समर्पित है। मोक्षदा एकादशी का व्रत इस साल मार्गशीर्ष मास की शुक्ल पक्ष एकादशी तिथि 11 दिसंबर पर रखा जाएगा। इस दिन विष्णु भगवान के भक्त जन व्रत रख विधि-विधान के साथ पूजा करते हैं। एकादशी का व्रत काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। मोक्षदा एकादशी का व्रत बिना कथा का पाठ किए अधूरा माना जाता है। आगे पढ़ें मोक्षदा एकादशी व्रत कथा -

ये भी पढ़ें:11 दिसंबर को मोक्षदा एकादशी पर कई शुभ योग, जानें पूजा मुहूर्त व व्रत पारण का समय

मोक्षदा एकादशी के दिन पढ़ी जाती है ये कहानी, यहां पढ़ें मोक्षदा एकादशी की कथा

गोकुल नाम के नगर में वैखानस नामक राजा राज्य करता था। उसके राज्य में चारों वेदों के ज्ञाता ब्राह्मण रहते थे। वह राजा अपनी प्रजा का पुत्रवत पालन करता था। एक बार रात्रि में राजा ने एक स्वप्न देखा कि उसके पिता नरक में हैं। उसे बड़ा आश्चर्य हुआ।

प्रात: वह विद्वान ब्राह्मणों के पास गया और अपना स्वप्न सुनाया। कहा- मैंने अपने पिता को नरक में कष्ट उठाते देखा है। उन्होंने मुझसे कहा कि- हे पुत्र मैं नरक में पड़ा हूं। यहां से तुम मुझे मुक्त कराओ। जब से मैंने ये वचन सुने हैं तब से मैं बहुत बेचैन हूं। चित्त में बड़ी अशांति हो रही है।

मुझे इस राज्य, धन, पुत्र, स्त्री, हाथी, घोड़े आदि में कुछ भी सुख प्रतीत नहीं होता। क्या करूं? राजा ने कहा- हे ब्राह्मण देवताओं! इस दु:ख के कारण मेरा सारा शरीर जल रहा है। अब आप कृपा करके कोई तप, दान, व्रत आदि ऐसा उपाय बताइए जिससे मेरे पिता को मुक्ति मिल जाए। उस पुत्र का जीवन व्यर्थ है जो अपने माता-पिता का उद्धार न कर सकें। एक उत्तम पुत्र जो अपने माता-पिता तथा पूर्वजों का उद्धार करता है, वह हजार मूर्ख पुत्रों से अच्छा है। जैसे एक चंद्रमा सारे जगत में प्रकाश कर देता है, परंतु हजारों तारे नहीं कर सकते।

ये भी पढ़ें:मोक्षदा एकादशी पर सभी 12 राशियां करें ये उपाय, बनी रहेगी विष्णु कृपा

ब्राह्मणों ने कहा- हे राजन! यहां पास ही भूत, भविष्य, वर्तमान के ज्ञाता पर्वत ऋषि का आश्रम है। आपकी समस्या का हल वे जरूर करेंगे। यह सुनकर राजा मुनि के आश्रम पर गया। उस आश्रम में अनेक शांत चित्त योगी और मुनि तपस्या कर रहे थे। उसी जगह पर्वत मुनि बैठे थे। राजा ने मुनि को साष्टांग दंडवत किया। मुनि ने राजा से कुशलता के समाचार लिए।

राजा ने कहा कि महाराज आपकी कृपा से मेरे राज्य में सब कुशल हैं, लेकिन अकस्मात मेरे चित्त में अत्यंत अशांति होने लगी है। ऐसा सुनकर पर्वत मुनि ने आंखें बंद की और भूत विचारने लगे।

फिर बोले हे राजन! मैंने योग के बल से तुम्हारे पिता के कुकर्मों को जान लिया है। उन्होंने पूर्व जन्म में कामातुर होकर एक पत्नी को रति दी, किंतु सौत के कहने पर दूसरे पत्नी को ऋतुदान मांगने पर भी नहीं दिया। उसी पाप कर्म के कारण तुम्हारे पिता को नरक में जाना पड़ा। तब राजा ने कहा इसका कोई उपाय बताइए।

मुनि बोले- हे राजन! आप मार्गशीर्ष एकादशी का उपवास करें और उस उपवास के पुण्य को अपने पिता को संकल्प कर दें। इसके प्रभाव से आपके पिता की अवश्य ही नरक से मुक्ति होगी। मुनि के ये वचन सुनकर राजा महल में आया और मुनि के कहने अनुसार कुटुंब सहित मोक्षदा एकादशी का व्रत किया। इसके उपवास का पुण्य उसने पिता को अर्पण कर दिया। इसके प्रभाव से उसके पिता को मुक्ति मिल गई और स्वर्ग में जाते हुए वे पुत्र से कहने लगे- हे पुत्र तेरा कल्याण हो। यह कहकर स्वर्ग चले गए। मार्गशीर्ष मास की शुक्ल पक्ष की मोक्षदा एकादशी का जो व्रत करते हैं, उनके समस्त पाप नष्ट हो जाते हैं।

डिस्क्लेमर: इस आलेख में दी गई जानकारियों पर हम यह दावा नहीं करते कि ये पूर्णतया सत्य एवं सटीक हैं। विस्तृत और अधिक जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें