जितिया व्रत की पूजा में आज शाम किन गलतियों से बचना है?
Jitiya Vrat Puja Mistake: आज कुछ ही घंटे में जितिया व्रत की पूजा शुरू हो जाएगी। जानें कि परंपरा और सही नियम के अनुसार आज व्रत रखने वाली महिलाओं को किन गलतियों को करने से बचने की जरूरत है?

आज जितिया यानी जीवित्पुत्रिका व्रत है। इस दिन महिलाएं अपने बच्चों की लंबी उम्र, अच्छी हेल्थ और सुख-समृद्धि के लिए व्रत रखती हैं। इस व्रत को कठिन माना जाता है। ये निर्जला उपवास होता है। तो ऐसे में व्रत और पूजा के दौरान कई नियमों को ध्यान में रखना जरूरी है ताकि किसी भी तरह की गलती से बचा जा सके। अगर आपने आज जितिया व्रत रखा है तो जानें आज शाम को प्रदोष काल में होने वाली पूजा में किन गलतियों से बचना है?
जितिया व्रत की पूजा में ना करें ये 3 गलतियां:
1. जितिया व्रत में नियम के अनुसार निर्जला उपवास रखा जाता है और सदियों से ही ये परंपरा चली आ रही है। व्रत शुरू होने के साथ ही पानी या फिर किसी भी तरह का खाना ग्रहण करना सही नहीं माना जाता है। आचमन के दौरान या फिर कुल्ला वगैरह करने के दौरान कई लोग गलती से पानी पी सकते हैं तो इस बात का विशेष रूप से ध्यान रखना चाहिए। साथ ही इस बात का भी ध्यान दें कि पूजा में जो भी जल रखेंगे उसे अर्घ्य के लिए और भगवान को अर्पित करने के लिए रखें। खुद पानी पीने से बचना है। वहीं अगर किसी को हेल्थ इश्यू है तो अपनी हेल्थ को नजरअंदाज करना सही बात नहीं है।
2. इस व्रत में भगवान जीमूतवाहन की पूजा होती है। इसी के साथ चील और सियारिन की कथा का पाठ करना भी जरूरी माना जाता है। मान्यता के अनुसार चील और सियारिन ने भी इस व्रत को रखा था। चील ने पूरे विधि विधान के साथ इस व्रत को पूरा किया लेकिन सियारिन ने भूख की वजह से इस व्रत के नियमों का पालन नहीं किया। चील और सियारनि की कथा का पाठ जितिया व्रत की पूजा में किया जाता है। आज की पूजा में सिर्फ भगवान जीमूतवाहन की पूजा करके ही ना उठ जाएं। व्रत की कथा को जरूर सुनें और इसी के साथ पूजा की सारी विधि को श्रद्धा के साथ पूरा करें।
3. जितिया व्रत की पूजा विधि में नियम जितना जरूरी है उतना ही पारण का भी है। पारण शुभ मुहूर्त में ही देखकर करें। जल्दबाजी में समय से पहले पारण ना करें और ना ही इसके लिए लेट करें। पारण की विधि शुरू करने से पहले भगवान को भोग लगा दें। इसके बाद सात्विक खाना खाएं। परंपरा के अनुसार जो चीजें खाई जाती हैं उन्हीं चीजों का सेवन करें।
जितिया व्रत में आज रखें इन बातों का ध्यान:
1. आज व्रत के दिन मन को शांत रखेंष
2. किसी से बहसबाजी ना करें और ना ही किसी पर गुस्सा दिखाएं।
3. आज भूलकर भी किसी के लिए गलत शब्द मुंह से ना निकालें।
4. कोशिश करें कि आपके घर का माहौल आज शांत और पॉजिटिव रहे।
5. पूजा पूरी विधि-विधान से करें और भगवान जीमूतवाहन से अपने बच्चों के अच्छे भविष्य और हेल्थ की प्रार्थना करें।


