Janmashtami 2026: जन्माष्टमी से पहले घर ले आएं ये 5 चीजें
जन्माष्टमी से पहले घर में 5 चीजें लाना शुभ माना जाता है। जानें बांसुरी, मोरपंख, कामधेनु समेत कौन सी चीजें भगवान कृष्ण को प्रिय हैं और इन्हें घर लाने से क्या फायदा होता है?

जन्माष्टमी 4 सितंबर को है। पूरे देश में जन्माष्टमी भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी के रूप में मनाते हैं। इस खास मौके पर घर-घर में बाल-गोपाल की पूजा होती है। इस दौरान लोग बाल गोपाल को उनकी मन-पसंद की चीजें अर्पित करते हैं। हिंदू धर्म मान्यता के अनुसार जन्माष्टमी से पहले अगर कुछ खास चीजों को घर पर लाया जाए तो इससे घर में सुख-समृद्धि आती है और साथ ही आसपास सकारात्मक माहौल बना रहता है। अगर आप इस साल जन्माष्टमी की तैयारी जल्दी ही शुरू करने वाले हैं तो ये जान लें कि घर में पहले से ही कौन सी चीजें लाकर रख देना शुभ होता है?
जन्माष्टमी से पहले घर में लाएं ये चीजें-
1. बांसुरी
भगवान कृष्ण को बांसुरी के बिना अधूरा ही माना जाएगा। ऐसे में जन्माष्टमी से पहले घर में अगर छोटी सी बांसुरी लाई जाए तो ये बहुत ही शुभ होता है। आप अपनी पसंद के अनुसार लकड़ी या फिर चांदी या फिर किसी और धातु की बांसुरी ला सकते हैं। इसे लाकर आप अपने मंदिर में भगवान कृष्ण के पास रख दें। माना जाता है कि इससे घर का माहौल बहुत ही शांत रहता है और रिश्तों में मिठास आती है।
2. कामधेनु गाय की मूर्ति
जन्माष्टमी से पहले कामधेनु गाय की मूर्ति भी लेकर आएं। इसे घर में रखना बहुत ही शुभ माना जाता है। हमेशा ऐसी मूर्ति का चुनाव करें जिसमें कामधेनु गाय के साथ छोटा सा बछड़ा भी हो। इसे खरीदकर लाने के बाद पूजा घर में ही रखें। नियम के अनुसार इसे उत्तर-पूर्व दिशा में रखना चाहिए। मान्यता है कि घर में कामधेनु गाय की मूर्ति रखने से घर में बरकत आती है और पैसों से जुड़ी दिक्कत खत्म होती है।
3. मोरपंख
जन्माष्टमी में लड्डू गोपाल को मोरपंख लगाना शुभ होता है। जन्माष्टमी से पहले घर में एक मोरपंख लेकर आएं। इसे भी पूजा घर में ही रखें। साथ ही इसे मुख्य द्वार और तिजोरी के पास भी रखना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि मोरपंख को रखने से घर की नेगेटिविटी काफी हद तक कम होती है।
4. वैजयंती माला
भगवान श्रीकृष्ण की पूजा वैजयंती माला के बिना अधूरी मानी जाती है। जन्माष्टमी से पहले वैजयंती माला को घर में जरूर लाना चाहिए। जन्माष्टमी वाले दिन भगवान को वैजयंती माला अर्पित करना शुभ माना जाता है। इस माला को लेकर मान्यता है कि इसकी मौजूदगी से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है और कई तरह की मुश्किलें कम होती हैं।
5. नया झूला और पोशाक
अगर आप लड्डू गोपाल की सेवा करते हैं तो जन्माष्टमी से पहले घर में झूला और श्रीकृष्ण के लिए सुंदर पोशाक लेकर आएं। जन्माष्टमी से पहले इन्हें पूजा घर के पास ही रखें। धार्मिक मान्यता के अनुसार इन चीजों को घर में लाना बहुत ही शुभ होता है। पूरी श्रद्दा और मन से इन चीजों को घर जरूर लाना चाहिए।


