28 अगस्त को 96% तक ढक जाएगा चंद्रमा, जानें कहां-कहां दिखेगा चंद्र ग्रहण और भारत में कब शुरू होगा
Chandra grahan timing in india 2026: 28 अगस्त को साल का दूसरा और आखिरी चंद्र ग्रहण लगेगा। यह ग्रहण एक गहरा आंशिक चंद्र ग्रहण होगा। जानें भारत में किस समय से यह ग्रहण प्रारंभ होगा और कहां-कहां दिखेगा।

Lunar eclipse 28 august 2026 where will it be visible: 28 अगस्त 2026 को सावन पूर्णिमा पर साल का दूसरा और अंतिम चंद्र ग्रहण लगने वाला है। यह एक गहरा आंशिक चंद्र ग्रहण होगा, जिसमें पृथ्वी की छाया चंद्रमा के लगभग 96 प्रतिशत हिस्से को ढक लेगी। इस दौरान चंद्रमा पूरी तरह काला होने के बजाय तांबे जैसे गहरे लाल या नारंगी रंग का नजर आएगा। वैज्ञानिकों के अनुसार, चंद्र ग्रहण के दौरान पृथ्वी के वायुमंडल से छनकर और मुड़कर आने वाली रोशनी चंद्रमा पर पड़ेगी। जिससे आसमान में अनोखा नजारा लोगों को देखने को मिलेगा। चंद्र ग्रहण हमेशा पूर्णिमा तिथि पर ही लगता है और आंशिक चंद्र ग्रहण तब होता है जब सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा पूरी तरह से एक सीध में नहीं होते हैं, जिससे चंद्रमा का एक हिस्सा पृथ्वी की गहरी छाया में आता है। जानें 28 अगस्त को लगने वाला चंद्र ग्रहण कहां-कहां दिखेगा और भारत में किस समय शुरू होगा।
चंद्र ग्रहण भारत में किस समय शुरू होगा:
भारतीय समयानुसार, चंद्र ग्रहण 28 अगस्त को सुबह 06:53 बजे प्रारंभ होगा। आंशिक चंद्र ग्रहण की शुरुआत सुबह 08:03 बजे से शुरू होगा। ग्रहण अपने चरम पर सुबह 09:43 बजे होगा। ग्रहण का समापन सुबह 11:21 बजे होगा। पूर्ण रूप से ग्रहण का प्रभाव दोपहर 12:31 बजे समाप्त होगा।
28 अगस्त को चंद्र ग्रहण कहां-कहां दिखेगा:
यह चंद्र ग्रहण उत्तरी अमेरिका, दक्षिणी अमेरिका, यूरोप और अफ्रीका के कुछ हिस्सों में नजर आएगा। न्यूयॉर्क और जैक्सनविले जैसे ईस्ट कोस्ट शहरों में इस ग्रहण का नजारा आधी रात को अपने चरम पर नजर आएगा। इसके अलावा इसे अटलांटिक या प्रशांत महासागर के कुछ हिस्सों में भी देखा जा सकेगा।
भारत में चंद्र ग्रहण दिखेगा या नहीं:
28 अगस्त को लगने वाला चंद्र ग्रहण भारत में नहीं दिखेगा। जिस समय इस ग्रहण की शुरुआत होगी, उस समय देश में दिन होगा। इस दौरान चंद्रमा क्षितिज के नीचे होगा, जिसके कारण ग्रहण का न ही कोई प्रभाव होगा और न ही नजर आएगा। चंद्र ग्रहण भारत में नहीं दिखने के कारण इसका सूतक काल भी मान्य नहीं होगा। आमतौर पर चंद्र ग्रहण का सूतक काल ग्रहण प्रारंभ होने से 9 घंटे पूर्व लगता है।
ग्रहण के समय चंद्रमा पश्चिमी क्षितिज की ओर झुका होगा, इसलिए इस ग्रहण को चीन, जापान और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में भी नहीं देखा जा सकेगा। चंद्र ग्रहण की खास बात यह है कि इसे सूर्य ग्रहण की तरह देखने के लिए किसी खास उपकरण या यंत्र की आवश्यकता नहीं होती है। हालांकि दूरबीन या टेलीस्कोप से देखने पर अनुभव बेहतर हो सकता है।

