चाणक्य नीति: सफल होने के लिए इंसान को इन 6 बातों पर बार-बार विचार करना चाहिए
Chanakya niti for success: आचार्य चाणक्य ने मानव जीवन को आसान बनाने वाली तमाम नीतियों का वर्णन अपने ग्रंथ नीति शास्त्र में किया है। एक नीति में उन्होंने बताया है कि व्यक्ति को सफलता पाने के लिए किन 6 बातों का ध्यान रखना चाहिए।

Chanakya niti 7 September 2026: आचार्य चाणक्य ने अपने ग्रंथ नीति शास्त्र में सफलता, हार, शत्रु, मित्रता, धन और करियर समेत तमाम मानव जीवन से जुड़े पहलुओं के बारे में बताया है। कई बार व्यक्ति लगातार कोशिश करने के बाद भी सफलता नहीं हासिल कर पाता है या फिर उसकी मेहनत के अनुरूप परिणाम प्राप्त नहीं होते हैं। एक नीति में चाणक्य ने बताया है कि व्यक्ति को सफलता पाने के लिए किन बातों पर बार-बार विचार करना चाहिए। पढ़ें आज सफलता से जुड़ी ये चाणक्य नीति।
श्लोक:
कः कालः कानि मित्राणि को देशः कौ व्ययागमौ।
कश्चाहं का च मे शक्तिरिति चिन्त्यं मुहुर्मुहुः॥
श्लोक का अर्थ:
चाणक्य नीति के इस श्लोक का अर्थ है कि मनुष्य को हमेशा यह सोचना चाहिए कि समय कैसा है, मेरे मित्र कौन हैं, कौन-सा देश या स्थान मेरे लिए सही है। मेरी आय-व्यय का संतुलन क्या है। और मेरी असली ताकत या शक्ति क्या है। सभी बातों का ध्यान रखकर ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है।
श्लोक का सार:
1. समय कैसा है:
चाणक्य कहते हैं कि सफलता पाने के लिए सबसे पहली शर्त है समय का अनुकूल होना। अनुकूल समय में किए गए प्रयासों का पूरा परिणाम मिलता है। जब प्रतिकूल या कठिन समय चल रहा हो, तो थोड़ा धैर्य और सावधानी बरतनी चाहिए। गलत समय पर उठाया गया कोई भी कदम नुकसान पहुंचा सकता है।
2. सच्चे मित्र कौन हैं:
चाणक्य कहते हैं कि मुश्किल घड़ी में साथ देने वाले ही असली मित्र होते हैं। इसलिए व्यक्ति को आसपास के लोगों का आकलन करना चाहिए कि कौन उसके सुख-दुख में वास्तव में खड़ा है और कौन स्वार्थ के लिए जुड़ा है।
3. स्थान या माहौल कैसा है:
चाणक्य कहते हैं कि आप जिस जगह पर काम कर रहे हैं, वहां का माहौल, कानून, लोग और अवसर कैसे हैं? इसका ध्यान रखना चाहिए। जिस जगह पर आजीविका के लिए कोई साधन नहीं हो, जहां सुरक्षा नहीं हो, जहां लोग सम्मान नहीं करते हो, ऐसे स्थान या माहौल में प्रयास करना व्यर्थ है।
4. आय और व्यय पर नियंत्रण:
आचार्य चाणक्य के अनुसार, मनुष्य को अपनी आर्थिक स्थिति पर नियंत्रण रखना चाहिए। आय के क्या साधन हैं और खर्च कहां हो रहा है, इसका सही हिसाब होना चाहिए। हमेशा अपनी क्षमता से कम खर्च करना चाहिए और बुरे समय के लिए धन की बचत करनी चाहिए।
5. मैं वास्तव में कौन हूं:
चाणक्य कहते हैं कि व्यक्ति को अपनी योग्यता, स्वभाव और चरित्र की सही पहचान होनी चाहिए। आप जिस काम के योग्य हैं और आपकी कमजोरियां क्या है? जीवन में सफलता पाने के लिए स्वयं का मूल्यांकन करना हर किसी के लिए जरूरी होता है।
6. वास्तविक क्षमता क्या है:
चाणक्य कहते हैं कि आपकी शारीरिक, मानसिक और आर्थिक क्षमता कैसी और कितनी है? किसी भी लक्ष्य का चुनाव करते समय हमेशा अपनी शक्ति या ताकत का ध्यान रखना चाहिए। क्षमता से अधिक रिस्क या जोखिम उठाने पर असफल होने का डर रहता है।

