
Ahoi Ashtami today: संतान प्राप्ति को राधाकुंड में महास्नान आज, देश-विदेश के दंपति राधाकुंड पहुंचने लगे
संक्षेप: संतान प्राप्ति की कामना को लेकर देश-विदेश के लाखों दंपतियों का यहां राधा कुंड में होने वाले महास्नान की तैयारियां पूर्ण कर ली गयी हैं। अहोई अष्टमी पर जल रूप में विराजमान श्रीराधा रानी के कुंड में गोता लगाने के लिए लाखों की भीड़ आज उमड़ेगी।
संतान प्राप्ति की कामना को लेकर देश-विदेश के लाखों दंपतियों का यहां राधा कुंड में होने वाले महास्नान की तैयारियां पूर्ण कर ली गयी हैं। अहोई अष्टमी पर जल रूप में विराजमान श्रीराधा रानी के कुंड में गोता लगाने के लिए लाखों की भीड़ आज उमड़ेगी। अर्ध रात्रि 12 बजे से निसंतान दंपतियों का स्नान शुरू होगा।मान्यता है कि निसंतान दंपत्ति यहां एक साथ अहोई अष्टमी पर्व पर स्नान करते हैं तो उन्हें एक वर्ष के अंदर संतान की प्राप्ति होती है। संतान प्राप्त होने वाले भी यहां आकर स्नान करते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार अहोई अष्टमी पर राधाकुंड में रात्रि 12 बजे सभी देव और तीर्थ वास करते हैं। इन पलों में स्नान करने से निसंतान दंपत्ति को संतान प्राप्ति होती है। स्नान के बाद यहां एक फल पेठा त्यागने का विधान है।

अहोई अष्टमी पर्व के लिए राधा कुंड के चारों ओर परिक्रमा मार्ग में विशेष साज सज्जा के साथ सजावट की गई है। रोशनी के लिए आधुनिक एलइडी लाइट लगाई गई है। रंग बिरंगी झालरों से राधा कुंड के घाटों से सटी दीवारों को सजाया गया। आने वाले श्रद्धालुओं को सुखद एहसास का अनुभव दिलाने के लिए नगर में 6 स्वागत द्वार बनाए गए हैं। मेला की व्यवस्थाओं में स्नान की सुविधा को देखते हुए राधाकुंड के सभी घाटों पर सपोर्ट बाली लगाई गई हैं, जिससे स्नान करने वाले भक्त गहरे पानी में ना जा सके। विशेष गोताखोरों की टीम व नव लगाई हैं। मेला में विशेष निगरानी के लिए जगह-जगह सीसी टीवी कैमरे लगाए हैं। अहोई अष्टमी पर्व को लेकर श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया है। समूचा राधाकुंड में राधे राधे के स्वर गूंज रहे हैं। श्रीराधा कृष्ण की लीला स्थल श्री धाम राधाकुंड सोमवार को भक्तों से गुलजार होगा। प्रशासन ने स्नान की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए रात्रि 12 बजे से निसंतान दंपत्ति को स्नान करने का इंतजाम किया है। रात्रि 3 बजे के बाद कार्तिक नियम सेवा करने आए हजारों श्रद्धालु स्नान करेंगे। 100 फुटा रोड गौरा धाम कॉलोनी से स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं की एंट्री होगी। प्रशासन द्वारा गौरा धाम स्कूल से होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं।
एडीएम अमरेश कुमार, एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, एसडीएम गोवर्धन प्राजक्ता त्रिपाठी, गोवर्धन सीओ अनिल कुमार ने मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिशासी अधिकारी चेतन कुमार तिवारी ने बताया पार्किंग पेयजल खोया पाया साफ सफाई आदि की व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने बताया मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई अशुभता ना हो। इसके लिए परिक्रमा मार्ग में दोनों ओर बनी नालियों पर लोहे की जालियां लगवाई है।





