घर की नेगेटिविटी होगी दूर, ये 8 आसान उपाय लाएंगे सुख-शांति
बिना किसी बड़े अनुष्ठान के अपने घर में लाएं असीम सुख-शांति और सकारात्मकता! पढ़ें 8 एकदम आसान आध्यात्मिक उपाय, जो आपके घर के माहौल को पूरी तरह बदल देंगे।

अक्सर लोगों के मन में यह रहता है कि घर के माहौल को सकारात्मक बनाए रखने और परिवार में शांति के लिए विधि-विधान से कोई धार्मिक अनुष्ठान करना पड़ेगा, लेकिन ऐसा नहीं है। वास्तविकता यह है कि दिनचर्या में छोटे-छोटे और आसान बदलाव लाकर घर में पॉजिटिविटी बनाए रख सकते हैं। आज हम आपको 8 उपाय बताएंगे, जो घर में सुख-शांति बढ़ाने में मदद करते हैं।
सुबह-शाम दीया जलाएं
हिंदू परंपरा में दीया का विशेष महत्व है। सुबह और शाम को पूजा घर में घी या तेल का एक दीया जरूर जलाएं। मान्यता है कि दीया की रोशनी से घर का माहौल हल्का होता है और मन भी शांत रहता है। नियमित दीप जलाने यह छोटी आदत पूरे घर का वातावरण बदल सकती है। नियमित दीप से सकारात्मक भाव बना रहता है।
पूजा स्थान साफ रखें
मंदिर छोटा हो या बड़ा, सफाई सबसे जरूरी है। मूर्ति, तस्वीर और पूजा का सामान सलीके से रखें। पूजा में इस्तेमाल किए हुए फूल-माला को समय पर हटा दें। पूजा मन को एकाग्र करने का माध्यम है। ऐसे में पूजा के स्थान का साफ और व्यवस्थित होना बहुत जरूरी है।
थोड़ा समय मंत्र जप को दें
सुबह या शाम पांच-दस मिनट निकालकर अपने इष्ट देव का मंत्र जपें। ॐ नमः शिवाय, ॐ नमो भगवते वासुदेवाय या कोई भी आसान मंत्र का नियमित जप तनाव से राहत देता है और मन हल्का हो जाता है। मंत्रों के निरंतर उच्चारण से उत्पन्न होने वाले ध्वनि तरंगें मस्तिष्क को शांत करती हैं और घर के वातावरण को ऊर्जावान बना देती हैं।
पूजा में घंटी बजाएं
हिंदू धर्म में देवी-देवताओं की पूजा के समय घंटी बजाने की परंपरा बहुत पुरानी है। आरती या पूजा के समय घंटी बजाने से पूरे घर का माहौल पल भर में भक्तिमय हो जाता है। वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी घंटी की तेज और सुमधुर ध्वनि से निकलने वाले कंपन आसपास के वातावरण को शुद्ध करते हैं।
शंख की आवाज से शुद्ध करें माहौल
अगर आपके पूजा घर में शंख मौजूद है, तो नियमित पूजा के समय इसे बजाने की आदत डालें। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शंख की आवाज जहां तक पहुंचती है, वहां की सारी अशुद्धियां और नकारात्मक शक्तियां नष्ट हो जाती हैं। मान्यता है कि शंख ध्वनि से घर में लक्ष्मी जी का वास होता है।
धूप या अगरबत्ती जलाएं
पूजा के धूप, लोबान या अगरबत्ती जलाने से उसकी खुशबू घर के हर कमरे में फैल जाती है। यह सुगंध ना केवल मन के विकारों और मानसिक तनाव को शांत करती है, बल्कि पूजा में ध्यान लगाने में भी बहुत मददगार होती है।
मन ही मन भगवान का धन्यवाद करें
भगवान की भक्ति के लिए जरूरी नहीं कि आप हर दिन घंटों मंदिर में बैठकर पूजा-अर्चना करें। सुबह सोकर उठने के बाद और रात्रि में सोने से ठीक पहले केवल पांच मिनट का समय निकालकर भगवान का ध्यान करना पर्याप्त होता है। पूरे दिन में आपके साथ जो भी अच्छा हुआ है, उसके लिए भगवान के प्रति सच्चा आभार व्यक्त करें।
थोड़ा धार्मिक पाठ करें
रोजमर्रा की कामों के बीच थोड़ा सा समय निकालकर रामचरितमानस, हनुमान चालीसा, श्रीमद्भगवद्गीता या शिव चालीसा जैसी पवित्र धार्मिक पुस्तकों का पाठ जरूर करें। इन ग्रंथों में छिपा ज्ञान और विचार आपके दृष्टिकोण को सकारात्मक बनाते हैं।नियमित रूप से धार्मिक साहित्य का पाठ करने या सुनने से घर का माहौल शांत और खूबसूरत हो जाता है।
घर से नेगेटिविटी को खत्म करने और पॉजिटिविटी बढ़ाने के लिए इन आसान उपायों को अपने दिनचर्या में जरूर शामिल करें। ये उपाय आपके घर को खुशियों और सकारात्मक ऊर्जा का केंद्र बना सकते हैं।


