झारखंड में जनता दल यू का चुनाव चिन्ह ट्रैक्टर चलाता किसान होगा। चुनाव आयोग की ओर से शुक्रवार को इसकी घोषणा की गई। पार्टी के प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता श्रवण कुमार ने बताया कि पार्टी की ओर से इस चिन्ह का विकल्प दिया गया था।
जेएमएम की मांग पर चुनाव आयोग ने प्रदेश में जदयू के चुनाव चिन्ह को फ्रिज कर दिया था। इसके बाद चुनाव आयोग की ओर से पार्टी को यह चिन्ह दिया गया है। लोकसभा चुनाव के दौरान जदयू ने बिहार में जेएमएम के चुनाव चिन्ह को फ्रिज करवा दिया था।
जदयू के झारखंड प्रदेश प्रभारी रामसेवक सिंह ने कहा कि चुनाव चिन्ह से पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। हम अपने नेता, नीति और उनके कार्यों के दम पर चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव आयोग से दिया गया चिन्ह भी पार्टी के हित में है। राज्य की 80 फीसदी जनता कृषि से जु़ड़ी है। इससे लोगों को चिन्ह पहचानने में भी परेशानी नहीं होगी।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष सालखन मुर्मू हमलोगों को किसी न किसी से चुनाव लड़ना है। चुनाव चिन्ह भी अच्छा है। शहर और गांव में लोग इसे जानते-पहचानते हैं। हमारे असली सिम्बल तो हमारे नेता नीतीश कुमार ही हैं।