फोटो गैलरी

Hindi News विधानसभा चुनावहरियाणा विधानसभा चुनाव 2019 : दो नए चेहरों को टिकट, गुरुग्राम पर संशय

हरियाणा विधानसभा चुनाव 2019 : दो नए चेहरों को टिकट, गुरुग्राम पर संशय

13वीं विधानसभा चुनाव में भाजपा ने नए चेहरों को मैदान में उतारा है। सोमवार को पार्टी की पहली सूची में गुरुग्राम जिले की तीन सीट के प्रत्याशी तय कर दिए गए। इनमें से दो सीट पर नए चेहरे को मौका दिया गया...

हरियाणा विधानसभा चुनाव 2019 : दो नए चेहरों को टिकट, गुरुग्राम पर संशय
गुरुग्राम | अचलेन्द्र कटियार Tue, 01 Oct 2019 12:32 PM
ऐप पर पढ़ें

13वीं विधानसभा चुनाव में भाजपा ने नए चेहरों को मैदान में उतारा है। सोमवार को पार्टी की पहली सूची में गुरुग्राम जिले की तीन सीट के प्रत्याशी तय कर दिए गए। इनमें से दो सीट पर नए चेहरे को मौका दिया गया है। पार्टी ने बादशाहपुर सीट से मनीष यादव, सोहना से संजय सिंह और पटौदी सुरक्षित सीट से सत्यप्रकाश जरावता को प्रत्याशी बनाया है। संजय सिंह 2009 और 2014 में पार्टी के टिकट पर नूंह से लड़ चुके हैं।

पार्टी ने संजय सिंह को इस बार सोहना से टिकट दिया है। अब देखना होगा कि वह विधानसभा पहुंच पाते हैं या नहीं? भाजपा की सूची में इसमें सबसे अधिक उलटफेर बादशाहपुर सीट को लेकर रहा। यहां से विधायक और लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह का टिकट काट दिया गया। हालांकि, अभी उम्मीद खत्म नहीं हुई है। 78 प्रत्याशियों की सूची में गुरुग्राम विधानसभा का ऐलान नहीं हो पाया है। यहां पर अभी उमेश अग्रवाल विधायक हैं। पटौदी हरि मंदिर आश्रम के प्रमुख स्वामी धर्मदेव, खाद्यी ग्रामोद्योग बोर्ड की चेयरमैन गार्गी कक्कड़ के अलावा दर्जनभर अन्य नेता टिकट की दौड़ में हैं। इसमें पंजाबी समुदाय के काफी नेता हैं। उनका तर्क है कि किसी पंजाबी को टिकट मिलना चाहिए। पार्टी नेताओं के अनुसार मंगलवार शाम तक दूसरी सूची आने की उम्मीद है। इसमें साफ होगा कि पार्टी गुरुग्राम से उमेश अग्रवाल को उतारती है या फिर नए चेहरे को मौका देती है। लोकसभा क्षेत्र की बात करें तो पार्टी ने नौ विधानसभा क्षेत्रों में से सात पर प्रत्याशी तय कर दिए हैं।

नेतृत्व का जताया आभार : पहली सूची आने के बाद बादशाहपुर से प्रत्याशी बनाए गए मनीष यादव ने ट्विटर पर ट्वीट करके पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। यादव ने लिखा कि बादशाहपुर विधानसभा सीट से मेरे चुनाव लड़ने पर भरोसा जताने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह समेत पूरे नेतृत्व का आभार व्यक्त करता हूं।

भाजपा के जिला अध्यक्ष भूपेन्द्र चौहान ने कहा टिकट वितरण में युवाओं के साथ संगठन को मजबूत करने के लिए सालों से काम कर रहे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को तरजीह दी गई है। चौहान ने कहा अगले तीन दिनों में पार्टी के सभी चारों प्रत्याशी नामांकन भरेंगे। उन्होंने कहा कि शेष 12 प्रत्याशियों की सूची भी जल्द आ जाएगी।

2019 में इन सीटों से होंगे ये उम्मीदवार

1. पटौदी (सुरक्षित) विधानसभा सीट

नया चेहरा

नाम : सत्यप्रकाश जरावता

उम्र : 52 वर्ष

शिक्षा : एमए, एलएलबी

व्यवसाय : वकालत

राजनीतिक सफर : भाजपा के प्रदेश सह-प्रवक्ता

टिकट मिलने की वजह : संगठन व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ वफादारी के साथ जुड़े रहना।

2. बादशाहपुर विधानसभा सीट

नाम : मनीष यादव

उम्र : 36 वर्ष

योग्यता: यूएस से एमबीए

पारिवारिक व्यवसाय : रियल एस्टेट

राजनीतिक सफर : भाजयुमो, प्रदेश अध्यक्ष

टिकट मिलने की वजह: निष्ठा से कार्य कर युवा मोर्चा को ताकतवर बनाया।

3. सोहना विधानसभा सीट

नाम : संजय सिंह

उम्र : 43 साल

शिक्षा : बीए

व्यवसाय : कृषि व अन्य

राजनीतिक सफर : संजय के पिता सूरजपाल सिंह भाजपा से जीतकर बंसीलाल सरकार में मंत्री रहे। पढ़ाई के बाद संजय राजनीति में आए और भाजपा से जुड़कर संगठन के लिए काम किया। हालांकि इससे पहले वह नूंह सीट दो विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं लेकिन तब सफलता नहीं मिली थी।

02 लाख 28 हजार 152 मतदाता हैं सोहना विधानसभा क्षेत्र में। इनमें पुरुष वोटरों की संख्या एक लाख 22 हजार 577 हैं।

बादशाहपुर से तीन ने नामांकन भरे

विधानासभा चुनाव के लिए सोमवार को तीन निर्दलीय उम्मीदवारों ने बादशाहपुर सीट से पर्चे भरे। हालांकि गुरुग्राम, पटौदी और सोहना से दूसरे दिन भी कोई नामांकन दाखिल नहीं किया गया। किसी बड़ी पार्टी का उम्मीदवार भी नहीं पहुंचा। अब नामांकन पत्र जमा करने के लिए उम्मीदवारों के पास सिर्फ तीन दिन बचे हैं। चार अक्टूबर को नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि है।

जनभावना की न हो अनदेखी: उमेश अग्रवाल

भाजपा प्रत्याशियों की सूची जारी होने से गुरुग्राम विधायक उमेश अग्रवाल के ट्विटर अकाउंट से एक ट्वीट आया। इसमें उन्होंने लिखा गया कि केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की अनदेखी करने से पार्टी को दक्षिण हरियाणा में भारी नुकसान हो सकता है। हालांकि इस ट्वीट को कुछ देर बाद डिलीट कर दिया गया। इसके बाद अग्रवाल के हैंडल से एक और ट्वीट किया। इसमें उन्होंने लिखा कि सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास। इसी नारे के साथ होना चाहिए टिकटों का वितरण। योग्यता एवं जनभावनाओं की ना हो अनदेखी।

मेवात में पार्टी की मजबूत घेराबंदी

गुरुग्राम। पिछली बार भाजपा ने गुरुग्राम जिले की चारों सीटें जीती थीं, इसके साथ रेवाड़ी जिले की दोनों सीटों पर भी कमल खिला था, हालांकि मेवात में पार्टी तीन सीटों पर हार गई थी। दो सीटें इनेलों और एक सीट निर्दलीय के खाते में गई थी। पार्टी की कोशिश है कि लोकसभा क्षेत्र की सभी सीटें जीती जाएं। हालांकि,लोकसभा चुनाव की बात करें तो पार्टी मेवात की तीनों सीटों पर हारी थी, इसी को देखते हुए पार्टी ने एक विशेष रणनीति के तहत इनेलो से भाजपा में आए दोनों मौजूदा विधायकों को टिकट दिया है। हालांकि, पुन्हाना में पार्टी ने नए चेहरे पर दांव लगाया है।

नरबीर के लिए उम्मीद बाकी

गुरुग्राम। बादशाहपुर सीट से मौजूदा विधायक और लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह की टिकट पक्की मानी जा रही थी। उन्होंने नामांकन की तैयारी भी कर ली थी, लेकिन 78 प्रत्याशियों की सूची में उनका नाम नहीं था। इस सीट से मनीष यादव को प्रत्याशी बनाया गया है। हालांकि अभी उम्मीद बनी हुई है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें