फोटो गैलरी

Hindi News विधानसभा चुनाव गुजरात चुनाव 2022अरविंद केजरीवाल ने गुजरात में पर्ची पर लिखकर दिया था इनका नाम, जानिए इसुदान गढ़वी, गोपाल इटालिया और अल्पेश कठारिया का हाल

अरविंद केजरीवाल ने गुजरात में पर्ची पर लिखकर दिया था इनका नाम, जानिए इसुदान गढ़वी, गोपाल इटालिया और अल्पेश कठारिया का हाल

अरविंद केजरीवाल ने गुजरात चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को लेकर खूब दावे किए थे। एक तरफ का केजरीवाल का दावा था कि गुजरात में मुकाबला भाजपा बनाम आप है। वह, कांग्रेस को लगातार खारिज कर रहे थे।

अरविंद केजरीवाल ने गुजरात में पर्ची पर लिखकर दिया था इनका नाम, जानिए इसुदान गढ़वी, गोपाल इटालिया और अल्पेश कठारिया का हाल
Deepakलाइव हिंदुस्तान,अहमदाबादThu, 08 Dec 2022 06:26 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

अरविंद केजरीवाल ने गुजरात चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को लेकर खूब दावे किए थे। एक तरफ का केजरीवाल का दावा था कि गुजरात में मुकाबला भाजपा बनाम आप है। वह, कांग्रेस को लगातार खारिज कर रहे थे। दूसरी तरफ, अपनी पार्टी के कुछ उम्मीदवारों को लेकर केजरीवाल हद दर्जे तक कांफिडेंट थे। आलम यह था कि उन्होंने इन उम्मीदवारों का चुनाव परिणाम पर्ची पर लिखकर दे दिया था। यह तीन नाम थे, इसुदान गढ़वी जो कि यहां आम आदमी पार्टी के सीएम फेस थे और खंबालिया सीट से चुनाव लड़ रहे थे। वारछा रोड से पार्टी प्रत्याशी अल्पेश कठारिया और कतरगाम से चुनाव लड़ रहे अल्पेश कठारिया। आइए जानते हैं क्या रहा इन तीनों का चुनाव परिणाम

गोपाल इटालिया, कतरगाम
गोपाल इटालिया, गुजरात में आम आदमी पार्टी के कर्ताधर्ता हैं। गुजरात में म्यूनिसिपल चुनावों से पहले आप ने उन्हें गुजरात में पार्टी अध्यक्ष का पद दिया था। गुजरात चुनावों से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊपर विवादास्पद टिप्पणी के चलते वह सुर्खियों में आए थे। कतरगाम सीट से उम्मीदवार, गोपाल इटालिया, अरविंद केजरीवाल के विनिंग कैंडिडेट्स की लिस्ट में शामिल थे। केजरीवाल ने एक कार्यक्रम के दौरान कागज पर लिखकर दिया था कि इटालिया जरूर जीतेंगे। अब अगर बात करें चुनाव परिणाम की तो यहां पर गोपाल इटालिया काफी पीछे रहे। कतरगाम से भाजपा के विनोदभाई अमरीशभाई मोराडिया को 120505 वोट मिले, जबकि गोपाल इटालिया को महज 55878 हैं। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के वारिया कल्पेश को 26840 वोट मिले हैं।

अल्पेश कठारिया, वारछा रोड
अल्पेश कठारिया गुजरात में पाटीदार आंदोलन के दौरान हार्दिक पटेल के साथ नजर आए थे। उनका कद काफी ज्यादा माना जा रहा था। शायद वही वजह थी कि पीएम मोदी और यूपी के सीएम योगी भी उनके विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे थे। अल्पेश को लेकर भी केजरीवाल ने पर्ची पर लिखा था और उनकी जीत का दावा किया था। हालांकि यह बात चुनावी नतीजों में नहीं बदल पाई। शुरुआती दौर में अल्पेश ने भाजपा उम्मीदवार पर बढ़त जरूर बनाई, लेकिन बाद में वह पिछड़ गए। अल्पेश के पास 50372 वोट थे, जबकि भाजपा के किशोर कनाणी को कुल 67206 वोट मिले।

इसुदान गढ़वी, खंभालिया
आखिर में बात आम आदमी पार्टी के उस उम्मीदवार की जिसे वह गुजरात में तुरुप का इक्का बता रही थी। पूर्व मीडियाकर्मी इसुदान गढ़वी को आम आदमी पार्टी ने गुजरात चुनाव में सीएम फेस बनाया था। उनकी ईमानदार छवि और जनता के साथ जुड़ाव की बात को खूब प्रचारित किया गया था। अरविंद केजरीवाल कई टीवी कार्यक्रमों में गढ़वी के साथ पहुंचे थे और उन्होंने दावा किया था कि गढ़वी की जीत तय है। गढ़वी के लिए भी केजरीवाल ने यह बात पर्ची पर लिखकर दी थी। हालांकि, चुनाव परिणाम में उनके यह दावे नजर नहीं आए। खंभालिया सीट पर गढ़वी 59089 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर हैं। जबकि भाजपा उम्मीदवार मुलुभाई हदरशभाई 77834 वोटों के साथ पहले नंबर पर हैं। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें