फोटो गैलरी

Hindi News विधानसभा चुनाव दिल्ली चुनाव 2020हिन्दुस्तान मतदाता जागरूकता : सुगम मतदान के लिए दिल्ली तैयार

हिन्दुस्तान मतदाता जागरूकता : सुगम मतदान के लिए दिल्ली तैयार

राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव अपने आखिरी दौर में पहुंच चुका है। राजनीतिक दल और प्रत्याशी जबरदस्त जन संपर्क कर रहे हैं। चुनाव आयोग और सीविजिल एप के जरिये जनता चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों और उनके...

हिन्दुस्तान मतदाता जागरूकता : सुगम मतदान के लिए दिल्ली तैयार
नई दिल्ली | हिन्दुस्तान टीम Tue, 04 Feb 2020 05:37 PM
ऐप पर पढ़ें

राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव अपने आखिरी दौर में पहुंच चुका है। राजनीतिक दल और प्रत्याशी जबरदस्त जन संपर्क कर रहे हैं। चुनाव आयोग और सीविजिल एप के जरिये जनता चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों और उनके कार्यकर्ताओं की हर गतिविधि पर नजर रखे हुए है। पेश है चुनाव आयोग के साथ आयोजित ‘हिन्दुस्तान’ के विशेष मतदाता जागरुकता अभियान के अंतर्गत प्रकाशित श्रंखला की 13वीं कड़ी।

दिल्ली विधानसभा चुनाव-2020  शनिवार 8, फरवरी, 2020 को संपन्न होने जा रहा है। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार चुनाव आयोग का मुख्य विषय ‘सुगम चुनाव’ है। चुनाव को अधिक सुगम बनाने के लिए चुनाव आयोग ने मतदाताओं को कुछ अतिरिक्त सुविधाएं प्रदान करने के निर्देश जारी किए हैं जिनमें मुख्य रूप से दिव्यांगजनों तथा वरिष्ठ नागरिकों को सुगमता पूर्वक मतदान करने के लिए कुछ अतिरिक्त सुविधाओं का प्रावधान किया गया है ताकि चुनाव आयेाग का लक्ष्य ‘कोई भी मतदाता न छूटे’ साकार हो सके।

वोटर कार्ड की गलती इस तरह सुधारें

दिल्ली के मुख्य चुनाव कार्यालय की चीफ नोडल ऑफिसर सुश्री शिल्पा शिंदे ने बताया कि दिल्ली चुनाव में दिल्ली में पहली बार डाक मतपत्र (पोस्टल बैलट) की सुविधा भारतीय सेना के जवानों और वरिष्ठ नागरिक, 80 वर्ष  से अधिक एवं  दिव्यांगजन के अलावा कुछ विशिष्ट मतदाताओं को भी दी जा रही है। वरिष्ठ नागरिक (80 वर्ष  से अधिक) तथा दिव्यांगजन जो मतदान केंद्र पर जाकर मतदान करने में असमर्थ हैं उनको  पोलिंग टीम द्वारा उनके घर पर ही जाकर मतदान कराने की सुविधा दी जा रही है। इस सुविधा का फायदा उठाने के लिए भिन्न-भिन्न माध्यमों से सूचित किया गया है। 

वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराना है जरूरी

लाने व छोड़ने की सुविधा : इस बार चुनाव में दिव्यांगजनों तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के लिए  ‘पिक एंड ड्रॉप’ द्वारा घर से मतदान केन्द्र तक  लाने ले जाने की नि:शुल्क सुविधा प्रदान की जाएगी। इस सुविधा को प्राप्त करने के लिए ऐसे मतदाता अपने आप को निम्न माध्यमों से पंजीकृत करा सकते हैं :-
1. हेल्पलाइन  नंबर -1950
2. एसएमएस ईपीआईसी <> ईपीआईसी एनआई. लिखें और इस नंबर पर भेजें-7738299899
3. मुख्य चुनाव कार्यालय  की वेबसाइट 
4. पिक एंड ड्रॉप मोबाइल एप 

उपरोक्त माध्यमों से स्वयं को लाने और छोड़ने की सुविधा प्राप्ति हेतु पंजीकृत कराने की तिथि दिनांक 05.02.़2020 तक बढ़ा दी गई है। मतदान के दिन बूथ स्तर के पर्यवेक्षक एवं अन्य अधिकारी ऐसे दिव्यांगजनों और 80 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ मतदाताओं को, जिन्होंने इस सुविधा के लिए स्वयं को पंजीकृत करा लिया है, उन्हें लाना व छोड़ना सुनिश्चित करेंगे। अब तक 322 मतदाताओं ने विभिन्न माध्यमों से स्वयं को पंजीकृत करा लिया है

रैम्प (ढलाव) : लगभग सभी मतदान केन्द्रों में दिव्यांगजनों एवं 80 वर्ष  के वरिष्ठ नागरिकों  को सुगम रूप से पहुंचने के लिए रैम्प की व्यवस्था की गई है।  जिसका कम-से-कम अनुपात 1:10 रखा गया है। ऐसे मतदान केन्द्रों पर जहां संकरी जगह है या निजी विद्यालयों में जहां पर स्थायी रैम्प का निर्माण नहीं हो सकता, वहां मतदान केन्द्रों पर अस्थायी रैम्प के निर्माण का निर्देश दिया गया है। 

व्हील चेयर सुविधा : दिव्यांगजन मतदाता, जो कि चलने में असमर्थ हैं, उनके मतदान केन्द्र तक जाने को अधिक सुगम बनाने के लिए मतदान केन्द्र पर व्हील चेयर की सुविधा प्रदान की जाएगी। ऐसे  दिव्यांगजनों को मतदान केन्द्र तक सुगम तरीके से पहुंचाने के लिए लगभग 10,000 छात्र/छात्राओं को वॉलेंटियर के रूप में लगाया गया है। इन वॉलेंटियर  को दीनदयाल उपाध्याय, सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण मंत्रालय  द्वारा प्रशिक्षण दिया गया है तथा विभिन्न एनजीओ द्वारा भी  दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील  बनाया गया है।

नई तकनीक से वोटर्स की सुविधाओं में इजाफा हुआ

दृष्टिबाधित मतदाताओं के लिए आभासी मतपत्र का प्रावधान पीठासीन अधिकारी के पास उपलब्ध होगा। इस आभासी मतपत्र में उम्मीदवारों की क्रमांक संख्या तथा ईवीएम मशीन पर चिपकने वाले ब्रेल स्टीकर का नम्बर समान होगा। ऐसे मतदाताओं के लिए वोटर कार्ड व मतदाता पर्ची ब्रेल भाषा में उपलब्ध कराई जाएगी।  

पोस्टर 3 एवं पोस्टर 4  दृष्टिबाधित मतदाताओं के लिए है जो कि बे्रल में उपलब्ध रहेगा। पोस्टर 3 में यह दर्शाया गया है कि मतदान केन्द्र पर क्या करना है और क्या नहीं करना है तथा यह पोस्टर ब्रेल लिपि में मतदान केन्द्र में उपलब्ध रहेगा। पोस्टर 4 के अंतर्गत यह दर्शाया गया है कि मतदान केन्द्र पर ‘मतदान कैसे करें’। 
मूक एवं बधिर दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए विशेष संकेत वाला पोस्टर तैयार किया गया है जो कि 2़5७5 फीट का होगा। यह प्रत्येक पोलिंग लोकेशन पर लगाया जाएगा। इसके अलावा इसी पोस्टर की ए-5 साइज की प्रति मूक-बधिर मतदाताओं की मतदाता लिस्ट में दी जाएगी। 

मूक एवं बधिर मतदाताओं की सुविधा के लिए इस चुनाव के दौरान सभी चुनाव अधिकारियों, सेक्टर ऑफिसर्स, पुलिस तथा सुरक्षा कर्मियों को साइन लैंग्वेज इन्टरप्रेटर के द्वारा जागरूक किया गया है, जिससे वे ऐसे मतदाताओं के प्रति अनुकूल व्यवहार करें। मतदान केन्द्रों पर सुगम प्रसाधन की व्यवस्था दिव्यांगजनों तथा अन्य मतदाताओं के लिए की गई है। जहां पर स्थायी प्रसाधन की व्यवस्था नहीं है उन मतदान केन्द्रों पर चलते-फिरते प्रसाधन की व्यवस्था की जा रही है।

पिक एंड ड्रॉप के लिए पंजीकृत करवाने वाले मतदाता

पंजीकरण का माध्यम                                                 संख्या
 कॉल सेंटर (1950)                                                      94
मोबाइल एप-(सीईओ दिल्ली पिक एंड ड्रॉप सुविधा)            32
एसएमएस (7738299899)                                           53
वेबसाइट: ceodlhi.gov.in                                             143
कुल पंजीकृत मतदाता                                                   322

निर्वाचन आयोग ने किए साइबर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें