फोटो गैलरी

Hindi News विधानसभा चुनाव दिल्ली चुनाव 2020दिल्ली चुनाव में 'बाहरी' लोगों को प्रचार के लिए ला रही भाजपा : केजरीवाल

दिल्ली चुनाव में 'बाहरी' लोगों को प्रचार के लिए ला रही भाजपा : केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को भाजपा पर राजधानी दिल्ली के लोगों का अपमान करने का आरोप लगाया और कहा कि विधानसभा चुनाव में प्रचार करने के लिए वह 'बाहरी' लोगों को लेकर...

दिल्ली चुनाव में 'बाहरी' लोगों को प्रचार के लिए ला रही भाजपा : केजरीवाल
नई दिल्ली | लाइव हिन्दुस्तान टीम Tue, 28 Jan 2020 07:21 PM
ऐप पर पढ़ें

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को भाजपा पर राजधानी दिल्ली के लोगों का अपमान करने का आरोप लगाया और कहा कि विधानसभा चुनाव में प्रचार करने के लिए वह 'बाहरी' लोगों को लेकर आ रही है। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा उन्हें हराने के लिए बाहर से 200 सांसदों, 70 मंत्रियों और 11 मुख्यमंत्रियों को लाई है।

गोकलपुरी से 'आप' के उम्मीदवार सुरेंद्र कुमार के लिए प्रचार करते हुए केजरीवाल ने कहा कि वे 200 सांसदों, 70 मंत्रियों और 11 मुख्यमंत्रियों को ला रहे हैं, चूंकि दिल्ली के लोग उनका समर्थन नहीं करते इसलिए वे बाहरी लोगों को ला रहे हैं। वे दिल्ली के लोगों को हराने के लिए आ रहे हैं।

केजरीवाल ने कहा कि वे आपके बेटे केजरीवाल को हराने आ रहे हैं। वे हम सब की बेइज्जती करने आ रहे हैं। वे आएंगे और कहेंगे कि आपके स्कूलों की हालत खराब है, मोहल्ला क्लिनिक बेकार हैं। तो क्या आप चुप रहेंगे?।

8 फरवरी को होगी वोटिंग 

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 (Delhi Assembly Elections 2020) के लिए बिगुल बज गया है। दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के साथ ही भाजपा और कांग्रेस भी सत्ता प्राप्ति के लिए संघर्ष कर रही हैं। दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों के लिए 8 फरवरी को वोट डाले जाएंगे और मतगणना 11 फरवरी को होगी। 

गौरतलब है कि 2015 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को कुल 67 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। वहीं भाजपा को तीन सीटें मिली थीं, जबकि कांग्रेस अपना खाता तक नहीं खोल सकी थी। इसके अलावा 2019 के लोकसभा चुनाव में में दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों पर भाजपा को जीत हासिल हुई थी।

672 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे 1.47 करोड़ वोटर

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आगामी 08 फरवरी को होने मतदान में 14786382 मतदाता चुनाव मैदान में मौजूद कुल 672 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। चुनाव आयोग ने मंगलवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियों का ब्योरा देते हुए बताया कि दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर मतदान के लिए 13750 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। मतदान के लिए 2688 मतदान स्थलों पर बने 13750 मतदान केन्द्रों पर 20385 ईवीएम मशीनों की मदद से मतदान होगा। 

दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस सहित छह राष्ट्रीय दलों के अलावा आप एवं अन्य पंजीकृत राज्यस्तरीय पार्टियों के कुल 672 उम्मीदवार (593 पुरुष और 79 महिला) चुनाव मैदान में हैं। इनमें 148 निर्दलीय उम्मीदवार भी शामिल हैं। 

राष्ट्रीय दलों में भाजपा और कांग्रेस ने 66-66, बसपा ने 68, भाकपा, माकपा ने तीन तीन और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने पांच सीटों पर उम्मीदवार खड़े किये हैं। राज्य स्तरीय पंजीकृत दलों में आप ने सभी 70 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। वहीं अन्य पंजीकृत राज्यस्तरीय दलों के 243 उम्मीदवार चुनाव मैदन में हैं।

सर्वाधिक 28 उम्मीदवार नई दिल्ली विधानसभा सीट से और सबसे कम चार उम्मीदवार पटेल नगर विधानसभा सीट पर हैं। नई दिल्ली सीट पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, आप उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में हैं।

दिल्ली में पंजीकृत कुल 14786382 मतदाताओं में 8105236 पुरुष, 6680277 महिला और 869 तृतीय लिंग के मतदाता हैं। सभी मतदाताओं को फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र जारी किए जा चुके हैं। दिल्ली में 498 अनिवासी भारतीय और 11608 सर्विस वोटर भी शामिल हैं।

क्षेत्रफल की दृष्टि से सबसे छोटा विधानसभा क्षेत्र बल्लीमारान और सबसे बड़ा क्षेत्र नरेला है, जबकि सबसे कम मतदाताओं वाला विधानसभा क्षेत्र चांदनी चौक (125684 मतदाता) और सर्वाधिक मतदाताओं वाला क्षेत्र मटियाला (423682 मतदाता) है। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें