फोटो गैलरी

Hindi News विधानसभा चुनाव बिहार चुनाव 2020बिहार में बोले योगी आदित्यनाथ, कांग्रेस-राजद सत्ता में रहते तो नहीं बनता राम मंदिर

बिहार में बोले योगी आदित्यनाथ, कांग्रेस-राजद सत्ता में रहते तो नहीं बनता राम मंदिर

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस और राजद जैसे दल सत्ता में रहते तो अयोध्या में भगवान राम के मंदिर का निर्माण नहीं करवा पाते। कांग्रेस तो काफी पहले से मंदिर...

बिहार में बोले योगी आदित्यनाथ, कांग्रेस-राजद सत्ता में रहते तो नहीं बनता राम मंदिर
हिन्दुस्तान,पटनाWed, 21 Oct 2020 08:13 PM
ऐप पर पढ़ें

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस और राजद जैसे दल सत्ता में रहते तो अयोध्या में भगवान राम के मंदिर का निर्माण नहीं करवा पाते। कांग्रेस तो काफी पहले से मंदिर निर्माण में रोड़े अटकाती रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण शुरू हो गया है। कार्य तेजी से हो रहा है। निर्माण पूरा होने पर बिहारवासियों का भी अयोध्या में आकर दर्शन का इंतजार रहेगा। वे भोजपुर के तरारी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी कौशल कुमार विद्यार्थी के पक्ष में पीरो के पड़ाव मैदान में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।

योगी ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के शासनकाल में 12 करोड़ किसानों को किसान सम्मान योजना का लाभ मिला है। इससे खेती के लिए कर्ज से किसानों को मुक्ति मिल सकी है। कोरोना काल में गरीब कल्याण योजना का धरातल पर क्रियान्वयन कर मुफ्त राशन उपलब्ध कराया गया। गरीबों को आवास और आयुष्मान कार्ड देकर उबारने की भरपूर कोशिश की है।

योगी आदित्यनाथ ने विपक्षियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राजद नेता इन दिनों सरकार बनने पर 10 लाख बेरोजगारों को रोजगार देने की बात कह रहे हैं। जब 15 साल के शासन काल में नौकरी नहीं दे पाये तो अब कहां से देंगे? राजद और कांग्रेस जैसी परिवारवादी पार्टी भाजपा नहीं है।

हेलीकॉप्टर से उतरते ही युवाओं ने किया विरोध, शोर-शराबा
चुनावी सभा में शामिल होने के लिए आये उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर पीरो के पड़ाव मैदान में उतरते ही कुछ युवाओं ने विरोध जताते हुए जमकर शोर-शराबा किया और विरोध में नारेबाजी की। कुछ युवक गाली-गलौज व असंसदीय भाषा का प्रयोग करते भी सुने गये। मौके पर मौजूद सुरक्षा बल के जवानों को युवाओं को हटाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। योगी के मंच पर जाने के दौरान भी बाहर से नारेबाजी होती रही।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें