फोटो गैलरी

Hindi News विधानसभा चुनाव बिहार चुनाव 2020बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के अंतिम चरण में 12 मंत्रियों समेत कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर

बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के अंतिम चरण में 12 मंत्रियों समेत कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर

बिहार सरकार के बड़ी संख्या में मंत्रियों तथा कई दिग्गज राजनेताओं के चुनावी अखाड़े में उतरे होने से बिहार विधानसभा चुनाव का तीसरा और अंतिम चरण बेहद खास हो गया है। इस चरण में सरकार के 11 मंत्रियों की...

बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के अंतिम चरण में 12 मंत्रियों समेत कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर
पटना। हिन्दुस्तान ब्यूरोThu, 05 Nov 2020 07:42 AM
ऐप पर पढ़ें

बिहार सरकार के बड़ी संख्या में मंत्रियों तथा कई दिग्गज राजनेताओं के चुनावी अखाड़े में उतरे होने से बिहार विधानसभा चुनाव का तीसरा और अंतिम चरण बेहद खास हो गया है। इस चरण में सरकार के 11 मंत्रियों की किस्मत का फैसला होना है।

हाल ही दिवंगत हुए नीतीश मंत्रिमंडल के दो सदस्य कपिलदेव कामत की बहू मीना कामत तो विनोद कुमार सिंह की पत्नी निशा सिंह की उम्मीदवारी पर भी जनता इसी चरण में फैसला करेगी। विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी, विपक्ष के कद्दावर नेता अब्दुलवारी सिद्दिकी, सीपीआई के राज्य सचिव रामनरेश पांडेय, 11वीं बार चुनावी मैदान में उतरे पूर्व मंत्री रमई राम, जबकि वीआईपी प्रमुख और पहली बार विस चुनाव लड़ रहे मुकेश सहनी और पूर्व सांसद अश्वमेध देवी सरीखे राजनेता इसी चरण में चुनाव लड़ रहे हैं। 


विदित हो कि वर्तमान सरकार के 31 मंत्रियों में 26 विधानसभा के सदस्य हैं। इनमें से 24 चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, सूचना मंत्री नीरज कुमार और भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी विधान परिषद के सदस्य हैं। पहले चरण में आठ, जबकि दूसरे चरण में चार मंत्री चुनाव मैदान में थे। तीसरे चरण में जो 12 मंत्री चुनाव लड़ रहे हैं, उनमें 8 जदयू, जबकि चार भाजपा के हैं। जदयू के मंत्रियों में सुपौल से बिजेन्द्र प्रसाद यादव, मधेपुरा के आलमनगर से नरेन्द्र नारायण यादव, सिंघेश्वर (सु.) से रमेश ऋषिदेव, सिकटा से खुर्शीद उर्फ फिरोज अहमद, लौकहा से लक्ष्मेश्वर राय, रूपौली से बीमा भारती, दरभंगा जिले के बहादुरपुर से मदन सहनी और कल्याणपुर (सु.) सीट से महेश्वर हजारी चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं भाजपा कोटे के मंत्रियों में मोतिहारी से प्रमोद कुमार, मुजफ्फरपुर से सुरेश शर्मा, मधुबनी जिले के बेनीपट्टी से विनोद नारायण झा और बनमनखी सीट से कृष्ण कुमार ऋषि शामिल हैं। दिवंगत मंत्री विनोद सिंह की पत्नी निशा सिंह कटिहार के प्राणपुर से, जबकि कपिलदेव कामत की बहू मीना कामत मधुबनी जिले के बाबूबरही विस क्षेत्र से क्रमश: भाजपा और जदयू के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। इन सबों की किस्मत का फैसला 7 नवम्बर के मतदाता में होगा। 

विस अध्यक्ष समेत कई पूर्व मंत्री भी मैदान में 
विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी के भाग्य का फैसला भी मतदाता इसी चरण में करेंगे। वे समस्तीपुर जिले के सरायरंजन से जदयू के टिकट पर मैदान में हैं। यहां उनके खिलाफ महागठबंधन से राजद के अरविंद कुमार सहनी खड़े हैं। एनडीए से कई पूर्व मंत्री भी मैदान में हैं। इनमें विनय बिहारी लौरिया, डॉ. रंजूगीता बाजपट्टी, लेसी सिंह धमदाहा से किस्मत आजमा रही हैं।

विपक्ष के भी कई कद्दावर मैदान में 
तीसरे चरण में विपक्ष के भी कई कद्दावर नेताओं के भाग्य का फैसला होना है। इनमें कई पूर्व मंत्री शामिल हैं। केवटी से अब्दुलबारी सिद्दिकी, बोचहां से रमई राम, हरलाखी से सीपीआई के राज्य सचिव रामनरेश पांडेय, सहरसा से लवली आनंद, पातेपुर से शिवचन्द्र राम, हायाघाट से भोला यादव, कदवा से शकील अहमद खान, वाल्मीकिनगर राजेश सिंह प्रमुख हैं। 

चुनाव लड़ रहे उभरते चेहरे 
तीसरे चरण में कई उभरते चेहरे भी मैदान हैं। ये विभिन्न कारणों से भी चर्चा में हैं। इनकी जीत-हार पर भी सबकी निगाहें हैं। जदयू ने प्रदेश प्रवक्ता निखिल मंडल को मधेपुरा से खड़ा किया है, जो राजद के चंद्रशेखर को चुनौती दे रहे हैं। रानीगंज सुरक्षित सीट से राजद प्रत्याशी अविनाश ऋषिदेव नियोजित शिक्षक थे, इस्तीफा देकर मैदान में हैं। बीडीओ की नौकरी से इस्तीफा देखर महिषी से गौतम कृष्णा राजद के टिकट पर खड़े हैं। उनकी लड़ाई जदयू के गुंजेश्वर साह से है। परिहार से राजद उम्मीदवार रीतु जयसवाल मुखिया हैं और विधानसभा में जाने के लिए भाजपा की गायत्री देवी के विरुद्ध मैदान में हैं। पूर्व मंत्री इलियास हुसैन की पुत्री आसमां परवीन जदयू के टिकट से महुआ से खड़ी हैं। इनकी लड़ाई राजद के मुकेश रौशन से है। जाले से कांग्रेस उम्मीदवार मंसूर अहमद हैं, जो एएमयू छात्र संघ अध्यक्ष रहे थे। उनकी लड़ाई भाजपा के जीवेश कुमार से है।    
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें