फोटो गैलरी

Hindi News विधानसभा चुनाव बिहार चुनाव 2020भोजपुर में बोले राजनाथ सिंह- BJP व JDU की जोड़ी सचिन-सहवाग की तरह, इसे नकारना मत

भोजपुर में बोले राजनाथ सिंह- BJP व JDU की जोड़ी सचिन-सहवाग की तरह, इसे नकारना मत

केंद्रीय रक्षा मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता राजनाथ सिंह ने बिहार के भोजपुर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करेत हुए कहा कि बिहार की राजनीति में भाजपा और जदयू की जोड़ी क्रिकेट की...

भोजपुर में बोले राजनाथ सिंह- BJP व JDU की जोड़ी सचिन-सहवाग की तरह, इसे नकारना मत
हिन्दुस्तान,भोजपुरWed, 21 Oct 2020 05:09 PM
ऐप पर पढ़ें

केंद्रीय रक्षा मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता राजनाथ सिंह ने बिहार के भोजपुर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करेत हुए कहा कि बिहार की राजनीति में भाजपा और जदयू की जोड़ी क्रिकेट की सचिन तेंडुलकर और वीरेंद्र सहवाग की ओपनिंग जोड़ी की जैसी है। आप लोग इसे नकारना मत। राजनाथ सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार और सुशील मोदी पर कोई भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकता है। इन दोनों नेताओं को भ्रष्टाचार के कारण जेल की हवा नहीं खानी पड़ी। उन्होंने कहा कि बिहार में एलईडी युग आ गया है और लालटेन युग खत्म हो गया है।

बुधवार राजनाथ सिंह बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के लिए एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने के लिए भोजपुर पहुंचे थे। यहां से भाजपा के राघवेंद्र सिंह भाजपा के प्रत्याशी हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी विश्वसनीयता हैं। अटल जी जो कहते थे, वो करते थे। उन्होंने कहा कि देश का नाम दुनिया में किसी के माई के लाल ने ऊंचा किया है, वो नरेंद्र मोदी हैं। हमारी सरकार जो कहती है, वो पूरा करती है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि हमने अपने घोषणा पत्र में कहा था कि जिस दिन पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी, तो कश्मीर से अनुच्छेद 370 खत्म कर देंगे। अयोध्या में राम मंदिर बनाएंगे। तीन तलाक से मुस्लिम महिलाओं को आजादी दिलाएंगे। हमें जब पूर्ण बहुमत मिला। हमने चुटकी बजाकर ये सारे काम कर दिए। नागरिकता संशोधन कानून का भी रक्षा मंत्री ने जिक्र किया।

बिहार रेजिमेंट के जवानों ने भारत माता के स्वाभिमान को बचाया

राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं देश का रक्षा मंत्री हूं। उस नाते चीन के साथ चल रहे संघर्षों पर भी बोलना मेरा फर्ज बनता है। उन्होंने कहा कि भारत और चीन बॉर्डर पर गलवान घाटी में हमारे बिहार रेजिमेंट के जवानों ने बलिदान देकर भारत माता के स्वाभिमान को बचाया है। मैं उनकी शहादत को नमन करता हूं। उन माताओं के सामने शीष झुकाकर नमन करता हूं, जिन्होंने ऐसे लाल पैदा किए हैं। इन जवानों ने बलिदान देकर भारत का मस्तक ऊंचा किया है। राजनाथ सिंह ने कहा कि अब कांग्रेस के नेता कहते हैं कि तीन दिन में चीन को जवाब दे देते। उन्होंने पूछा कि कांग्रेस ने 1962 में क्या किया।

दुनिया की कोई ताकत भारत के एक इंच जमीन पर कब्जा नहीं कर सकती

राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री मोदी का सीना ही 56 इंच का है। मैं आप लोगों को यकीन दिलाकर जाना चाहता हूं कि दुनिया की कोई ताकत भारत के एक इंच जमीन पर कब्जा नहीं कर सकती है। यह केवल मैं ताली बजवाने के लिए नहीं कह रहा हूं। जो लोग भी मेरे राजनीतिक जीवन के बारे में जानते हैं, उन्हें पता है कि मैं जानता के सामने झूठ बोलकर समर्थन हासिल नहीं करता हूं। रक्षा मंत्री ने कहा कि अगर मैं आज आपके सामने खुलासा कर दूं कि भारत के जवानों ने चीन की सीमा पर क्या किया है तो आप लोग सिर्फ ताली ही नहीं बजाएंगे बल्कि अभी उछलने लगेंगे। ये ताकत है हमारी भारतीय सेना की। हमारे सेना के जवानों ने जो काम किया है, वह अभूतपूर्व है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें