rahul gandhi priyanka gandhi and shatrughan sinha will be the star campaigners of congress in bihar elections बिहार चुनाव के पहले चरण के लिए राहुल-प्रियंका, शत्रुघ्न सिन्हा होंगे कांग्रेस से स्टार प्रचारक, Bihar-election-2020 Hindi News - Hindustan
Hindi Newsविधानसभा चुनाव 2025 लाइव न्यूज़बिहार चुनाव 2020rahul gandhi priyanka gandhi and shatrughan sinha will be the star campaigners of congress in bihar elections

बिहार चुनाव के पहले चरण के लिए राहुल-प्रियंका, शत्रुघ्न सिन्हा होंगे कांग्रेस से स्टार प्रचारक

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी बिहार चुनाव में प्रचार के लिए आएंगी। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी महागठबंधन उम्मीदवारों का प्रचार...

Abhishek Tiwari हिन्दुस्तान, पटनाSat, 10 Oct 2020 07:42 PM
share Share
Follow Us on
बिहार चुनाव के पहले चरण के लिए राहुल-प्रियंका, शत्रुघ्न सिन्हा होंगे कांग्रेस से स्टार प्रचारक

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी बिहार चुनाव में प्रचार के लिए आएंगी। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी महागठबंधन उम्मीदवारों का प्रचार करेंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेनुगोपाल ने चुनाव आयोग को बिहार चुनाव के स्टार प्रचारकों की जो सूची भेजी है उनमें इन प्रमुख नेताओं का भी नाम है।

पार्टी की ओर से बिहार चुनाव के लिए 30 वरीय नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया गया है। सूची में सोनिया गांधी के बाद मनमोहन सिंह का नाम है। राहुल गांधी स्टार प्रचारकों की सूची में तीसरे नम्बर और प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम छठे नम्बर पर है।

कांग्रेस की सूची के अनुसार चौथे नम्बर पर मीरा कुमार और पांचवें नम्बर पर गुलाम नबी आजाद हैं। इसके अलावा जिन नेताओं को पार्टी ने स्टार प्रचारक की सूची में डाला है उनमें शक्ति सिंह गोहिल, कैप्टन अमरेन्द्र सिंह, भूपेश भगत, तारिक अनवर, रणदीप सिंह सूरजेवाला, शकील अहमद, शत्रुघ्न   सिन्हा, निखिल कुमार, सचिन पायलट, प्रमोद तिवारी, अखिलेश प्रसाद सिंह, मोहम्मद जावेद, राज बब्बर, कीर्ति आजाद, संजय निरुपम, उदित राज, इमरान प्रतापगढ़ी, प्रेमचन्द्र मिश्रा, अनिल शर्मा, अजय कपूर और विरेन्द्र सिंह राठौर शामिल हैं।

पार्टी का बिहार संगठन जल्द ही पहले चरण के चुनाव के लिए इन नेताओं का कार्यक्रम तय करेगा। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के कार्यक्रम के लिए अनुरोध पत्र पहले ही राष्ट्रीय कमेटी को भेजी जा चुकी है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने पार्टी सूत्रों के हवाले से बताया है कि कांग्रेस की ओर से निर्वाचन आयोग को स्टार प्रचारकों की जो सूची भेजी गई है उसमें 30 नेताओं के नाम हैं।

इसमें कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के अलावा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मदन मोहन झा और प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल के नाम शामिल हैं।

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, महासचिव तारिक अनवर, राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, राज बब्बर, संजय निरूपम, शकील अहमद सहित कई अन्य नेताओं को भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया है। इस चुनाव में राजद और वाम दलों के साथ तालमेल कर उतर रही कांग्रेस 70 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। राजद 144 और वाम दल 29 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं।  गौरतलब है कि बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए तीन चरणों में 28 अक्टूबर, तीन नवंबर और सात नवंबर को मतदान होगा और मतगणना 10 नवंबर को होगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।