फोटो गैलरी

Hindi News विधानसभा चुनाव बिहार चुनाव 2020BJP घोषणा पत्र: केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा- बिहार को विकसित राज्य बनाएगी एनडीए सरकार

BJP घोषणा पत्र: केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा- बिहार को विकसित राज्य बनाएगी एनडीए सरकार

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि बिहार एक ऐसा प्रदेश है जहां के लोग राजनीतिक रूप से काफी संवेदनशील और जागरूक हैं। इन्हें किसी चीज पर भरोसा दिलाना आसान नहीं है। लेकिन हम पूरे भरोसे...

BJP घोषणा पत्र: केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा- बिहार को विकसित राज्य बनाएगी एनडीए सरकार
पटना, हिन्दुस्तान टीमThu, 22 Oct 2020 09:14 PM
ऐप पर पढ़ें

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि बिहार एक ऐसा प्रदेश है जहां के लोग राजनीतिक रूप से काफी संवेदनशील और जागरूक हैं। इन्हें किसी चीज पर भरोसा दिलाना आसान नहीं है। लेकिन हम पूरे भरोसे के साथ पार्टी का घोषणा पत्र जारी कर रहे हैं। एनडीए की सरकार बनी तो हम बिहार को विकसित राज्य बनाएंगे ताकि भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में इस राज्य का भी अहम योगदान हो। 

गुरुवार को पटना में भाजपा का चुनावी घोषणा पत्र जारी करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि पिछले 6 साल में पीएम मोदी ने ग़रीबों के लिए जितने वादे किए, उसे पूरा किया। चाहे हर गांव तक बिजली, गरीब महिला के लिए गैस सिलेंडर हो या फिर हर भारतीय नागरिक का बैंकों में खाता खुलवाना हो। लॉकडाउन के दौरान हर गरीब के खाते में हर महीने 500 रुपए के हिसाब से 1500 भेजे गए, जो जन-धन योजना की वजह से संभव हो पाया। गरीबों को मुफ्त राशन दिया गया। दिव्यांगों, बुजुर्गों के खाते में भी एक-एक हजार की सहायता राशि भेजी गई। हमने इतने कठिन माहौल में भी लोगों की बुनियादी ज़रूरतों को पूरा किया। 

एनडीए सरकार के कार्यों की तुलना और बदलते बिहार की तस्वीर दिखाते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि वर्ष 1990 से 2005 तक बिहार का बजट सिर्फ 23 हजार करोड़ था जो अब बढ़कर 2 लाख करोड़ हो गया है। बिहार की जीडीपी पहले 3 फीसदी थी जो बढ़कर 11.3 फीसदी पर पहुंच गई है। ये सब तभी संभव हो पाया जब सरकारी योजनाओं का सही से क्रियान्वयन किया गया। बिहार में प्रति व्यक्ति आय पहले 8 हजार थी जो अब बढ़कर 43 हजार हो गई है। बिहार में पहले बिजली का उत्पादन सिर्फ 22 फीसदी था जो अब बढ़कर 100 फीसदी हो गया है। 1990 से 2005 के बीच 15 सालों मे सिर्फ 34 फीसदी लोगों को ही पक्का मकान मिला था जो अब बढ़कर 96 फीसदी हो गया है।  

उन्होंने कहा कि बिहार की कृषि विकास दर 2.3 फीसदी से 8.5 फीसदी तक पहुंच गई है। नॉन एग्रीकल्चर एक्टिविटी 3.9 फीसदी से बढ़कर 12 फीसदी हो गई है। बिहार जैसे कृषि प्रधान राज्य में औद्योगिक विकास दर 17 फीसदी हो गया है जो यह दर्शाता है कि बिहार किस तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। 
 प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि भाजपा है तो भरोसा है और इसी भरोसे के साथ हमने घोषणापत्र लाया है। हमारा दो सबसे प्रमुख कार्य राष्ट्रवाद और विकास है। विकास की निरंतरता आगे भी जारी रहे, इसके लिए हम प्रतिबद्ध हैं। विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि जिनके पास न दृष्टि है, न दिशा है न नीति और नियत है। वैसे लोग रोज़गार की रट लगाए घूम रहे हैं, जब तक उनकी सत्ता होती है तबतक उनको अपने परिवार के रोज़गार के अलावा कुछ नहीं सूझता। लेकिन, जब विपक्ष में होते हैं तो कागजी रोज़गार बांटते रहते हैं। हमारी सरकार सभी वायदों को पूरा करेगी और इसपर बिहार की जनता को भरोसा भी है, क्योंकि भाजपा जो कहती है वो पूरा करती है।

घोषणा पत्र कमेटी के अध्यक्ष सह कृषि मंत्री डॉ प्रेम कुमार ने कहा कि यह महज एक घोषणा नहीं है बल्कि हमारा संकल्प है। इसे जनता द्वारा, जनता के लिए, जनता के दृष्टिकोण से तैयार किया गया है। इसमें सबकी आकांक्षाओं को समाहित किया गया है। पिछले 15 सालों में बिहार को संवारने का काम हुआ है अब आत्मनिर्भर बिहार बनाने की ओर हम कदम रखने जा रहे हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें