फोटो गैलरी

Hindi News विधानसभा चुनाव बिहार चुनाव 2020बिहार चुनाव: जीतन राम मांझी बोले- चिराग-तेजस्वी का है आंतरिक गठबंधन

बिहार चुनाव: जीतन राम मांझी बोले- चिराग-तेजस्वी का है आंतरिक गठबंधन

पूर्व मुख्यमंत्री और हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने कहा है कि लोजपा प्रमुख और राजद नेता तेजस्वी यादव के बीच आंतरिक गठबंधन है। जनता इस बात को समझ चुकी है। तेजस्वी यादव को राघोपुर से जिताने...

बिहार चुनाव: जीतन राम मांझी बोले- चिराग-तेजस्वी का है आंतरिक गठबंधन
Malay Ojhaपटना, हिन्दुस्तान टीमSun, 01 Nov 2020 05:56 PM
ऐप पर पढ़ें

पूर्व मुख्यमंत्री और हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने कहा है कि लोजपा प्रमुख और राजद नेता तेजस्वी यादव के बीच आंतरिक गठबंधन है। जनता इस बात को समझ चुकी है। तेजस्वी यादव को राघोपुर से जिताने के लिए ही चिराग ने अपना प्रत्याशी वहां उतारा है। पर, उनकी यह कोशिश नाकाम होगी।

मांझी ने रविवार को ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने चिराग को जंगलराज का हनुमान बताया और कहा कि जितनी भी कोशिश कर लें उनके सपनों को जनता नेस्तनाबूत कर देगी।

राजद का अराजकता में विश्वास, कांग्रेस करती है राष्ट्रद्रोह का काम : BJP
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि राजद का जहां अराजकता में विश्वास है वहीं कांग्रेस राष्ट्रद्रोह का काम करती है। राजद, कांग्रेस व माले आदि दलों की सांठगांठ से बने महागठबंधन से बिहार का भला नहीं होने वाला है। बिहार के लोगों के लिए नीतीश कुमार ही बेहतर विकल्प हैं। उनकी अगुआई में एनडीए के शासनकाल में बिहार का विकास हुआ है। नीतीश कुमार के कार्यकाल में बिहार का मान बढ़ा है और पूरा विश्व अब बिहारी प्रतिभा का लोहा मानने लगा है।

नड्डा ने कहा कि राज्य की जनता अब जात-पात से ऊपर उठकर विकास के नाम पर वोट करती है। राजद के कुशासन से सभी वाकिफ हैं। जंगलराज के युवराज पर बिहार की जनता को भरोसा नहीं है। जनता किसी पार्टी के पीछे के विकास कार्यों को देखकर आगे भरोसा करती है। राजद का ट्रैक रिकॉर्ड विकास करने के लायक नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर बिहार में महागठबंधन की सरकार बनी तो अराजकता का माहौल फिर से स्थापित हो जायेगा। 

विपक्ष पर चुटकी लेते हुए कहा कि जो खुद नहीं बदले वे लोग बिहार को बदलने की बात करते हैं। जिसके शासनकाल में नौकरियां छीनी गयी, लोगों का पलायन बढ़ा, वैसे लोग आज 10 लाख लोगों को नौकरियां देने का झूठा वायदा कर रहे हैं। इसपर बिहार की जनता तनिक भी भरोसा नहीं कर सकती है। पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि आज देश सुरक्षित व्यक्ति के हाथ में है। जनता से किए गए हर वायदों को केंद्र की एनडीए सरकार ने पूरा किया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें