फोटो गैलरी

Hindi News विधानसभा चुनाव बिहार चुनाव 2020अंग क्षेत्रों की नौ सीटों पर जदयू और महागठबंधन के बीच कड़ी टक्कर, क्या बागी बिगाड़ रहे चुनावी समीकरण?

अंग क्षेत्रों की नौ सीटों पर जदयू और महागठबंधन के बीच कड़ी टक्कर, क्या बागी बिगाड़ रहे चुनावी समीकरण?

विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में प्रचार के लिए सिर्फ तीन दिन बचे हैं। प्रचार में तेजी आने के साथ अंग क्षेत्र की नौ सीटों पर चुनाव रोचक होता जा रहा है। अभी जदयू के पास पांच और महागठबंधन के कब्जे में...

अंग क्षेत्रों की नौ सीटों पर जदयू और महागठबंधन के बीच कड़ी टक्कर, क्या बागी बिगाड़ रहे चुनावी समीकरण?
भागलपुर, खगड़िया-हिन्दुस्तान टीमFri, 30 Oct 2020 08:45 AM
ऐप पर पढ़ें

विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में प्रचार के लिए सिर्फ तीन दिन बचे हैं। प्रचार में तेजी आने के साथ अंग क्षेत्र की नौ सीटों पर चुनाव रोचक होता जा रहा है। अभी जदयू के पास पांच और महागठबंधन के कब्जे में चार सीटों पर कब्जा है। जदयू अपनी सीटों को खोना नहीं चाहेगी। वहीं विपक्ष सीट को छीनने की कोशिश में जुट गया है। सभी नौ सीटों पर कांटे की टक्कर है। इसमें से कई सीटों पर बागी दलीय प्रत्याशियों के समीकरण को बिगाड़ रहे हैं। बागियों ने दोनों गठबंधन के प्रत्याशियों की टेंशन बढ़ा दी है। 

2015 के चुनाव में पीरपैंती और बिहपुर विधानसभा सीटों पर राजद का, गोपालपुर और नाथनगर सीट पर जदयू का और भागलपुर में कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत दर्ज की थी। खगड़िया, बेलदौर व परबत्ता में जदयू व अलौली में राजद का कब्जा है। 2015 के चुनाव में भाजपा गठबंधन को इन दो जिलों की किसी सीट पर खाता नहीं खुला था। उस समय जदयू का राजद और कांग्रेस के साथ गठबंधन था। इस चुनाव में जदयू का भाजपा के साथ गठबंधन है।

महागठबंधन की तरफ से नौ में से छह सीटों पर राजद और तीन पर कांग्रेस के प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। एनडीए में नौ में से तीन पर भाजपा और छह पर जदयू प्रत्याशी मैदान में हैं। खगड़िया जिले की सभी चार सीटों पर जदयू चुनाव लड़ रहा है। वहीं खगड़िया और बेलदौर में कांग्रेस और परबत्ता और अलौली में राजद चुनाव लड़ रहा है। भागलपुर जिले में गोपालपुर और नाथनगर से जदयू तथा पीरपैंती, बिहपुर और भागलपुर से भाजपा प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। महागठबंधन की तरफ से भागलपुर सीट पर कांग्रेस और शेष चार सीटों पर राजद प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

बागियों ने बढ़ाया टेंशन
भागलपुर सीट पर लोजपा ने भाजपा के खिलाफ प्रत्याशी उतारा है। भागलपुर सीट पर कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष सैयद शाह अली सज्जाद रालोसपा से चुनाव मैदान में हैं। रालोसपा का बसपा सहित अन्य दलों के साथ गठबंधन है। भाजपा के बागी विजय प्रसाद साह निर्दलीय चुनाव मैदान में डटे हुए हैं। इस सीट का चुनाव रोचक हो गया है। प्रमुख दलों के प्रत्याशी पूरे दमखम के साथ चुनाव मैदान में हैं। वोट बैंक में भी सेंध लगता दिख रहा है। इसे रोकना सभी प्रत्याशियों के लिए चुनौती बन गयी है। पीरपैंती सीट पर भाजपा के पूर्व विधायक अमन कुमार निर्दलीय चुनाव मैदान में हैं। नाथनगर सीट पर राजद नेता बसपा से चुनाव लड़ रहे हैं। 

अलौली विधानसभा के पूर्व जदयू विधायक रामचंद्र सदा का वर्ष 2015 में राजद कोटे में सीट जाने के कारण टिकट कट गया था। इस बार यह सीट जदयू कोटे में आयी, लेकिन पार्टी ने वहां से साधना सदा को अपना उम्मीदवार बनाया है। पूर्व विधायक लोजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। परबत्ता से पिछली बार भाजपा प्रत्याशी चुनाव लड़े थे, लेकिन इस बार सीट जदयू कोटे में चली गयी है। भाजपा को सीट नहीं मिलने पर बाबूलाल शौर्य लोजपा से चुनाव लड़ रहे हैं। बेलदौर से कांग्रेस के अखिलेश विद्यार्थी निर्दलीय चुनाव मैदान में हैं। बेलदौर में कांग्रेस व जदयू के बीच लोजपा के मिथिलेश निषाद भी मुकाबले को त्रिकोणीय बनाए हुए हैं। खगड़िया सीट पर भी राजद के बागी उम्मीदवार चुनावी मैदान में है। अंग क्षेत्र की सभी नौ सीटों पर दोनों गठबंधन के प्रत्याशियों को विरोधियों के अलावा अपनों से भी लड़ना पड़ रहा है। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें