Asian Games 2018: संजीव राजपूत ने निशानेबाजी में भारत को दिलाया तीसरा सिल्वर मेडल
भारतीय निशानेबाज संजीव राजपूत ने 18वें एशियाई खेलों में पुरूषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस में रजत पदक हासिल किया। राजपूत 452.7 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि स्वर्ण पदक जीतने वाले चीन के...
भारतीय निशानेबाज संजीव राजपूत ने 18वें एशियाई खेलों में पुरूषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस में रजत पदक हासिल किया। राजपूत 452.7 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि स्वर्ण पदक जीतने वाले चीन के हुइ जिशेंग ने 453.3 अंक बनाए। जापान के मासुमोतो ताकायुकि ने 441.4 अंक के साथ कांस्य पदक हासिल किया। राजपूत ने नीलिंग और प्रोन पोजिशंस में दबदबा कायम किया लेकिन स्टैंडिंग दौर में खराब प्रदर्शन के कारण वह स्वर्ण पदक जीतने से चूक गए।
नीलिंग और प्रोन में पहले स्थान पर रहने के बावजूद स्वर्ण से चूके संजीव
उन्होंने नीलिंग पोजिशन के तीसरी सीरिज में 7.8 का स्कोर किया लेकिन फिर अपने खेल में सुधार करते हुए 151.2 अंक के साथ पहले स्थान पर रहे। प्रोन में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन जारी रखा और लगातार 10 के सटीक निशाने लगाए। 30 शॉट के बाद उनका स्कोर 307.1 था। स्टैंडिंग पोजिशन मे राजपूत पहली सीरिज के बाद 355.6 अंक के साथ शीर्ष पर थे लेकिन फिर जिशेंग ने अपने खेल का स्तर बढ़ाया और राजपूत पिछड़ गए। राजपूत ने 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस में स्वर्ण पदक जीता था।