फोटो गैलरी

Hindi News एशियाई खेल 2018Asian Games 2018: बैडमिंटन में पीवी सिंधु और किदांबी श्रीकांत से भारत को हैं उम्मीदें

Asian Games 2018: बैडमिंटन में पीवी सिंधु और किदांबी श्रीकांत से भारत को हैं उम्मीदें

शानदार फार्म में चल रहे किदांबी श्रीकांत और पीवी सिंधु 18वें एशियाई खेलों में बैडमिंटन स्पर्धा में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे। भारत ने 2014 में इंचियोन में हुए पिछले एशियाई खेलों में साइना नेहवाल...

Asian Games 2018:  बैडमिंटन में पीवी सिंधु और किदांबी श्रीकांत से भारत को हैं उम्मीदें
एजेंसी,पालेमबांग Sat, 18 Aug 2018 06:43 PM
ऐप पर पढ़ें

शानदार फार्म में चल रहे किदांबी श्रीकांत और पीवी सिंधु 18वें एशियाई खेलों में बैडमिंटन स्पर्धा में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे। भारत ने 2014 में इंचियोन में हुए पिछले एशियाई खेलों में साइना नेहवाल और सिधु की अगुवाई में कांस्य पदक जीत कर 28 साल के पदकों का सूखा खत्म किया था। इससे पहले 1986 में प्रकाश पादुकोण और विमल कुमार की पुरूष टीम ने कांस्य पदक हासिल किया था। 
     
एशियन गेम्स में बैडमिंटन में भारत ने अब तक जीते हैं कुल 8 पदक    
एशियाई खेलों में बैडमिंटन में भारत ने अब तक कुल आठ पदक हासिल किए हैं, जिसमें सैयद मोदी इकलौते ऐसे खिलाड़ी है जिन्होंने 1982 में एकल स्पर्धा में पदक हासिल किया है। सिंधु 23 अगस्त से शुरू हो रही एकल स्पर्धा में इस इंतजार को खत्म करना चाहेंगी। सिंधु की अगुवाई में भारतीय टीम पिछले आयोजन में जीते कांस्य पदक के रंग को बदलना चाहेगी। पहले दौर में बाई मिलने के बाद टीम 19 अगस्त को क्वार्टर फाइनल में जापान के खिलाफ अपने अभियान की शुरूआत करेगी।
    
जापानी खिलाड़ियों से भारतीय शटलर्स को मिलेगी कठीन चुनौती     
इस साल उबेर कप का खिताब जीतने वाली जापान की टीम में शीर्ष एकल खिलाड़ी हैं, जिसमें 2017 विश्व चैम्पियन नोजोमी ओकुहारा और विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज अकाने यामागुची के अलावा युगल रैंकिंग में नंबर एक और नंबर दो पर काबिज क्रमश: युकी फुकुशिमा एवं सायका हिरोता तथा मिसाकी मातसुतोमा एवं अयाका ताकाहाशी की जोडियां भी हैं। सिंधु ने हालांकि पिछले महीने विश्व चैम्पियनशिप में फाइनल में पहुंचने के क्रम में नोजोमी और यामागुची को मात दी थी। इस भारतीय खिलाड़ी को टीम और एकल स्पर्धा में देश को स्वर्ण पदक सुनिश्चित करने के लिए एक बार फिर जापान के इन खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन करना होगा। 

2018 ASIAN GAMES: सिंधु, सुशील और दीपा जानिए और किन-किन खिलाड़ियों से लगी है गोल्ड मेडल की आस

टीम स्पर्धा में अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी से है उम्मीद     
टीम स्पर्धा का नतीजा युगल विशेषज्ञ अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी के प्रदर्शन पर भी निर्भर करेगा क्योंकि दोनों को अपने से बेहतर रैंकिंग वाले खिलाड़ियों से भिड़ना होगा। पुरुष टीम का अभियान भी 19 अगस्त को शुरू होगा जिसमें वह कमजोर माने जाने वाले मालदीव के खिलाफ खेलेंगे। भारतीय टीम अगर इस मैच को जीतने में सफल रही तो क्वार्टर फाइनल में उनका सपना मेजबान इंडोनेशिया से होगा जिसे पहले दौर में बाई मिली है। श्रीकांत और एचएस प्रणय की अगुवाई में भारतीय टीम के पास 32 वर्षों के पदक का सूखा खत्म करने का सुनहरा मौका होगा। 
    
एकल में किदांबी श्रीकांत पर 36 वर्षों का सूखा खत्म करने की जिम्मेदारी     
इंडोनेशिया की टीम में भी कुछ अच्छे खिलाड़ी है जिसमें एकल में जोनाटन क्रिस्टी और एंथॉनी सिनिसुका गिनटिंग और युगल में विश्व रैंकिग में पहले स्थान पर काबिज मार्क्स फर्नाल्दी गिडोन और केविन संजया सुकामुलजो की जोड़ी शामिल है। टीम में विश्व रैंकिंग में नौवें स्थान पर काबिज फजार अलफियान और मोहम्मद रिया अर्दियांतो की युगल जोड़ी भी है। श्रीकांत और प्रणॉय ने पहले भी अपने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों को धूल चाटायी है और अगर राष्टमंडल खेलों में रजत पदक विजेता चिराग शेट्टी और सात्विक रंकीरेड्डी अपने प्रदर्शन को दोहरा सके तो पदक की संभावना है।

Asian Games 2018: क्या पिछली बार का प्रदर्शन दोहराएगी भारतीय नौकायन टीम?
     
भारतीय कोच पुलेला गोपीचंद को अपने शिष्यों से है पदक जीतने का भरोसा    
एकल वर्ग के मुकाबले 22 अगस्त से शुरू होंगे, जिसमें श्रीकांत और प्रणॉय से भारत को सबसे ज्यादा उम्मीदें होंगी। भारतीय कोच पुलेला गोपीचंद को उम्मीद है कि एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ी इतिहास रचेंगे लेकिन उन्होंने विश्व चैम्पियनशिप के तुरंत बाद इसके आयोजन पर खिलाड़ियों की चोट को लेकर चिंता भी जतायी। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें