फोटो गैलरी

Hindi News अनोखीलहसुन के तड़के वाली दाल हो या फिर करी पत्ता के तड़के वाला सांबर, यह है तड़का लगाने का सही तरीका

लहसुन के तड़के वाली दाल हो या फिर करी पत्ता के तड़के वाला सांबर, यह है तड़का लगाने का सही तरीका

लहसुन के तड़के वाली दाल हो या फिर करी पत्ता के तड़के वाला सांबर...खुशबू दूर से ही आने लगती है। अलग-अलग साबुत मसालों को जब गर्म घी या तेल में डाला जाता है तो उसका प्रभाव पूरे व्यंजन पर बिल्कुल अनूठा...

लहसुन के तड़के वाली दाल हो या फिर करी पत्ता के तड़के वाला सांबर, यह है तड़का लगाने का सही तरीका
हिन्दुस्तान फीचर टीम,नई दिल्लीMon, 03 Jul 2017 04:12 PM
ऐप पर पढ़ें

लहसुन के तड़के वाली दाल हो या फिर करी पत्ता के तड़के वाला सांबर...खुशबू दूर से ही आने लगती है। अलग-अलग साबुत मसालों को जब गर्म घी या तेल में डाला जाता है तो उसका प्रभाव पूरे व्यंजन पर बिल्कुल अनूठा पड़ता है। पर, क्या आपने कभी सोचा है कि भारतीय व्यंजनों  में तड़का या छौंक का इस्तेमाल क्यों किया जाता है? आहार विशेषज्ञों के मुताबिक हर तरह के मसालों का अपना औषधीय गुण होता है। सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट रिजुता दिवेकर इंडियन फूड विजडम एंड द आर्ट ऑफ ईटिंग राइट नाम की किताब में कहती हैं कि छौंक लगाने से खाने में पोषक तत्वों की मात्रा भी बढ़ती है। हल्दी, करी पत्ता, जीरा और सरसों आदि में पाया जाने वाला फाइटोन्यूट्रिएंट्स हमारी सेहत के लिए बहुत उपयोगी होता है। रिजुता इस बात से भी सहमत नहीं है कि छौंक लगाने से खाने में सिर्फ कैलोरी की मात्रा बढ़ती है। रिजुता कहती हैं, ‘छौंक में इस्तेमाल होने वाला तेल साबुत मसाले की वसा को सोख लेता है और इसके माध्यम से कई तरह के पोषक तत्व भी हमारे खाने तक पहुंच पाते हैं।’

कैसे डालें तड़का?
कुछ भारतीय व्यंजनों जैसे सब्जी आदि में  शुरुआत में छौंक लगाया जाता है, वहीं दाल, कढ़ी या रायता आदि में सबसे अंत में छौंक लगाया जाता है। हर व्यंजन में छौंक लगाने का तरीका अलग होता है, पर कुछ बातों को ध्यान में रखने से आपकी हर डिश स्वादिष्ट बन जाएगी:
1.    अगर आप सूखी या रसदार सब्जी बना रही हैं तो छौंक हमेशा शुरुआत में लगाएं। दाल, रसम, सांबर आदि में सबसे अंत में छौंक लगाएं। अगर किसी डिश में अंत में छौंक लगा रही हैं तो इसके लिए अलग बर्तन का इस्तेमाल करें।
2.    छौंक लगाने के लिए तेल का इस्तेमाल सोच,-समझकर करें। छौंक के लिए एक से दो चम्मच तेल या घी पर्याप्त हंै। छौंक में अधिक तेल के इस्तेमाल से डिश का स्वाद प्रभावित हो सकता है। इससे सेहत से जुड़ी परेशानियां भी आपको हो सकती हैं।
3.    छौंक लगाने के लिए घी, सूरजमुखी का तेल, सरसों का तेल या रिफाइन उपयुक्त है। ऑलिव ऑयल से कभी भी छौंक लगाने की गलती न करें। वह बहुत जल्दी गर्म हो जाता है। 
4.    छौंक लगाने के लिए हमेशा तेज आंच पर तेल गर्म करें और  फिर आंच धीमी करके उसमें छौंक की सामग्री डालें।
5.    छौंक लगाते वक्त अगर मसाले जल जाएं तो उन्हें अपनी डिश में न डालें। इससे पूरी डिश का स्वाद खराब हो जाएगा।

तड़के का संसार
पंजाबी तड़का: राई, जीरा, हींग, लहसुन, प्याज, अदरक और हरी मिर्च।
गुजराती तड़का: सरसों, जीरा, हींग, हल्दी और टमाटर।
कढ़ी तड़का: घी, सरसों, जीरा, मेथी, सूखी लाल मिर्च और हींग।
बंगाली तड़का या पंच फोड़न: सरसों, जीरा, मेथी, कलौंजी और सौंफ।
दक्षिण भारतीय तड़का: सरसों, धुली उड़द दाल, चना दाल, हींग और करी पत्ता।
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें