फोटो गैलरी

Hindi News अनोखीमुंह होगा मीठा, सेहत भी रहेगी दुरूस्त, जानें चीनी के इन सेहतमंद विकल्पों के बारे में

मुंह होगा मीठा, सेहत भी रहेगी दुरूस्त, जानें चीनी के इन सेहतमंद विकल्पों के बारे में

हम बात-बात में मुंह मीठा करवाने वाले देश में रहते हैं। हमारी यही आदत सेहत के लिए नुकसानदेह साबित होने लगी है। अगर आपको भी मीठा खूब पसंद है, पर सेहत की भी चिंता सताती है तो अपने खानपान में चीनी के इन...

मुंह होगा मीठा, सेहत भी रहेगी दुरूस्त, जानें  चीनी के इन सेहतमंद विकल्पों के बारे में
हिन्दुस्तान फीचर टीम,नई दिल्लीSat, 13 Jul 2019 11:09 AM
ऐप पर पढ़ें

हम बात-बात में मुंह मीठा करवाने वाले देश में रहते हैं। हमारी यही आदत सेहत के लिए नुकसानदेह साबित होने लगी है। अगर आपको भी मीठा खूब पसंद है, पर सेहत की भी चिंता सताती है तो अपने खानपान में चीनी के इन सेहतमंद विकल्पों को शामिल करें, बता रही है स्पर्धा रानी

यह एक पौधा होता है, जिसके पत्तों का पाउडर बनाया जाता है। इसका स्वाद बिल्कुल चीनी की तरह होता है, इसलिए इसे बहुत जल्दी पसंद किया जाने लगा है। यह पूरी तरह से प्राकृतिक होता है और इसमें कोई कैलोरी भी नहीं होती। स्टीविया चीनी का शानदार विकल्प है। यह एक हर्ब है, जो शक्कर से सौ गुना अधिक मीठा होता है। यह प्राकृतिक होता है। इसमें कार्बोहाइड्रेट कम होते हैं और ग्लाइसेमिक प्रभाव भी लगभग न के बराबर होता है। जो लोग अपना वजन कम करना चाहते हैं या डायबिटीज के शिकार हैं, उनके लिए यह चीनी का शानदार विकल्प है।

खानपान के मामले में हम सबकी कोई न कोई कमजोरी होती है। अगर आपकी कमजोरी मीठे खाद्य पदार्थ हैं तो स्थिति और मुश्किल भरी हो जाती है। अधिकांश प्रोसेस्ड फूड में अतिरिक्त मात्रा में चीनी होती है, जिसका लगातार सेवन आपको टाइप टू डायबिटीज से लेकर अन्य कई बीमारियों की चपेट में ला सकता है। ऐसे में यह जरूरी है कि आप समय रहते संभल जाएं और अपनी डाइट में चीनी के सेहतमंद विकल्पों को शामिल करना शुरू कर दें। इस बदलाव का दोगुना लाभ आपको मिलेगा, स्वाद से समझौता भी नहीं करना पड़ेगा और बीमारियों से भी दूरी बनी रहेगी। कौन-कौन से हैं ये विकल्प, आइए जानें:

खजूर 
खजूर स्वाद में मीठा होता है और मिठाई के लिए बढ़िया विकल्प भी है। इसमें पोटैशियम, कैल्शियम और विटामिन-बी6 होता है। आप सूखे खजूर या खजूर शक्कर का भी प्रयोग कर सकती हैं। इस तरह से इस फल के पौष्टिक गुण भी बने रहेंगे। इसका स्वाद कमाल का होता है और यह ब्राउन शुगर का बेहतरीन विकल्प है। इसे आप र्पुंडग, केक और मिठाई में भी डाल सकती हैं। खजूर शक्कर का प्रयोग आप कॉफी, चाय में कर सकती हैं और मिठाई में भी। 

शहद
शहद में एंटी-फंगल, एंटी बैक्टीरियल और एंटी माइक्रोबियल गुण होते हैं। यह कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रण में रखता है, शरीर की रोग प्रतिरोधी क्षमता को मजबूत बनाता है और वजन को भी नियंत्रित रखता है। अस्थमा, एलर्जी, डायबिटीज, नींद की समस्या, खांसी और चोट को जल्दी ठीक करने में भी शहद मददगार है। इसका खास और अलग स्वाद इसे चीनी की जगह पर सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला विकल्प बनाता है। लेकिन ध्यान यह रखना है कि आपको स्थानीय और ऑर्गेनिक शहद का प्रयोग करना है। कुछ तरह के शहद में शक्कर से अधिक कैलोरी होती है। चूंकि शहद चीनी से ज्यादा मीठा होता है, इसलिए इसका इस्तेमाल कम मात्रा में किया जा सकता है। 

गुड़
गुड़ में कई एंटीऑक्सीडेंट होते हैं। साथ ही इसमें जिंक और सेलेनियम जैसे खनिज भी होते हैं। यह एक बढ़िया लैक्सेटिव भी है, जो कब्ज से बचाता है और हमारे पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने में मदद भी करता है। गुड़ फेफड़ों को सेहतमंद रखने में भी मदद करता है। 

मैपल सिरप 
मैपल सिरप सिर्फ पैन केक के लिए नहीं होता। यह कम कैलोरी वाला सिरप है, जिसे आप अपनी कॉफी में चीनी की जगह इस्तेमाल में ला सकती हैं। इसमें एंटीऑक्सिडेंट खूब होता है, जो कि बेक्ड चीजों के लिए बढ़िया है।

नारियल की शक्कर 
बाजार में नारियल की शक्कर मिलती है, जिसका इस्तेमाल चीनी की जगह पर किया जा सकता है। इसमें एंटीऑक्सिडेंट्स, कैल्शियमर्, ंजक, आयरन और पोटैशियम होता है। जब इसकी तुलना सामान्य चीनी के साथ की जाती  है, तो इसमें फ्रुक्टोज बहुत कम होता है। यह मीठी तो होती ही है, साथ ही इसका ग्लैसेमिक लेवल कम होता है। डायबिटीज के मरीजों के लिए यह चीनी का बढ़िया विकल्प है। यह  पारंपरिक चीनी और आर्टिफिशियल स्वीटनर से कहीं ज्यादा अच्छा विकल्प है।

फलों का जूस 
ताजे फलों का जूस प्राकृतिक शक्कर का बेहतरीन स्रोत है। इसका एक बड़ा फायदा यह है कि ये कई स्वादों में उपलब्ध हैं तो आप अपनी मर्जी के अनुसार फलों का चयन कर सकती हैं। कुकीज और केक की मिठास और पोषण बढ़ाने के लिए आप फलों का जूस इस्तेमाल में ला सकती हैं। 


बार्ली माल्ट सिरप
बार्ली से बनने वाला यह सिरप शक्कर से आधा मीठा होता है, जो इसे ब्राउन शुगर का बेहतरीन विकल्प बनाता है। यह चूंकि बार्ली से बनता है, इसलिए जिन लोगों को ग्लूटेन से एलर्जी है, उन्हें इससे परहेज करना चाहिए। 

मुनक्का/ किशमिश 
मुनक्का प्राकृतिक शक्कर की तरह है, जो बढ़िया एनर्जी बूस्टर भी है। इसमें आयरन, पोटैशियम और कैल्शियम भी होता है, जो शरीर के लिए जरूरी है। इसके सेवन से शारीरिक और मानसिक मजबूती भी मिलती है। आप इसे रात भर पानी में भिगोकर भी खा सकते हैं, यह काफी फायदेमंद है। खीर आदि में चीनी की जगह इसका इस्तेमाल कर सकती हैं।  

देसी खांड
गन्ने के रस से बनने वाला देसी खांड पोषक तत्वों से भरपूर होती है। यह शरीर को ठंडक प्रदान करने का भी काम करती है। लस्सी, खीर, हलवा, मिठाई और चाय में खांड का इस्तेमाल खूब किया जा सकता है। भारत के कई इलाकों में इन कामों के लिए खांड का ही इस्तेमाल किया जाता है। यह कैल्शियम, मैग्नीशियम, आयरन, फाइबर और एंटी ऑक्सीडेंट्स से भरपूर होती है। 
(दिल्ली डायबिटिक रिसर्च सेंटर के चेयरमैन डॉ अशोक झिंगन से बातचीत पर आधारित)

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें