मसाला ही नहीं, औषधि भी लहसुन
लहसुन में विटामिन ए, बी, बी2, बी6, सी, मैंगनीज, सेलेनियम, मिनरल्स जैसे पोषक तत्व तो पाए ही जाते हैं, कई एंटी ऑक्सीडेंट, एंटी फंगल, एंटी बैक्टीरियल, एंटी वायरल और माइक्रोबियल गुण भी पाए जाते हैं।...
लहसुन में विटामिन ए, बी, बी2, बी6, सी, मैंगनीज, सेलेनियम, मिनरल्स जैसे पोषक तत्व तो पाए ही जाते हैं, कई एंटी ऑक्सीडेंट, एंटी फंगल, एंटी बैक्टीरियल, एंटी वायरल और माइक्रोबियल गुण भी पाए जाते हैं। आयुर्वेद की मानें तो वयस्कों के लिए रोजाना सुबह खाली पेट गुनगुने पानी के साथ लहसुन की एक कच्ची कली का सेवन स्वास्थ्य के लिए काफी लाभकारी है। 8 साल से बड़े बच्चों को लहसुन की एक-चौथाई कली का पेस्ट बना कर दिया जा सकता है। यह शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर करने में कारगर है।
हृदय रोगों में फायदेमंद
लहसुन का नियमित रूप से सेवन हृदय की धमनियां खोलने और खून के प्रवाह को बढ़ाने में सहायक है, जिससे वयस्कों को हृदय संबंधी रोगों का खतरा कम हो जाता है। सुबह खाली पेट लहसुन की एक कली हाथ से दबा कर गर्म पानी के साथ बिना चबाए निगलनी चाहिए।
हाथ-पैर या जोड़ों के दर्द में दे आराम
लहसुन की कलियों का सेवन शरीर में वायु दोष के कारण होने वाली समस्याओं को कम करने में प्रभावी है। आयुर्वेद के अनुसार शरीर में ज्यादा वायु या गैस बनने से ब्लड सकुर्लेशन कम होता है, हाथ-पैरों में अकड़न या दर्द रहता है। एंटीऑक्सीडेंट तत्वों से भरपूर लहसुन के नियमित सेवन से शरीर की सभी इंद्रियों में रक्त संचार बेहतर होता है। हाथ-पैरों में दर्द और सूजन काफी कम होते हैं। शरीर में दर्द होने पर 50 ग्राम सरसों के तेल में 5 ग्राम लहसुन, 5 ग्राम अजवायन, 5 ग्राम सोंठ और 5-7 लौंग मिलाकर काले होने तक गर्म करें। तैयार तेल को किसी बोतल में छान लें। इस तेल से दर्द वाले स्थान पर मालिश करने से राहत मिलती है।
श्वास संबंधी बीमारियों में कारगर
जिन्हें बार-बार सर्दी-जुकाम, कफ, अस्थमा की शिकायत रहती है, उनके लिए लहसुन फायदेमंद है। अदरक की गर्म चाय में लहसुन की दो पिसी कलियां मिलाकर पीने से अस्थमा से पीड़ित व्यक्ति को आराम मिलता है। लहसुन के रस की कुछ बूंदें रुई के फाहे पर डालकर सूंघने से बंद नाक खुल जाती है। लहसुन की कलियों को आग में भून कर खाने से सांस लेने में होने वाली तकलीफ पर काबू पाया जा सकता है।
एलर्जी को करे दूर
धूल-मिट्टी, परागकणों आदि से होने वाली एलर्जी में भी लहसुन का सेवन लाभदायक है। यह शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाकर एलर्जी दूर करता है।
मोटापा घटाने में मददगार
मोटे शरीर वाले लोगों के लिए लहसुन की कली का सेवन काफी फायदा पहुंचाता है। उन्हें लहसुन के इस्तेमाल से पहले डॉक्टर से परामर्श जरूर लेना चाहिए, क्योंकि अगर उन्हें डाइबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर की बीमारी है तो ज्यादा मात्रा में कच्चे लहसुन का सेवन नुकसान पहुंचा सकता है।
त्वचा संक्रमण में दे आराम
दाद, खाज, खुजली, फंगल संक्रमण में लहसुन का सेवन ही नहीं, उसके तेल का इस्तेमाल भी काफी फायदेमंद है। प्रभावित जगह पर एंटीबैक्टीरियल लहसुन का तेल लगाने से आराम मिलता है। लहसुन की दो कलियां पीसें। इसमें एक छोटा चम्मच हल्दी मिलाकर क्रीम बना लें। इसे मुंहासों पर लगाने से फायदा होगा। सोरायसिस होने पर लहसुन के तेल में मलाई मिलाकर लेप करें।
(रमेश नगर स्थित संतुलन आयुर्वेदिक क्लिनिक की आयुर्वेदिक डॉक्टर संजना शर्मा से की गई बातचीत पर आधारित)