फोटो गैलरी

Hindi News अनोखी अनोखी ऑन लाइनबच्चा निगल ले कोई विषैली चीज, तो सबसे पहले करें ये उपाय

बच्चा निगल ले कोई विषैली चीज, तो सबसे पहले करें ये उपाय

छोटे बच्चे अक्सर अपने आसपास जो भी चीजें देखते हैं उसे मुंह में डाल लेते हैं। यह एक स्वाभाविक प्रक्रिया के तहत होता है जिससे वे अपने आसपास की चीजें महसूस करके उनके बारे में सीखते हैं। आपकाबच्चा आसपास...

बच्चा निगल ले कोई विषैली चीज, तो सबसे पहले करें ये उपाय
हिन्दुस्तान फीचर टीम,नई दिल्लीWed, 25 Oct 2017 03:49 PM
ऐप पर पढ़ें

छोटे बच्चे अक्सर अपने आसपास जो भी चीजें देखते हैं उसे मुंह में डाल लेते हैं। यह एक स्वाभाविक प्रक्रिया के तहत होता है जिससे वे अपने आसपास की चीजें महसूस करके उनके बारे में सीखते हैं। आपकाबच्चा आसपास की चीजों को छूकर, चखकर उसके बारे में बेहतर तरीके से समझ पाता है। लेकिन इसी मासूमियत के कारण किसी जहरीले तत्व को छूने या निगलने से वह बीमार भी पड़ सकता है। एक सर्वे में यह पाया गया था कि हर साल बच्चे गलती से कुछ ऐसी चीजें मुंह में डाल लेते हैं जिनमें रासायनिक तत्व होते हैं जिनके कारण वे बीमार पड़ जाते हैं। बच्चे चाहे घर के अंदर हों, बगीचे में हों या फिर कहीं घूमने गए हों, जहरीले रासायनिक तत्व कहीं भी हो सकते हैं। इसीलिए आपको इस बारे में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। 
ऐसे प्रभावित करता है जहर
जहरीले तत्व वाली चीजें निगलने, सूंघने, छूने, इंजेक्शन द्वारा शरीर में चले जाने या किसी जहरीले कीड़े द्वारा काट लेने से बच्चे बीमार पड़ सकते हैं। इसके अलावा दवा के रूप में शरीर में जाने वाले कुछ ड्रग्स या कार्बन मोनोऑक्साइड जैसी गैस की अधिकता से शरीर में जहर फैलने का खतरा रहता है। सफाई के लिए इस्तेमाल होने वाले केमिकल से भी बच्चों को नुकसान पहुंचने का अंदेशा रहता है। ऐसे जहरीले तत्वों की अल्प मात्रा भी बच्चों के लिए काफी नुकसानदेह साबित हो सकती है। 
बरतें सावधानी
बच्चे इस तरह की चीजों तक न पहुंचे इसके लिए अभिभावकों को सतर्क रहने की जरूरत है। ऐसे सामान जिनसे बच्चों को किसी तरह का नुकसान पहुंच सकता है, उन्हें बच्चों की पहुंच से दूर रखा जाना चाहिए। लेकिन कई बार यह रणनीति काम नहीं करती। ऐसे में अभिभावकों को यह समझने की जरूरत है कि अगर गलती से बच्चों के मुंह में ऐसी चीजें चली जाएं तो किन लक्षणों से उन्हें पहचाना जा सकता है। 
पहचानें लक्षण
अगर आपका बच्चा अचानक बीमार पड़ जाए, तो इस बात पर ध्यान दें कि कहीं बच्चे को कोई जहरीला तत्व नुकसान न कर गया हो। अगर आपको संदेह है कि बच्चे ने ऐसी कोई चीज खा ली है तो आपको इन स्थितियों पर नजर रखने के लिए काफी सावधानी बरतने की जरूरत है। इन लक्षणों पर विशेष रूप से ध्यान दें- उल्टी, दस्त, असामान्य सुस्ती, पेट में दर्द, बच्चे के मुंह में दर्द और जलन महसूस होना, बुखार आना, चिड़चिड़ापन, सांस लेने में दिक्कत होना, भूख न लगना, खाना निगलने में परेशानी होना, त्वचा पर लाल चकत्ते हो जाना, दौरा पड़ना, त्वचा और होठ नीले पड़ना।
मदद के इंतजार के दौरान क्या करें

  •   बच्चे के मुंह में अगर कुछ भी है तो उसे बाहर निकाल दें।
  •   अगर मुंह में सफाई के लिए इस्तेमाल होने वाला क्लीनर या कोई और केमिकल तत्व चला गया है तो उसकी बोतल पर एक्सीडेंटल पॉइजनिंग से जुड़े निर्देश पढ़ें। 
  •    अगर त्वचा किसी जहरीले तत्व से प्रभावित दिख रही है तो प्रभावित हिस्से को 15-20 मिनट तक बहते पानी में रखें।
  •     अगर आंखों में कोई जहरीला तत्व चला गया है तो आंखें ठंडे या सुषुम्न पानी से धोएं।
  •     अगर जहरीला तत्व शरीर के भीतर चला गया है तो बच्चे को जल्द से जल्द ताजा हवा में ले जाएं। 
  •     अगर बच्चे ने उल्टी कर दी है तो उसे करवट दिलाकर लिटाएं जाकि उसे सांस लेने में परेशानी न हो।
  •     अगर बच्चे में जीवित होने के लक्षण जैसे कि शरीर में हरकत होना, श्वास लेना या खांसना आदि नजर न आएं तो उसे कृत्रिम श्वास देने की प्रक्रिया अपनाएं
  •     एक्सीडेंटल पॉइजनिंग (जहरीले तत्व का शरीर पर दुष्प्रभाव) हुई है तो उन तत्वों की पहचान करें जिसे बच्चे ने निगल लिया है। मसलन अगर बच्चे ने मच्छर दूर भगाने वाली क्रीम चाट ली तो इस बात का पता लगाएं कि उसने क्रीम कितना मात्रा में निगली है। 
  •     बच्चे को जल्द से जल्द अस्पताल ले जाएं और डॉक्टर के परामर्श पर ही दवाएं दिलाएं। 
  •    यदि बच्चे द्वारा निगली चीज के बारे में आप जानते हैं और आपके लिए संभव हो तो उस चीज का एक हिस्सा भी लेते जाएं। इससे डॉक्टर को इलाज के लिए सही दवाएं लिखने में मदद मिलेगी।
  •     संभव हो तो बच्चे ने चीज कब निगली, उसका सही-सही समय भी डॉक्टर को बताएं।

जहरीली हो सकती हैं ये चीजें 

  •    घर की साफ-सफाई के लिए इस्तेमाल होने वाले सामान जैसे फिनाइल, फ्लोर क्लीनर आदि।
  •     कॉस्मेटिक्स और मेकअप ’ डॉक्टर के परामर्श पर घर में लाई गई दवाएं और ड्रग्ज
  • पेंट
  •  कीटनाशक
  •     मालिश के लिए इस्तेमाल होने वाले एशेंशियल ऑयल
  •  दुर्गंध दूर करने के लिए इस्तेमाल होने वाले डियोड्रंट
  •   टॉयलेट्री आइटम जैसे कि आफ्टरशेव और परफ्यूम
     
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें