ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंड टिहरीदेवप्रयाग के पाली गांव में फटे गैस सिलेंडर

देवप्रयाग के पाली गांव में फटे गैस सिलेंडर

देवप्रयाग के पाली गांव में सोमवार शाम बड़ा हादसा टल गया। यहां एक घर में आग लगने से दो रसोई गैस सिलेंडर फट गए। इस दौरान एक महिला की जान बाल-बाल बची। ग्रामीणों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक...

देवप्रयाग के पाली गांव में फटे गैस सिलेंडर
Center,DehradunTue, 23 May 2017 04:07 PM
ऐप पर पढ़ें

देवप्रयाग के पाली गांव में सोमवार शाम बड़ा हादसा टल गया। यहां एक घर में आग लगने से दो रसोई गैस सिलेंडर फट गए। इस दौरान एक महिला की जान बाल-बाल बची। ग्रामीणों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक रसोई और वहां रखा सामान जलकर राख हो गया था। बताया कि जा रहा कि आग सिलेंडर लीकेज होने से लगी है। पाली बदरीनाथ धाम के तीर्थपुरोहितों का गांव है। गांव के तीर्थ पुरोहित भागवत प्रसाद कोटियाल इन दिनों बदरीनाथ धाम में हैं। घर में उनकी पत्नी रजनी देवी है। सोमवार शाम रजनी देवी ने रसोई में बने पूजा स्थल पर रखे दिये को जलाया और स्वयं दूसरे कमरे में चली गई। कुछ ही देर में रसोई से उठता धुआं और आग की लपटें देखकर आसपास के लोग चौंक गए। उन्होंने इसकी सूचना रजनी देवी को दी। रजनी के रसोई घर के अंदर घुसने से पहले ही धमाके के साथ एक सिलेंडर फट गया। रसोई की छत के साथ दीवार का एक हिस्सा ढह गया। आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते दूसरा सिलेंडर भी फट गया। इससे गांव में हड़कंप मच गया। आसपास के मकानों से बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, लेकिन इस बीच रसोई के साथ ही वहां रखा सामान जलकर राख हो गया था। सूचना पर थाना प्रभारी देवप्रयाग विनोद राणा भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा कि सिलेंडर लीकेज हो रहे थे। रसोई में दीपक जलने से आग लगी है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना रसोई गैस एजेंसी को भी दी है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें