जेल में कड़े नियम हुए तो भूख हड़ताल पर बैठ गए कैदी, मचा हड़कंप
हरिद्वार के जिला कारागार रोशनाबाद में सोमवार को 950 बंदियों ने मिलाई के नए नियमों का विरोध करते हुए भूख हड़ताल कर दी। इससे प्रशासन में हलचल मच गया। बंदियों की आईजी जेल से मौखिक वार्ता कराई गई। एडीएम...
हरिद्वार के जिला कारागार रोशनाबाद में सोमवार को 950 बंदियों ने मिलाई के नए नियमों का विरोध करते हुए भूख हड़ताल कर दी। इससे प्रशासन में हलचल मच गया। बंदियों की आईजी जेल से मौखिक वार्ता कराई गई। एडीएम ने भी जेल पहुंचकर बंदियों से वार्ता की। सहमति बनने पर बंदी शाम करीब चार बजे दोपहर का खाना खाने के लिए राजी हुए।
आईजी जेल डॉ. पीवीके प्रसाद की ओर से जेल में मिलाई के नए नियम जारी किए गए हैं। हरिद्वार जिला कारागार में सोमवार से इन नियमों को लागू किया जाना था। लेकिन बंदी पहले से ही नियमों का विरोध करने के लिए तैयार बैठे थे। जेल के सभी 1140 बंदियों ने सोमवार की सुबह सात बजे नाश्ता तो किया पर दोपहर में 950 बंदियों ने खाना खाने से साफ इनकार कर दिया। जेलर एसएम सिंह ने बंदियों को समझा बुझाकर खाना खिलाने का प्रयास किया, पर बंदी नहीं माने।
इस पर जेल प्रशासन ने भूख हड़ताल की सूचना आईजी जेल व जिलाधिकारी हरिद्वार को दी। आईजी जेल की बंदियों से मौखिक वार्ता भी कराई गई। वहीं डीएम दीपक रावत ने एडीएम वित्त एवं राजस्व ललित नारायण मिश्र को बंदियों से वार्ता के लिए जेल भेजा। काफी प्रयास के बाद इस शर्त पर सहमति बनी कि नियमों को लेकर सभी बंदियों पर सख्ती नहीं की जाएगी। तब लगभग चार बजे बंदी दोपहर का खाना खाने के लिए तैयार हुए।