ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंड देहरादूनउत्तराखंड : 4 जिलों के लोग हो जाएं सतर्क, डेंगू का मच्छर दे चुका है दस्तक

उत्तराखंड : 4 जिलों के लोग हो जाएं सतर्क, डेंगू का मच्छर दे चुका है दस्तक

बरसात के मौसम में डेंगू मच्छर ने भी उत्तराखंड में दस्तक दे दी है। प्रदेश के चार जिलों में डेंगू का लार्वा मिला है। इससे आने वाले समय में डेंगू के मामले सामने आने की आशंका बढ़ गई...

उत्तराखंड : 4 जिलों के लोग हो जाएं सतर्क, डेंगू का मच्छर दे चुका है दस्तक
देहरादून, वरिष्ठ संवाददाताThu, 20 Jul 2017 04:22 PM
ऐप पर पढ़ें

बरसात के मौसम में डेंगू मच्छर ने भी उत्तराखंड में दस्तक दे दी है। प्रदेश के चार जिलों में डेंगू का लार्वा मिला है। इससे आने वाले समय में डेंगू के मामले सामने आने की आशंका बढ़ गई है। 

स्वास्थ्य विभाग को राजधानी देहरादून, हरिद्वार, यूएसनगर और नैनीताल जिलों के कई क्षेत्रों में डेंगू मच्छर का लार्वा मिला है। डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छर के लार्वा को मच्छर बनने में लगभग एक सप्ताह का समय लगता है और 20 से 40 डिग्री का तापमान इस मच्छर के लिए खासा उपयुक्त है। राज्य में मानसून की वजह से लगातार बारिश हो रही है और इससे शहरी क्षेत्रों में लगातार जल भराव की स्थिति बनी हुई है। इससे डेंगू मच्छर बनने में बड़ी मदद मिल रही है।

पिछले साल राज्य में बड़े स्तर पर डेंगू फैल गया था और राज्य भर में 10 हजार लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई थी। डेंगू की स्थिति भयावह होने से सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में मरीजों को जगह तक नहीं मिल पाई थी। इस बार अब फिर डेंगू मच्छर का लार्वा मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। जिन स्थानों में एडीज मच्छर का लार्वा मिला है वहां लार्वा खत्म करने का अभियान शुरू कर दिया गया है। इधर, स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. डीएस रावत ने राज्य के कई क्षेत्रों में डेंगू मच्छर का लार्वा मिलने की पुष्टि की।  

डेंगू के लक्षण 

डेंगू के लक्षण तीन से 14 दिन बाद दिखते हैं। 
तेज ठंड लगकर बुखार आता है।
सिर और आंखों में दर्द होता है। 
शरीर और जोड़ों में दर्द होता है। 
भूख कम लगती है। 
जी मचलाना, उल्टी और दस्त आने लगते हैं। 
चमड़ी के नीचे लाल धब्बे आने लगते हैं। 
आंख, नाक से खून आ जाता है। 

डेंगू से बचाव 

घर के आसपास पानी जमा न होने दें
पानी के बर्तन खुले न रखें
कूलर का पानी बदलते रहें
खिड़की, दरवाजों पर जाली अवश्य लगवाएं 
मच्छर को दूर रखने वाली क्रीम लगाएं 
शरीर को पूरी तरह ढकने वाले कपड़े पहनें
सोते समय मच्छर दानी का प्रयोग करें
मच्छर मारने वाली दवाई का छिड़काव करें 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें