ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशयूपी में बाढ़ का कहर: खतरे के निशान से ऊपर बह रही घाघरा, लोगों ने छोड़ा गांव

यूपी में बाढ़ का कहर: खतरे के निशान से ऊपर बह रही घाघरा, लोगों ने छोड़ा गांव

गोंडा के बैराजों से लगातार पानी छोड़े जाने के चलते घाघरा नदी ने घनघोर रूप अख्तियार कर लिया है। बुधवार रात के बाद से घाघरा के तेजी से बढ़ते फैलाव से प्रभावित गांवों का दायरा अचानक बढ़ गया है। बाढ़ की...

यूपी में बाढ़ का कहर: खतरे के निशान से ऊपर बह रही घाघरा, लोगों ने छोड़ा गांव
लाइव हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीThu, 13 Jul 2017 01:38 PM
ऐप पर पढ़ें

गोंडा के बैराजों से लगातार पानी छोड़े जाने के चलते घाघरा नदी ने घनघोर रूप अख्तियार कर लिया है। बुधवार रात के बाद से घाघरा के तेजी से बढ़ते फैलाव से प्रभावित गांवों का दायरा अचानक बढ़ गया है। बाढ़ की भयावह हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने हाई एलर्ट जारी करते हुए आठ टीमें गठित की है।

सूत्रों के मुताबिक बाढ़ का प्रकोप और बढ़ा तो सेना की मदद ली जा सकती है। डीएम कार्यालय के मुताबिक सेना की मदद के लिए फैजाबाद के डोगरा रेजीमेंट से संपर्क किया गया है। 
गुरूवार गिरिजा, शारदा और सरयू बैराजों से छोड़ा गया लगभग 1.96 लाख क्यूसेक पानी करनैलगंज में कहर बन गया है। एल्गिन ब्रिज पर घाघरा का जलस्तर 106.10 पहुंच गया है। खतरे के निशान से ऊपर बह रही है घाघरा नदी के कारण कर्नलगंज के दर्जनों गांवों में पानी घुस गया है। प्रभावित गांवों के लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंच रहे है।

डीएम जेबी सिंह ने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों और पीड़ितों की हर संभव मदद की जा रही है। फ्लड पीएसी के साथ साथ पुलिस को भी लगाया गया है। उन्होंने कहा कि सेना की मदद पर विचार किया जा रहा है। 

ये प्रभावित गांव-
प्रधान पुरवा, गोडियनपुरवा, पछुवनपुरवा, बगुलिहन पुरवा, दुलारे पुरवा, इकबाल प्रधान पुरवा, छंगूपुरवा, संभरपुरवा, मछवारनपुरवा, पुलिनपुरवा, तीरथरामपुरवा, देवकिशनपुरवा, भगतपुरवा में पानी भर गया है। इसके पहले इस गांव के सात मजरे बाढ ग्रस्त थे। उधर प्रतापपुर, काशीपुर, घरकुइंया, के मजरा जगन्नाथपुरवा, नऊवनपुरवा, बासुदेव पुरवा, जोगनिपुरवा, लोनियनपुरवा, चमारनपुरवा, अतरसुइया, जियालाल पुरवा, घरुकनपुरवा, धोबिनपुरवा, बहुवन मदार मांझा के मजरा बाबा मांझा, मर्दनपुुरवा, रामचन्दर पुरवा, लालूपुरवा, भुजवनपुरवा, तेलहनपुरवा समेत कई गांव बाढ़ से घिर गए हैं। 

बाराबंकी में भी बुधवार सुबह से काले बादल छाए रहे और फिर शाम को झमाझम बारिश ने गर्मी से थोड़ी राहत दे दी। बारिश से मौसम खुशनुमा तो हो गया लेकिन इससे जलभराव की समस्या और बढ़ गई। हालांकि मौसम ठंडा होने की वजह से बुधवार को बाजार में रौनक दिखाई दी।

वहीं रायबरेली के डलमऊ क्षेत्र में छह, ऊंचाहार में पांच और लालगंज एक कच्चा घर ढह गया। बाराबंकी, अंबेडकरनगर, अमेठी, गोंडा,  फैजाबाद, सीतापुर, हरदोई और लखीमपुर में रिमझिम बारिश हुई। इलाहाबाद में रिमझिम फुहारे पड़ीं। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में यूपी में अच्छी बारिश होने की संभावना है। 

यूपी के कई जिलों में बारिश किसानों के लिए सौगात लेकर आई है वहीं कई जगह मूसलाधार बारिश ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है। पहाड़ों पर हो रही लगातार बारिश से जहां सहारनपुर क्षेत्र में यमुना सहित जिले की तमाम नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। बेहट क्षेत्र के करीब आधा दर्जन गांवों में नदियों का पानी घुस गया। मुरादाबाद, सम्भल, रामपुर में हल्की बारिश हुई। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें