ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश सोनभद्रधारदार हथियार से युवक की हत्या, सनसनी

धारदार हथियार से युवक की हत्या, सनसनी

स्थानीय थाना क्षेत्र के महुआदोहर गांव में अरहर के खेत में गांव के ही एक युवक का रक्तरंजित शव मिला। धारदार हथियार से उसकी हत्या की गई। मौके पर पहुंची पुलिस को फिलहाल हत्यारों को लेकर कोई सुराग हाथ...

धारदार हथियार से युवक की हत्या, सनसनी
बभनी (सोनभद्र)। हिन्दुस्तान संवाद Tue, 22 Aug 2017 04:46 PM
ऐप पर पढ़ें

स्थानीय थाना क्षेत्र के महुआदोहर गांव में अरहर के खेत में गांव के ही एक युवक का रक्तरंजित शव मिला। धारदार हथियार से उसकी हत्या की गई। मौके पर पहुंची पुलिस को फिलहाल हत्यारों को लेकर कोई सुराग हाथ नहीं लगा। उधर, मृतक की मां पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। हत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चला।

गांव में मंगलवार की तड़के कुछ ग्रामीण शौच के लिए निकले तो गांव के बाहर अरहर के एक खेत में गांव के ही देवेन्द्र सिंह उर्फ डब्लू(20) पुत्र स्व रामनरेश सिंह का रक्तरंजित शव मिला। जहां शव मिला वह स्थान देवेन्द्र के घर से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। ग्रामीणों के अनुसार हत्यारे ने किसी धार दार हथियार से प्रहार कर देवेन्द्र को मौत के घाट उतारा है। देवेन्द्र के गले पर धारदार हथियार से वार के कई निशान भी हैं।  गले में काला निशान देखने से ऐसा लग रहा है कि पहले धारदार हथियार का प्रयोग किया है फिर रस्सी से गला दबाया गया है। जहां शव मिला वहां पर खून कुछ ज्यादा ही निकला हुआ था। 

इस मामले में देवेन्द्र की मां रूपतार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक के चाचा प्रेम नारायण सिंह के मुताबिक सोमवार की रात करीब आठ बजे डब्लू घर से बाहर टहलने के लिए निकला। सुबह उसका शव मिला।  डब्लू के पिता की मौत 10 साल पूर्व हो चुकी है। दो बडे़ भाई बंगलूरू में काम करते हैं। वह अपनी मां  के साथ गांव में रहता था। उसकी मां एक दिन पूर्व मध्यप्रदेश के मझौली में मायके गई हुई थी। डब्लू घर पर अकेले था। बभनी थाना के नायब दरोगा कुमार सन्तोष व शेषनाथ सिंह सहित म्योरपुर थानाथ्यक्ष गगन राज सिंह इस मामले की जांच में लगे हुए हैं। गगन राज सिंह का कहना है कि अब तक की जांच में देवेन्द्र की किसी से रंजिश सामने नहीं आ रही है। अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। शीघ्र ही इसका खुलासा कर दिया जाएगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें