ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊबलरामपुर के ललिया में टावर से लटकता मिला युवक का शव

बलरामपुर के ललिया में टावर से लटकता मिला युवक का शव

ललिया थाना क्षेत्र के उपटहवा गांव में शनिवार भोर में युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में टावर से लटकता मिला। मृतक के ससुर ने गांव के ही तीन लोगों पर दामाद की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस शव को...

बलरामपुर के ललिया में टावर से लटकता मिला युवक का शव
हिन्दुस्तान संवाद,बलरामपुरSat, 29 Jul 2017 06:23 PM
ऐप पर पढ़ें

ललिया थाना क्षेत्र के उपटहवा गांव में शनिवार भोर में युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में टावर से लटकता मिला। मृतक के ससुर ने गांव के ही तीन लोगों पर दामाद की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की छानबीन में जुटी है। 
उपटहवा निवासी संजीव कुमार ने बताया कि उसका छोटा भाई अनिल कुमार उर्फ लल्लू (25 वर्ष) पुत्र नरसिंह नरायण शुक्रवार रात गांव में ही बरही कार्यक्रम में प्रीतभोज में शामिल होने गया था। वहां भोजन के बाद प्रोजेक्टर पर फिल्म देखने लगा। देर रात तक न लौटने पर उसकी खोजबीन शुरू की गई। काफी प्रयास के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। आसपास के गांव में भी उसकी तलाश की गई। थक हारकर हम लोग गांव लौट आए। भोर में पता चला कि किसी युवक की लाश टावर पर लटक रही है। सूचना मिलने पर हम लोग वहां गए। देखा कि अनिल का शव मोबाइल टावर से लटक रहा था। उसके गले में प्लास्टिक की रस्सी बंधी थी। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। 
प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार शर्मा की देखरेख में शव को नीचे उतरवाया गया। चेहरे व शरीर के अन्य हिस्से पर चोट के निशान दिख रहे थे। अनिल कुमार के घर से टावर की दूरी काफी कम है। उसके घर काफी भीड़ जमा हो गई। चोट के आधार पर गांव के लोग अनिल की हत्या का कयास लगा रहे थे। उसके ससुर थाना महराजगंज तराई अन्तर्गत ग्राम पंचायत शिवचरनडीह के मजरे फाजिल गांव निवासी दर्शन मालवीय ने बताया कि मैंने अपनी पुत्री शैली का विवाह पांच साल पूर्व अनिल कुमार के साथ किया था। अनिल से गांव के तीन लोग किन्हीं कारणों से रंजिश रखते थे। घटना वाली रात तीनों लोग शराब के नशे में बुरी तरह धुत थे। वे करीब 12 बजे रात को अनिल के साथ देखे गए हैं। उन लोगों ने मेरे दामाद की गला घोंटकर हत्या की है। बाद में शव को टावर से लटका दिया। अनिल के एक चार माह का बेटा है। शैली का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना वाली रात वह मायके में थी। 
दर्शन मालवीय का कहना है कि आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर उन्हें जेल भेजना चाहिए। प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

 

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें