ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊधारदार हथियार से विवाहिता की गला रेतकर हत्या, पति फरार

धारदार हथियार से विवाहिता की गला रेतकर हत्या, पति फरार

धारदार हथियार से विवाहिता की गला रेत कर हत्या कर दी गई। रविवार सुबह अखबार देने आए हाकर ने विवाहिता की लाश देख कर शोर मचाया। महिला अपने पति व एक वर्षीय बच्ची के साथ रहती थी। मौके से उसका पति फरार है।...

धारदार हथियार से विवाहिता की गला रेतकर हत्या, पति फरार
हिन्दुस्तान संवाद,तुलसीपुर (बलरामपुर)Sun, 09 Jul 2017 03:20 PM
ऐप पर पढ़ें

धारदार हथियार से विवाहिता की गला रेत कर हत्या कर दी गई। रविवार सुबह अखबार देने आए हाकर ने विवाहिता की लाश देख कर शोर मचाया। महिला अपने पति व एक वर्षीय बच्ची के साथ रहती थी। मौके से उसका पति फरार है। कयास लगाया जा रहा है कि पति ने ही पत्नी की हत्या की है। मामला तुलसीपुर थाने के रमवापुर गांव का है। 
तुलसीपुर थाने के गांव परसपुर के मूल निवासी दुखहरन अपने ननिहाल रमवापुर में रहता है। उसके साथ उसकी 22 वर्षीय पत्नी सरोज व एक साल की पुत्री रहती थी। घर के आगे चाय की दुकान है। पीछे वाले कमरे में पूरा परिवार रहता था। रविवार सुबह सात बजे हाकर अखबार देने गया तो दुखहरन की दुकान बंद मिली। अखबार देने के लिए उसके धक्का देते ही दरवाजा खुल गया। कमरे का दृश्य देखकर हाकर की चीख निकल गई। चारपाई पर सरोज का रक्त रंजित शव पड़ा हुआ था। बगल में उसकी एक साल की बेटी सो रही थी। हाकर के शोर मचाने पर तमाम ग्रामीण दुखहरन के घर एकत्रित हो गए। थोड़ी ही देर में प्रभारी निरीक्षक एसके त्रिपाठी दलबल के साथ रमवापुर गांव पहुंचे। सरोज का गला किसी धारदार हथियार से रेता गया था। जिससे उसका आधा गला कट कर लटक गया था। ऐसा लग रहा था जैसे सोते समय उसकी हत्या की गई हो। कमरे में काफी खून बिखरा हुआ था। दुखहरन मौके पर नहीं मिला। काफी खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। दुखहरन का विवाह करीब दो साल पहले तुलसीपुर देहात निवासी रामू की पुत्री सरोज के साथ हुआ था। उसकी दुकान देर रात तक खुली रहती थी। शनिवार को भी उसने करीब दस बजे रात को दुकान बंद की थी। रामू की तहरीर पर थाने में हत्या का केस दर्ज हुआ है। रामू ने अपने दामाद दुखहरन पर हत्या का संदेह व्यक्त किया है। प्रभारी निरीक्षक एसके त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दुखहरन का पता लगाया जा रहा है।        
 

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें