ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखीमपुरखीरी20 के बाद सियासी दलों पर लगी सबकी नजर

20 के बाद सियासी दलों पर लगी सबकी नजर

प्रदेश शासन ने निकाय चुनाव को लेकर के अध्यक्ष पद की आरक्षण सूची जारी कर दी। इसके बाद चुनावी माहौल गर्म है। अब राजनीतिक पार्टियों पर सबकी निगाह लगी है कि पार्टियां किसको अपना उम्मीदवार बना रही हैं।...

20 के बाद सियासी दलों पर लगी सबकी नजर
हिन्दुस्तान टीम,लखीमपुरखीरीSat, 14 Oct 2017 10:43 PM
ऐप पर पढ़ें

प्रदेश शासन ने निकाय चुनाव को लेकर के अध्यक्ष पद की आरक्षण सूची जारी कर दी। इसके बाद चुनावी माहौल गर्म है। अब राजनीतिक पार्टियों पर सबकी निगाह लगी है कि पार्टियां किसको अपना उम्मीदवार बना रही हैं। हालांकि अब तक किसी दल ने पत्ते नहीं खोले हैं। खीरी जिले में चार नगर पालिका और छह नगर पंचायतें हैं। इनको लेकर अनंतिम आरक्षण सूची जारी हो चुकी है। आरक्षण को लेकर के शासन ने 20 अक्तूबर की शाम 5:00 बजे तक आपत्तियां भी मांगी है। आरक्षण को देख कर कई के अरमान को झटका लगा है तो कइयों को मौका भी मिलता दिख रहा है। लखीमपुर नगर पालिका अध्यक्ष सीट महिला आरक्षित हुई है।

अब तक इस सीट के लिए जिन लोगों के चेहरे सामने आ रहे थे वह ज्यादातर पुरुष थे। लेकिन आरक्षण जारी होते ही महिला उम्मीदवार भी सामने आ गई हैं। रातों रात किसी ने अपनी पत्नी तो किसी ने अपनी बहू को मैदान में उतार दिया है। पिछले कई महीनों से चल रहा चुनाव प्रचार अचानक आरक्षण की वजह से यू टर्न ले गया। इसके अलावा अन्य नगरपालिकाएं गोला मोहम्मदी, पलिया अनारक्षित हैं। यहां उम्मीदवारों की बाढ़ होगी और मुकाबला भी कांटे का रहेगा। इसके अलावा नगर पंचायतों में भी करारी भिड़ंत होने की संभावना है। सिर्फ धौरहरा नगर पंचायत महिला आरक्षित सीट है। यहां भी अब तक चुनाव प्रचार में लगे उम्मीदवार महिला चेहरों की ओर देखने लगे हैं। आरक्षण जारी होने के बाद अब सवाल राजनीतिक दलों का है।

इस बार भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस सभी चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। भाजपा पिछले कई महीनों से नगर निकाय चुनाव को लेकर के काम कर रही है। समाजवादी पार्टी और बसपा भी जमीनी स्तर पर कवायद में जुटी है। कांग्रेस भी दमदार चेहरों की तलाश में है। भाजपा ने चुनाव को लेकर संगठन स्तर पर प्लानिंग कर रखी है। हर जिलेवार निकाय चुनाव के प्रभारी बनाए गए हैं। यह प्रभारी दावेदारों का फीडबैक ले रहे हैं और उनसे आवेदन भी मांगे जा रहे हैं। सपा भी इसी रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी के नेताओं का दावा है कि कई सीटों पर उसके दावेदार चिह्नित हैं और बाकी आवेदन मांगे गए हैं। इस बार बसपा भी निकाय चुनाव लड़ने की तैयारी में है। पार्टी आंतरिक स्तर पर तैयारी में जुटी है।

सोशल मीडिया पर जारी है वार

चुनाव और उम्मीदवारी से पहले ही सोशल मीडिया पर जोरदार जंग चल रही है। कभी किसी के पक्ष में बात होती है तो कभी विरोधियों को निशाना भी बनाया जा रहा है। चुनावी माहौल गर्म होते ही फेसबुक और अचानक से गुमनाम आईडी बन गयी हैं। इन आईडी के सहारे विरोधियों पर तंज कसे जा रहे हैं। दावेदार कभी नगर भ्रमण की फ़ोटो पोस्ट करते हैं तो कभी प्रचार के पोस्टर डालते हैं। यही नहीं उम्मीदवारों ने सोशल मीडिया पर मित्र मंडली और फैंस क्लब जैसे ग्रुप भी बना दिये हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें