ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश कानपुरATS ने कानपुर के चार गन हाउस मालिकों को किया गिरफ्तार

ATS ने कानपुर के चार गन हाउस मालिकों को किया गिरफ्तार

यूपी एटीएस ने मंगलवार को कानपुर के चार गन हाउस मालिकों को गिरफ्तार किया है। इन पर अवैध तरीके से असलहे बेचने का आरोप है। असलहा बिहार के दो युवकों को बेचा गया, जिनके माध्यम से इन्हें संदिग्ध...

ATS ने कानपुर के चार गन हाउस मालिकों को किया गिरफ्तार
कार्यालय संवाददाता ,कानपुरWed, 26 Jul 2017 01:53 AM
ऐप पर पढ़ें

यूपी एटीएस ने मंगलवार को कानपुर के चार गन हाउस मालिकों को गिरफ्तार किया है। इन पर अवैध तरीके से असलहे बेचने का आरोप है। असलहा बिहार के दो युवकों को बेचा गया, जिनके माध्यम से इन्हें संदिग्ध आतंकवादियों और नक्सलियों तक पहुंचा दिया गया। अब तक की जांच में 19 असलहे अवैध तरीके से बेचने का खुलासा हुआ है। 
आईएसआईएस खुरासान मॉड्यूल के संदिग्ध आतंकियों को डेढ़ हजार कारतूस बेचने के आरोप में काकादेव निवासी राघवेंद्र सिंह चौहान को एटीएस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। यूपी एटीएस सीओ मनीष चंद्र सोनकर ने बताया कि राघवेंद्र सिंह से मिली जानकारी के आधार पर आगे तहकीकात की गई तो चार गन हाउसों स्वामी खन्ना हाउस, स्वामी एके नियोगी एंड कंपनी, स्वामी पूर्वांचल गन हाउस व स्वामी जय जवान आर्म्स डीलर के रिकॉर्ड में 29 असलहों की गड़बड़ी मिली। इनमें अब तक 19 असलहों की बिक्री में अनिमितता पाई गई है। सीओ के मुताबिक ये सभी असलहे फर्जी लाइसेंस व कागजात पर बेचे गए हैं। 
दो लोगों ने खरीदे सभी असलहे
एटीएस के मुताबिक बिहार के मुंगेर निवासी राज किशोर राय अवैध असलहों का बड़ा सप्लायर रहा है। पिछले साल बिहार एटीएस ने उसको गिरफ्तार भी किया था। उस दौरान उसके पास 10 फर्जी शस्त्र लाइसेंस व असलहे मिले थे। एटीएस की अभी तक की जांच में पता चला है कि राज किशोर व उसके साथी उमेंद्र सिंह ने कानपुर के चारों गन हाउसों से इन सभी असलहों को खरीदा है। हालांकि, एटीएस का कहना है कि राजकिशोर फर्जी दस्तावेज तैयार कर अपने गुर्गों को असलहे खरीदने के लिए दुकान पर भेजता था। 
ऐसे किया पूरा फर्जीवाड़ा 
एटीएस अधिकारी के मुताबिक बिहार से डीएम की फर्जी एनओसी कानपुर डीएम कार्यालय में लगाई गई। इसके आधार पर खरीदारों ने ट्रांजिट लाइसेंस बनवा लिया। उसके बाद आराम से शस्त्रों की खरीदारी की। गन हाउस मालिकों की भी इसमें भूमिका रहती थी। वे फर्जी मोहरें भी रखते थे। 
दो साल के भीतर खरीद-बिक्री 
सभी हथियारों की खरीदारी दो साल के भीतर की गई है। एटीएस के मुताबिक 2014-16 के बीच 19 असलहे खरीदे गए हैं। हजारों कारतूस भी बेचे गए। एटीएस अब इन गन हाउसों के पहले के भी रिकॉर्ड खंगाल रही है। 
बरामदगी करना चुनौती 
एटीएस के मुताबिक कुल 29 हथियारों की खरीद-बिक्री में फर्जीवाड़ा किया गया है। अब तक 19 का सत्यापन कर लिया गया है, जबकि अन्य 10 शस्त्रों का पता लगाया जा रहा है। एटीएस को अब इन शस्त्रों को बरामद करना चुनौती होगा। जांच के अनुसार, 19 शस्त्र नक्सलियों तक पहुंचाए गए हैं। ऐसे में वहां से शस्त्रों की रिकवरी मुश्किल है। इसके अलावा एटीएस की टीम ने राजकिशोर व उसके साथियों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। 
जय जवान होटल में होती थी डीलिंग 
स्वामी जय जवान आर्म्स डीलर के मालिक राजीव शुक्ला का मूलगंज में जय जवान के नाम से होटल है। एटीएस सीओ के मुताबिक शस्त्रों के खरीदार जय जवान होटल में ही रुकते थे। यहीं पर फर्जी कागजात तैयार होते थे। उसके बाद वे शस्त्र खरीदकर वापस चले जाते थे। 
गिरफ्तार करने वाली टीम को मिलेगा इनाम
यूपी एटीएस कानपुर यूनिट के सीओ मनीष चंद्र सोनकर, इंस्पेक्टर हरिशंकर मिश्रा, दरोगा उपेन्द्र सिंह, हेमेन्द्र सिंह, अनिरुद्ध दुबे, खादिम सज्जाद, सिपाही रामजस, महेश तोमर, रवि और विजय सचान ने गन हाउस मालिकों को गिरफ्तार किया है। आईजी एटीएस असीम अरुण ने पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। 
इनकी हुई गिरफ्तारी 
1- विजय खन्ना, स्वामी खन्ना आरमरी 
2- अमरजीत नियोगी, स्वामी एके नियोगी एंड कंपनी कानपुर 
3- जैनुल आबदीन, स्वामी पूर्वांचल गन हाउस 
4- राजीव शुक्ला, स्वामी जय जवान आर्म्स डीलर

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें