वनग्राम में योगी आदित्यनाथ ने मनाई असली दीपावली, दिए बड़े उपहार
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अयोध्यावासियों के साथ त्रेतायुगीन दीपावली मनाई तो गुरुवार को यहां पांच वनटांगियां गांवों के वंचित तबके साथ दीपावली मना कर उन्हें आजादी जैसा सुख दिया। उनकी कोशिशों...
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अयोध्यावासियों के साथ त्रेतायुगीन दीपावली मनाई तो गुरुवार को यहां पांच वनटांगियां गांवों के वंचित तबके साथ दीपावली मना कर उन्हें आजादी जैसा सुख दिया। उनकी कोशिशों से 99 साल बाद इन गांवों में बिजली पहुंची तो उनके गांव राजस्व ग्राम घोषित किए गए। इससे अब इन गांवों में बुनियादी विकास का रास्ता भी साफ हो गया। योगी ने कहा कि महराजगंज के 18 वनटांगिया गांवों को भी शीघ्र ही राजस्व ग्राम घोषित किया जाएगा।
वन ग्राम जंगल तिनकोनिया में योगी की दीपावली
वनटांगियों के पांच गांव राजस्व ग्राम घोषित, आजादी जैसा सुख
ये गांव भी चुनेंगे अपने प्रधान, कराएंगे मनमाफिक विकास
99 वर्ष बाद इन पांच गांवों में पहुंची बिजली
अब सारे वनटांगियां गांवों को मिलेंगी बुनियादी सुविधाएं
मुख्यमंत्री के साथ दीपावली मना कर वनटांगिया परिवारों के बड़े से लेकर बच्चे तक ने आजादी जैसी खुशी महसूस की। देश के आमनागरिकों के लिए सुलभ कई अधिकारों से वंचित इन परिवारों को आजादी के बाद आज जा कर लगा कि वे भी इस देश के नागरिक हैं और उन्हें भी अधिकार हासिल हैं। वे अब अपने गांव का प्रधान चुन सकेंगे और मनमाफिक विकास करा सकेंगे।
2009 से इन गांवों को मुख्यधारा में शामिल कराने को प्रयासरत थे योगी
2009 से ही वनटांगियों के कल्याण और उनकी जिंदगी में खुशियों के रंग भरने के प्रयास में लगे योगी इसीलिए व्यस्तता के बावजूद समय निकाल कर गुरुवार को उनके साथ दीपावली मनाने गए। जंगल के बीच के इन गांवों के लोग एक पखवारे से इस दिन का इंतजार कर रहे थे। योगी ने भी उन्हें निराश नहीं किया। कई तोहफे भी दिए। उन्होंने जंगल तिकोनिया नम्बर 3, रजही खाले टोला, रामगढ़ सरकार आजाद नगर एवं चिलबिला, आमबाग के मुखिया को राजस्व गांव का प्रमाण पत्र भी सौंपा। साथ ही 11 दिव्यांगों को ट्राइसाइकिल और बैशाखी भी दी। इसके लावा हिन्दू विद्यापीठ के छात्र-छात्राओं में बैग, कापी, किताब और चाकलेट बांटे।
अनार की रोशनी के बीच नारे से गूंजा आसमान
योगी ने राजस्व ग्राम की घोषणा के लिए जब रिमोट दबाया तो अनार की रोशनी के बीच वनटांगिया समाज के दो हजार से अधिक लोगों ने मोदी-योगी जिंदाबाद और महराज जी जिंदाबाद के नारे लगा कर आभार जताया।
कई बार भावुक भी हुए सीएम
जंगल के बीच हुए इस कार्यक्रम में योगी कई बार भावुक हो गए। उन्होंने दस वनटांगियों के घरों में जा कर उनका हालचाल पूछा। साथ में मौजूद केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री शिवप्रताप शुक्ल से उन्होंने कहा-यह है असली दिवाली। इस मौके पर केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री शिव प्रताप शुक्ला, सांसद कमलेश पासवान, जगदम्बिका पाल, विधायक शीतल पाण्डेय, महेन्द्रपाल सिंह, विपिन सिंह सहित सारे अधिकारी और महराजगंज से आये वनटांगिया समाज के लोग भी उपस्थित थे।
शिवप्रताप शुक्ल ने गोद लिया वनटांगिया गांव
योगी के साथ कार्यक्रम में आए केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री शिवप्रताप शुक्ल ने जंगल तिनकोनिया नम्बर तीन गांव को बतौर सांसद गोद लेने का ऐलान किया। साथ ही कहा कि इस गांव में बैंक की शाखा भी खुलवाई जाएगी।
‘‘देश भले ही 1947 में आजाद हुआ लेकिन वन टांगियों को असल आजादी आज मिली। उनके चेहरे के भाव से कोई भी इस बात को समझ सकता है। दीन दयाल उपाध्याय की अंतोदय की योजना साकार हुई।’’
शिव प्रताप शुक्ला, वित्त राज्यमंत्री केंद्र सरकार
‘‘आज के वनटांगिए जंगल का परिवार नहीं सरकार और मुख्यमंत्री का परिवार बन गए हैं। जब दूर दराज से अपने घर दीवाली मनाने आते हैं योगी आदित्यनाथ इनके साथ दीवाली मनाते हैं।’’
जगदम्बिका पाल सांसद डूमरियागंज
‘‘ कभी अपनी पहचान के मोहताज वन टांगिएं आज क्षेत्र की पहचान बन गए हैं। दीपावली को मुख्यमंत्री ने तोहफा दिया, इससे विकास की नई धारा बहेगी।’’
कमलेश पासवान, सांसद बासगांव
‘‘ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वनटांगियों की पीड़ा समझी और पार्टी के सत्ता में आते ही वनटागिएं सरकारी सुविधाओं से आच्छादित हो गए।’’
महेंद्र पाल सिंह, विधायक पिपराइच
‘‘मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर, देवरिया और अयोध्या में विकास की गंगा बहाई है। ऐसा उदाहरण सरकारों के इतिहास में नहीं मिलता है। यकीनन प्रदेश का चहुमुखी विकास होगा।’’
विपिन सिंह, विधायक गोरखपर ग्रामीण
‘‘ आजादी के 70 साल बाद भी जहां विकास की रोशनी नहीं थी, योगी आदित्यनाथ ने वहां दीपावली पर दीप जलाया है। उनका यह कार्य मानवता के साथ न्याय है। ’’
शीतल पाण्डेय, विधायक सहजनवां