ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश गोरखपुरकातिल बनी मां: सोते समय गला दबाकर मार डाला अपने ही दो बेटों को, जानिये क्‍यों 

कातिल बनी मां: सोते समय गला दबाकर मार डाला अपने ही दो बेटों को, जानिये क्‍यों 

क्या कोई मां अपने मासूम बच्चों को अपने ही हाथ से मौत के घाट उतार सकती है। सामान्यतया ऐसा सोचा भी नहीं जा सकता। लेकिन सिद्धार्थनगर पुलिस ने शुक्रवार को एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया जिसने चार साल और...

कातिल बनी मां: सोते समय गला दबाकर मार डाला अपने ही दो बेटों को, जानिये क्‍यों 
Sidharthnagar,SidharthnagarFri, 28 Jul 2017 07:23 PM
ऐप पर पढ़ें

क्या कोई मां अपने मासूम बच्चों को अपने ही हाथ से मौत के घाट उतार सकती है। सामान्यतया ऐसा सोचा भी नहीं जा सकता। लेकिन सिद्धार्थनगर पुलिस ने शुक्रवार को एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया जिसने चार साल और दो साल के अपने दो मासूम बेटों को उस वक्त गला दबाकर मार डाला जब दोनों बेफिक्र होकर सो रहे थे। महिला, छह साल की अपनी बेटी को भी मार डाल चाहती थी। गनीमत रही कि बेटी जाग गई और रोने लगी तो मां को उस पर दया आ गई। 

इतना कुछ कर गुजरने वाली मां से जब पुलिस ने पूछताछ की तो उसने बताया कि पति चरित्र को लेकर लांक्षन लगाता और बच्चों को लेकर ताना कसता था। ये ताने उसे बेहद नागवार लगते थे और जब बात बर्दाश्त से बाहर हो गई तो उसने अपने ही बच्चों को मौत के घाट उतारने का खौफनाक फैसला कर लिया। यह दिल दहला देने वाली वारदात सिद्धार्थनगर के ढेबरुआ थाना क्षेत्र के देवाइचपार परसा गांव की है। 

26 जुलाई को दोनों बच्चों की लाश देवाइचपार गांव के पोखरे में मिली। लाश मिलने के समय ही बेटी के साथ गायब मां को लेकर पुलिस को शक हो गया था। दोनों के बारे में गांव में कोई कुछ बता नहीं पा रहा था। पुलिस ने पूरे पोखरे का पानी भी खाली करा दिया। लेकिन कोई सुराग हाथ हाथ नहीं लगा। 

एसपी सत्येन्द्र कुमार ने निरीक्षक सलीमुर्जफर खान, निरीक्षक रमाकांत यादव व ढेबरुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार राय के नेतृत्व में तीन टीमों को लगा कर महिला और उसकी बच्ची का पता लगाने का जिम्मा सौंपा था। पुलिस हर सम्भावित स्थानों पर महिला की तलाश कर रही थी लेकिन सुराग नहीं मिल पा रहा था। शुक्रवार सुबह ढेबरुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार राय को सूचना मिली कि मधवानगर के पास एक महिला गन्ने के खेत के किनारे बच्ची के साथ घूमती हुई दिखाई दी है। थानाध्यक्ष हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे तो महिला बच्ची के साथ गन्ने के खेत में मिल गई। 

पुलिस उसे लेकर थाने चली आई। पूछताछ में महिला ने अपना जुर्म कुबूल करते हुए बताया कि उसका पति से विवाद था। वह बार-बार दोनों बेटों को लेकर ताना मारने के साथ चरित्र पर लांक्षन लगा रहा था। उसने 25 जुलाई की रात 12 बजे के आसपास दोनों बेटों सुरेन्द्र (उम्र चार साल) और वीरेन्द्र (उम्र दो साल) का गला दबाने के बाद पोखरे में लाश फेंक दिया और बच्ची को लेकर फरार हो गई। वह अपने साथ घर के जेवर भी लेते गई थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर  जेल भेज दिया है।  
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें