ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश गोरखपुरदेवरिया में नगर पंचायत के चेयरमैन पर जानलेवा हमला, गुस्‍साई भीड़ ने थाना घेरा

देवरिया में नगर पंचायत के चेयरमैन पर जानलेवा हमला, गुस्‍साई भीड़ ने थाना घेरा

देवरिया जिले के भटनी नगर पंचायत के चेयरमैन पर एक हिस्ट्रीशीटर ने जानलेवा हमला कर दिया। चेयरमैन नाली विवाद को सुलझाने के लिए गए थे। चेयरमैन पर हमले के विरोध में कस्बे के व्यापारियों ने थाने का घेराव...

देवरिया में नगर पंचायत के चेयरमैन पर जानलेवा हमला, गुस्‍साई भीड़ ने थाना घेरा
हिन्दुस्तान टीम,गोरखपुरSun, 13 Aug 2017 01:02 PM
ऐप पर पढ़ें

देवरिया जिले के भटनी नगर पंचायत के चेयरमैन पर एक हिस्ट्रीशीटर ने जानलेवा हमला कर दिया। चेयरमैन नाली विवाद को सुलझाने के लिए गए थे। चेयरमैन पर हमले के विरोध में कस्बे के व्यापारियों ने थाने का घेराव करते हुए प्रदर्शन किया। आक्रोशित भीड़ पुलिस पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगा रही है। भटनी कस्बे के हतवा वार्ड निवासी अमानत उर्फ मुन्ना हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसका बगल के निजामुद्दीन से नाली को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार की रात दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और मारपीट होने लगी। इसकी जानकारी निजामुद्दीन ने एसओ और नगर पंचायत के चेयरमैन विजय कुमार गुप्ता को दी। सूचना मिलते ही चेयरमैन मौके पर पहुंचे और बीच बचाव करने लगे। इस दौरान हिस्ट्रीशीटर मुन्ना ने चेयरमैन के सिर और चेहरे पर जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद इन लोगों ने जमकर ईंट पत्थर भी चलाए। कुछ देर बाद पुलिस पहुंची तो मुन्ना हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गया। रविवार की सुबह घटना की जानकारी जब कस्बे के लोगों को हुई तो उन्होंने थाने पर पहुंच कर प्रदर्शन करने के बाद छोटी गंडक नदी पर बने पुल पर रास्ता जाम कर दिया। आक्रोशित भीड़ पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थानाध्यक्ष को निलंबित करने की मांग कर रही है। व्यापारियों के आंदोलन के कारण भटनी विजयीपुर व भटनी भिंगारी मार्ग पर आवागमन ठप रहा। हमले के विरोध में भटनी कस्बे की काफी दुकानें बंद हैं। एसओ विजय नरायण ने बताया कि मुन्ना की तलाश की जा रही है। मामले की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर गई थी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें