ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश गोरखपुरमजबूर कुच्ची पूछ रही है एक सवाल: साहब! कब पूरा होगा आप का हफ्ता

मजबूर कुच्ची पूछ रही है एक सवाल: साहब! कब पूरा होगा आप का हफ्ता

गोरखपुर। अरविंद कुमार राय मैं झूठ बोल रही हूं या सच। मेरी मांग जायज है या नाजायज। साहब! यह कौन तय करेगा। दस-बीस नहीं 100 बार कार्यालय का चक्कर लगाई। एक-दो नहीं दस तहसील दिवसों पर पहुंच कर फरियाद...

मजबूर कुच्ची पूछ रही है एक सवाल: साहब! कब पूरा होगा आप का हफ्ता
Gorakhpur,GorakhpurThu, 22 Jun 2017 06:04 PM
ऐप पर पढ़ें

गोरखपुर। अरविंद कुमार राय
मैं झूठ बोल रही हूं या सच। मेरी मांग जायज है या नाजायज। साहब! यह कौन तय करेगा। दस-बीस नहीं 100 बार कार्यालय का चक्कर लगाई। एक-दो नहीं दस तहसील दिवसों पर पहुंच कर फरियाद सुनाई। दबंगों ने रास्ता बंद कर दिया है। हर बार सिर्फ एक आदेश मिला...एसओ! मौके पर जाएं, कब्जा हटवाएं। साहब! दिन-महीने अब साल बीत गया। आप का एक हफ्ता कब पूरा होगा।
पढ़-सुनकर बात अजब-गजब लगेगी लेकिन है 100 फीसदी सच। बांसगांव थाना क्षेत्र स्थित घइसरा गांव निवासिनी क़ुच्ची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालयों का चक्कर लगाते-लगाते थक गई है। पुलिस-प्रशासन की न्याय प्रक्रिया से अब उसकी उम्मीद टूटने लगी है। बेबस और लाचार कुच्ची देवी ने जनवरी 2016 में थाने पर पहुंची। फरियाद लगाई कि दबंगों ने उसकी राह रोक ली है। सार्वजनिक रास्ते की भूमि पर छप्पर डाल दी है। जवाब मिला...घर पहुंचो! पुलिस जाएगी। दो दिन-दो हफ्ता नहीं दो माह बीत गए। पुलिस नहीं पहुंची। गांव के एक व्यक्ति ने सलाह दी। कुच्ची तहसील दिवस पर पहुंची। एसडीएम को प्रार्थना पत्र दी। साहब ने लिख दिया...एसओ। मौके पर जाएं। अवैध कब्जा हटवाएं।


कुच्ची खुश थी। गांव लौटी तो सलाह देने वाले के साथ ही दो-चार और को बताई। हफ्ते भर में एसओ आएंगे। कब्जा हटवाएंगे। उसका विश्वास टूट गया। हफ्ता कौन कहे, महीना बीत गया। एसओ पहुंचे न सिपाही। कुच्ची एक-एक कर 10 तहसील दिवसों पर पहुंची। सिर्फ एक फरियाद...रास्ते से दबंगों का कब्जा हटवाया जाए। गुहार। वह एक व्यक्ति के खेत से होकर जा रही है। अगर उसने रोक दिया वह घर से नहीं निकल पाएगी। हर बार एक ही आदेश ...एसओ। मौके पर जाएं। अवैध कब्जा हटवाएं। नतीजा भी एक ही। एसओ पहुंचे न सिपाही। कुच्ची ने थक-हारकर एक जन प्रतिनिधि को अपनी फरियाद सुनाई। बोली...अधिकारियों के कार्यालयों और तहसील दिवसों का चक्कर लगाते-लगाते एक साल बीत गया लेकिन एसडीएम साहब का हफ्ता नहीं बीता।

क्या है मामला
बतौर कुच्ची देवी उसके घर से आने-जाने के रास्ते का जो नक्शा है वह इंतखाब में नवीन परती दर्ज है। उसी नवीन परती पर कुछ दबंगों ने निर्माण करा लिया है। उसका घर से निकलने का रास्ता बंद हो गया है। वह और उसका परिवार बगल में एक व्यक्ति के खेत से होकर आता-जाता है। यदि उसने आने-जाने से रोक दिया तो कुच्ची देवी और उसके परिवार का घर से निकलना मुश्किल हो जाएगा।

कब-कब पहुंची कुच्ची तहसील दिवस पर
तहसील दिवस : 01 मार्च 2016
तहसील दिवस : 03 मई 2016
तहसील दिवस : 07 जून 2016
तहसील दिवस : 21 जून 2016
तहसील दिवस : 05 जुलाई 2016
तहसील दिवस : 12 जुलाई 2016
तहसील दिवस : 19 जुलाई 2016
तहसील दिवस : 02 मई 2017
तहसील दिवस : 06 जून 2017
जिलाधिकारी को रजिस्ट्री : 01 मार्च 2016

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें