ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश बलियादो युवकों की हत्या कर शव कुएं में फेंका

दो युवकों की हत्या कर शव कुएं में फेंका

रेवती थाना क्षेत्र के अधिसिझुआ गांव के सिवान में स्थित एक कुएं में हत्या कर फेंका गया दो युवकों का शव मंगलवार को बरामद हुआ। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को बाहर निकलवाया। दोनों को सीने में...

दो युवकों की हत्या कर शव कुएं में फेंका
Center,VaranasiTue, 23 May 2017 05:24 PM
ऐप पर पढ़ें

रेवती थाना क्षेत्र के अधिसिझुआ गांव के सिवान में स्थित एक कुएं में हत्या कर फेंका गया दो युवकों का शव मंगलवार को बरामद हुआ। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को बाहर निकलवाया। दोनों को सीने में गोली मारी गयी है, जबकि एक का गला भी रेता गया है। फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी। गांव के कुछ लोग पशुओं को चराने गांव से उत्तर लालता बाबा के स्थान की ओर पहुंचे। उनकी नजर कुएं पर लगे खून के छींटो पर पड़ी तो वह कुएं में झांकने लगे। उसमें करीब 45 वर्षीय युवक का एक शव दिखा। बात जंगल के आग की तरह फैली तो मौके पर गांव के लोग पहुंच गये। खबर मिलने के बाद सीओ (बैरिया) टीएन दूबे तथा एसओ (रेवती) मनोज कुमार सिंह मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने गांव के ही एक व्यक्ति को रस्सी के सहारे कुएं में उतारा। चूंकि कुएं के अंदर से दुर्गंध आ रही थी, लिहाजा जल्दी से शव को रस्सी में बांधकर उपर खींच लिया गया। कुएं में उतरा व्यक्ति भी बाहर निकल गया। बताया जाता है कि पुलिस ने मृतक के कपड़ा, असलहा, धारदार हथियार अथवा कोई अन्य सुराग पड़े की तलाश में उक्त व्यक्ति को दोबारा कुएं के अंदर भेजा। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो सूखे कुएं में उतरे युवक ने अंदर पड़े फूंस को हटाया तो उसके नीचे करीब 25 वर्षीय एक अन्य युवक का शव पड़ा मिला। दो शवों के मिलने के बाद पुलिस व गांव के लोग सकते में आ गये। दूसरे शव को भी रस्सी के जरिये बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार दोनों युवकों के सीने में गोली मारी गयी है, जबकि 25 वर्षीय युवक का धारदार हथियार से गला भी रेता गया है। पुलिस ने छानबीन शुरु की तो कुएं से करीब 50 मीटर दूर लालता बाबा स्थान के पास स्थित पेड़ के नीचे चार खोखा तथा खून के निशान पाये गये। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि दोनों युवकों के शरीर पर सिर्फ जांघिया व बनियान ही है। सीओ बैरिया का कहना है कि मामले की छानबीन करने के साथ ही शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। दो दिनों पहले साफ-सुथरा था कुआं बैरिया। रेवती थाना क्षेत्र के अधिसिझुआ गांव से उत्तर पुराने रेलवे लाइन के पास स्थित कुआं दो दिनों पहले पूरी तरह से साफ-सुथरा था। पुलिस आशंका जता रही है कि हत्या कर दोनों युवकों का शव 24 से 48 घंटा पहले ही कुएं में डाला गया है। गर्मी के कारण दोनों शवों से दुर्गंध आ रही थी। ग्रामीणों की मानें तो रोज की तरह रविवार को मवेशियों को चराने पहुंचे गांव के कुछ लोगों ने कुएं के अंदर झांका था। उस दिन करीब 30 मीटर गहराई वाला यह कुआं पूरी तरह से साफ-सुथरा था। हत्या कर युवकों का शव कुएं में डालने के बाद हत्यारों ने आसपास स्थित झोपड़ियों से फूंस निकालकर उपर से ढक दिया था। यही कारण था कि लोगों को सिर्फ एक युवक का ही सिर दिख रहा था। डेढ़ किमी दूर घाघरा के छाड़न तक जाकर रूक गयी खोजी कुतिया बैरिया। रेवती थाना क्षेत्र के अधिसिझुआ गांव के पास कुएं में दो युवकों का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी। गोली मारकर हत्या करने की खबर मिलने के बाद आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंच गये। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने इस मामले से अधिकारियों को अवगत कराया, जिसके बाद फारेंसिक व डाग स्क्वायड टीम मौके पर पहुंच गयी। मृतकों के शरीर के कपड़ों को सूंघने के बाद खोजी कुतिया लालता बाबा स्थान के पास पहुंची। वहां से वह उत्तर दिशा में घूम गयी तथा लगभग डेढ़ सौ मीटर दूर घाघरा के छाड़न तक जाने के बाद रूक गयी। पुलिस का मानना है कि दोनों युवकों की हत्या करने वाले नदी अथवा छाड़न के रास्ते ही कुएं तक पहुंचे होंगे। आशंका यह भी व्यक्त की जा रही है कि लालता बाबा स्थान के पास पीपल के पेड़ के नीचे युवकों की हत्या करने के बाद शव को कुएं में डालकर फूंस से ढंक दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से पड़ताल में जुटी है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें