ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश बलिया मां-पत्नी से बोला 'अपना ख्याल रखना' और खुद सो गया

मां-पत्नी से बोला 'अपना ख्याल रखना' और खुद सो गया

पत्नी को क्या पता था कि उसका जो फौजी पति अपना तथा मां-बाप व बच्चों का ख्याल रखने की नसीहत दे रहा था वो खुद ही सबको मझधार में छोड़कर चला जायेगा। गुरुवार की रात नौ बजे शहीद बृजेन्द्र बहादुर ने घर पर फोन...


मां-पत्नी से बोला 'अपना ख्याल रखना' और खुद सो गया
हिन्दुस्तान टीम,बलियाFri, 15 Sep 2017 06:21 PM
ऐप पर पढ़ें

पत्नी को क्या पता था कि उसका जो फौजी पति अपना तथा मां-बाप व बच्चों का ख्याल रखने की नसीहत दे रहा था वो खुद ही सबको मझधार में छोड़कर चला जायेगा। गुरुवार की रात नौ बजे शहीद बृजेन्द्र बहादुर ने घर पर फोन किया। पत्नी से ढेर सारी बातें कीं, मां को 'प्रणाम' किया और फिर हमेशा-हमेशा के लिए सो गया। देश पर कुर्बान हो गए अपने बेटे की याद में मां रोते-रोते बेसुध हो जा रही है। पिता को बेटे की शहादत पर गर्व है। हालांकि इकलौते बेटे को खोने का गम वे छिपा भी नहीं पा रहे। जम्मू के अरनिया सेक्टर में तैनात बृजेन्द्र बहादुर ने गुरुवार की रात में 9 बजे अपनी पत्नी सुष्मिता को फोन किया। मां-पिता के साथ ही दोनों बेटों की खैरियत पूछी और सबका ख्याल रखने को कहा। पत्नी से बात करने के बाद बृजेन्द्र ने मां राजकुमारी से भी बात की। 'मां अपना ख्याल रखना' इतना कहने के बाद उन्हें प्रणाम किया और फोन रख दिया। बेटे से बात कर मां सुकून की नींद सो गई तो पत्नी भी पति की मीठी यादों में खो गयी। किसी को नहीं पता था कि सबको थपकी देकर सुलाने के बाद सबका दुलारा बृजेन्द्र खुद हमेशा-हमेशा के लिए मौत की चादर ओढ़ लेगा। बृजेन्द्र से उनकी अब कभी बात नहीं हो पायेगी। घर वालों से बात करने के ठीक चार घंटे बाद पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी में बृजेन्द्र शहीद हो गए। शुक्रवार की सुबह परिवार के लिए गमों का पहाड़ लेकर आयी। भोर के पांच बजे पिता अशोक सिंह के फोन की घंटी बजी। उधर से जो खबर आई उसे सुनने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें