अपना दल ने 50 लाख रुपये मांगा मुआवजा
सोरांव में कलंदरपुर की बीडीसी सदस्य व अपना दल (एस) मंडल अध्यक्ष संतोषी देवी और उनके पति की निर्मम हत्या पर अपना दल (एस) के सदस्यों में आक्रोश है। घटना की जानकारी होने पर अपना दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष...
सोरांव में कलंदरपुर की बीडीसी सदस्य व अपना दल (एस) मंडल अध्यक्ष संतोषी देवी और उनके पति की निर्मम हत्या पर अपना दल (एस) के सदस्यों में आक्रोश है। घटना की जानकारी होने पर अपना दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष पटेल तमाम कार्यकर्ताओं के साथ इलाहाबाद पहुंचे। अपना दल ने इस घटना की निंदा की। साथ ही पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा देने व संतोषी देवी के बच्चों को बालिग होने पर नौकरी देने की मांग की है। इसके लिए मंडलायुक्त को पत्र लिखा गया। घटना की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई है। घटना की जानकारी होने पर पार्टी संयोजक और केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अनुप्रिया पटेल ने मंडलायुक्त से फोन पर बातकर घटना क्रम की जानकारी ली। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष पटेल ने इलाहाबाद आकर व्यक्तिगत अफसरों से बात की। उन्होंने फिलहाल इस पर किसी प्रकार की टिप्पणी से इंकार किया। कहा कि जांच के बाद ही सच सामने आएगा। सोरांव विधायक डॉ. जमुना प्रसाद सरोज ने पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा देने के लिए, 10 बीघा जमीन का पट्टा उनके नाम करने, बच्चों के बालिग होने पर उन्हें सरकारी नौकरी देने, सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस देने व बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी सरकार को उठाने के लिए जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया है। विधायक डॉ. सरोज ने कहा कि हत्या के कारण की जानकारी जांच के बाद ही हो सकेगी। अपना दल के प्रदेश सचिव डॉ. राजेश सिंह ने घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि नवाबगंज और सोरांव में इस प्रकार की घटना आम बात है। इसकी जांच होनी चाहिए। ऐसी निर्मम हत्या के लिए उन्होंने पुलिस प्रशासन को दोषी बताया। घटना की जांच की मांग की।